रणजी : यूपी अपने ही घर में हार के काले बादलों से घिरी, झारखंड के 561 के सामने 32 रनों के भीतर 3 विकेट खोए

0
74

 

-झारखंड के लिए शरनदीप के बाद कुमार कुशाग्र ने खेली शतकीय पारी
– नॉक आउट दौर में पहुंचना यूपी के लिए सपना बना

यूं तो क्रिकेट में चमत्कार होते रहते हैं लेकिन अपने स्टार खिलाड़ियों के बगैर खेल रही यूपी टीम को झारखंड ने फिलहाल उसके होम ग्राउंड में ही बुरी तरह घेर लिया है। रणजी ट्रॉफी 2025-26 में भी यूपी के लिए नॉक आउट दौर में पहुंचने के रास्ते लगभग बंद होते नजर आ रहे हैं। लखनऊ के अटल बिहारी बाजपेई इकाना स्टेडियम में रणजी ट्रॉफी एलीट ग्रुप ए के इस मुकाबले में दूसरा दिन भी पूरी तरह झारखंड के नाम ही रहा। मेहमानों ने 6 विकेट पर 561 रन बनाकर अपनी पहली पारी घोषित करने के बाद यूपी के 3 प्रमुख बल्लेबाजों को केवल 32 रनों में पवेलियन भेज मैच पर अपना शिकंजा कस लिया। पहली पारी की बढ़त तो छोड़िये मेजबान टीम के लिए अब अगले दो दिन हार बचाने के संघर्ष में गुजर सकते हैं।

विशाल स्कोर के सामने यूपी की बेहद खराब शुरुआत
विशाल स्कोर के दबाव में यूपी की बल्लेबाज पहली पारी में बुरी तरह लड़खड़ा गई। झारखंड के सीमर्स ने आठवें ओवर में ही सलामी बल्लेबाज माधव कौशिक (2), कप्तान आर्यन जुयाल (4) और आदित्य शर्मा (2) को सिर्फ 24 रनों पर आउट करके यूपी के खेमे में हलचल मचा दी। दूसरे दिन का खेल समाप्त होने पर सलामी बल्लेबाज अभिषेक गोस्वामी (14) और चोटिल प्रशांतवीर की जगह शामिल किए गए ऑलराउंडर शिवम शर्मा (8) रन बनाकर क्रीज पर थे, जबकि बोर्ड पर सिर्फ 32 रन ही दर्ज हुए थे। ये तीनों सफलताएं झारखंड के मीडियम पेसरों ने हासिल की। जतिन ने दो और साहिल राज ने एक विकेट लिया। यूपी अभी भी झारखंड की पहली पारी के स्कोर से 529 रनों से पिछड़ रही है।

झारखंड को मिल सकता है अपने पूल में दूसरा स्थान
इससे पहले शरनदीप सिंह के बाद कुमार कुशाग्र के शतक से झारखंड ने चाय के बाद 6 विकेट पर 561 रन बनाकर पहली पारी घोषित कर दी। इस मुकाबले में झारखंड की टीम की स्थिति काफी मजबूत है। अब शेष दो दिन यूपी के बल्लेबाजों की कठिन परीक्षा के होंगे। वैसे भी ग्रुप में तीसरे स्थान पर चल रही झारखंड की टीम यहां जीत दर्ज कर शीर्ष दो टीमों में शामिल होने का प्रयास करेगी, क्योंकि विदर्भ ने आन्ध्र प्रदेश से पहली पारी में बढ़त ले ली है और यदि झारखंड को यहां से 6 या बोनस के साथ 7 अंक मिल जाते हैं तो अपने अतिम लीग मैच से पहले वह अंक तालिका में दूसरी पोजीशन के साथ उतर सकती है।

शरनदीप और आर्यमन सेन जल्दी आउट हुए
मैच के दूसरे दिन पहले दिन के नाबाद बल्लेबाज शरनदीप सिंह (139) व आर्यमन सेन (75) को क्रमश: शिवम मावी और कुनाल त्यागी ने जल्दी गिराकर झारखंड पर दबाव बनाने की कोशिश की। इन दोनों ने दूसरे विकेट के लिए 149 रन जोड़ इस पारी की सबसे बड़ी साझेदारी की। लेकिन कुमार कुशाग्र (102) और कप्तान विराट सिंह (50) ने चौथे विकेट के लिए 111 रन जोड़कर अपनी टीम को 400 के पार पहुंचा दिया। विराट सिंह को कुनाल त्यागी ने शिवम मावी के हाथों कैच करवाकर इस साझेदारी का अंत किया। इसके बाद कुमार कुशाग्र और रॉबिन मिंज पांचवें विकेट के लिए 70 रन जोड़कर अपनी टीम को विशाल स्कोर की ओर ले गए। कुशाग्र 143 गेंदों में 13 चौकों की मदद से अपनी शतकीय पारी खेलने के बाद शिवम शर्मा के शिकार बने। चाय के ब्रेक पर जाने के समय झारखंड की टीम 5 विकेट पर 489 रन बनाकर काफी मजबूत स्थिति में पहुंच चुकी थी।

अंतिम सेशन में झारखंड ने की तेज बल्लेबाजी
चाय के बाद झारखंड के बल्लेबाजों ने टी-20 स्टाइल में विस्फोटक बल्लेबाजी की और इस दौरान सिर्फ 7.5 ओवर की गेंदबाजी में 72 रन बना डाले। यह साफ संकेत था कि मेहमान टीम की जल्दी ही पारी की घोषणा कर यूपी को बल्लेबाजी के लिए उतारना चाहती है। छठे विकेट के लिए रॉबिन मिंज (नाबाद 62) और अंकुल रॉय (43) के बीच 77 रनों की साझेदारी ने यूपी के लिए मुसीबतें और बढ़ाने का काम किया। दोनों बल्लेबाजों ने झारखंड के स्कोर को साढ़े पांच सौ के पार पहुंचा दिया।

टी ब्रेक के बाद झारखंड ने की पहली पारी की घोषणा
561 रनों के स्कोर पर अंकुल रॉय को शिवम शर्मा ने सिद्धार्थ यादव के हाथों पकड़वाकर इस साझेदारी को ब्रेक किया। इसी स्कोर पर झारखंड ने पारी की घोषणा कर दी। 66 गेंदों में अपनी तेज अर्द्धशतकीय पारी के दौरान रॉबिन मिंज ने 4 छक्के और 2 चौके भी जड़े, जबकि अंकुल ने भी सिर्फ 36 गेंदों पर 2 छक्के और 4 चौके जड़ ताबड़तोड़ 43 रन बनाए। यूपी के लिए कुनाल त्यागी और शिवम शर्मा ने दो-दो, जबकि शिवम मावी और विप्रज निगम ने एक-एक विकेट लिया।

 

 

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here