– मैच के दूसरे दिन रोमांचक मोड़ पर पहुंचा पूल ए का अंतिम लीग मुकाबला
– पूल ए से कौन सी दो टीमें नॉक आउट खेलेंगी, इसकी तस्वीर फिलहाल साफ नहीं
तेज गेंदबाज शिवम मावी के कहर ने रणजी ट्रॉफी एलीट ग्रुप ए के अंतिम लीग मुकाबले में दोनों टीमों की पहली पारी का स्कोर टाई हो गया। मावी ने 7 विकेट चटकाकर विदर्भ को यूपी के खिलाफ पहली पारी की बढ़त से रोक दिया। यदि से मेजबान टीम के लिए मुश्किलें भी पैदा हो गईं। यूपी ने दूसरी पारी में भी खराब शुरुआ की और सिर्फ 17 रनों पर अपनी सलामी जोड़ी अभिषेक गोस्वामी (0) और माधव कौशिक (9) को खो दिया लेकिन उसके बाद कप्तान आर्यन जुयाल (नाबाद 35) और आदित्य शर्मा (नाबाद 25) ने दूसरे विकेट के लिए बिना अलग हुए 58 रन जोड़ स्थिति को संभाल लिया है। स्टम्प के समय तक यूपी ने दूसरी पारी में 2 विकेट पर 75 रन बना लिए थे। यूपी के पास अब इतने ही रनों की लीड भी हो गई है।
दानिश और नचिकेत ने विदर्भ को लीड खाने से बचाया
वीसीए के जमथा स्टेडियम, नागपुर में चल रहे इस मुकाबले में यूपी ने पहली पारी में 237 रन बनाए थे, जबकि विदर्भ की पहली पारी भी 237 रनों पर खत्म हुई। शिवम मावी की गेंदबाजी के सामने मेजबान बल्लेबाजी पूरी तरह ध्वस्त हो गई। दानिश मालेवर (80) और नचिकेत भूते (63) की पारियों ने विदर्भ को पहली पारी में पिछड़ने से बचाया। शिवम मावी ने 59 रन देकर 7 खिलाड़ियों को अपना शिकार बनाया।
यूपी जीती तो उसे बड़ौदा के खिलाफ रद्द मैच बहुत सताएगा
अब इस ग्रुप में पहले दो स्थानों के लिए आन्ध्र प्रदेश, झारखंड और विदर्भ के बीच गला काट प्रतिस्पर्धा चल रही है। आन्ध्र प्रदेश 6 मैचों से 28 अंकों के साथ पहले, झारखंड 25 अंकों और बेहतर नेट रन रेट से दूसरे और विदर्भ 25 अंकों के साथ तीसरे स्थान पर है। यूपी को यदि जीत मिल जाती है तब भी उसके 23 अंक ही हो पाएंगे और उसका कोई भी फायदा नहीं होने वाला। ऐसे में बड़ौदा के खिलाफ एक भी गेंद खेले बिना बारिश में धुल जाने वाला मैच यूपी को बहुत सताएगा, क्योंकि यूपी ने उस मैच में तब ग्रुप में नीचे पड़ी बड़ौदा की टीम के खिलाफ सीधी जीत हासिल कर ली होती तो आज उसकी पूल में स्थिति बेहतर होती और आज वो ट्रॉफी की दौड़ में बनी रहती।
विदर्भ के लिए नॉक आउट दौर में पहुंचने का रास्ता संकरा हुआ
यूपी ट्रॉफी की दौड़ से पहले ही बाहर हो चुकी है लेकिन वह मेजबान टीम को हराकर उसका खेल जरूर बिगाड़ सकती है, क्योंकि झारखंड को उड़ीसा से पहली पारी की लीड लेने के लिए सिर्फ 38 रन की जरूरत है, जबकि उसके 4 विकेट बाकी हैं। यदि पहली पारी टाई होने के बाद यूपी-विदर्भ का मैच ड्रॉ हो जाता है तो दोनों टीमों को 1-1 अंक बांट दिया जाएगा, जिससे विदर्भ के 26 अंक ही हो पाएंगे। यदि दोनों पारियों में स्कोर टाई हो जाता है तो दोनों टीमों को 3-3 अंक मिलेंगे। तब विदर्भ के कुल अंक 28 हो जाएंगे। लेकिन विदर्भ जीत जाती है तो उसके 31 अंक हो जाएंगे। ऐसे में भी आन्ध्र प्रदेश और झारखंड के मैचों का क्या नतीजा निकलता है, उस पर इस पूल से नॉक आउट खेलने वाली दो टीमों का फैसला होगा और यदि विदर्भ की टीम यह मुकाबला नहीं जीत पाती है तो उसे अगले दौर का टिकट भी नहीं मिल पाएगा।










