– इंग्लैंड लॉर्ड्स क्रिकेट ग्राउंड में तीसरा मैच 22 रनों से जीत 5 टेस्ट की सीरीज में 1-2 से आगे
– जडेजा अर्द्धशतकीय पारी खेलकर नाबाद लौटे, बुमराह और सिराज ने भी लक्ष्य तक पहुंचने के लिए खूब संघर्ष किया
– एंडरसन-तेंदुलकर ट्रॉफी के लिए खेली जा रही सीरीज में का चौथा टेस्ट 23 जुलाई से मैनचेस्टर में खेला जाएगा
पहले दो टेस्ट और तीसरे मैच की पहली पारी तक दहाड़ने वाले भारतीय बल्लेबाज लॉर्ड्स टेस्ट की दूसरी पारी में खामोश हो गए। 5 टेस्ट मैचों की सीरीज के तीसरे मैच के अंतिम दिन रविन्द्र जडेजा अकेले योद्धा निकले जो अंत तक लड़े लेकिन दूसरे छोर से विकेटों की झड़ी लगने के चलते वह भारत को जीत दिलाने में सफल न हो सके। भारत लॉर्ड्स क्रिकेट ग्राउंड पर खेले गए टेस्ट के पांचवें दिन 170 रनों पर ढेर होकर इंग्लैंड से 22 रनों के करीबी अंतर से हार गया। इस जीत के साथ भारत सीरीज में 1-2 से पिछड़ गया। चौथा टेस्ट मैनचेस्टर में 23 जुलाई से खेला जाएगा।
चौथे दिन के अंतिम और पांचवें दिन के पहले सत्र ने किया काम तमाम
इंग्लैंड ने अपनी जीत की बुनियाद तो चौथे दिन अंतिम सत्र में ही रख दी थी, जब मेजबान गेंदबाजों ने 193 रनों का पीछा करने वाली भारतीय टीम के चार विकेट सिर्फ 58 रनों पर ही गिरा दिए थे। लेकिन जीत के लिए भारतीय टीम को सिर्फ 135 रन और बनाने थे और केएल राहुल, रिषभ पंत, नीतीश रेड्डी, रविन्द्र जडेजा और वाशिंगटन सुंदर जैसे बल्लेबाज बचे थे, इसलिए भारत की उम्मीदें जिंदा थीं। लेकिन पांचवें दिन की सुबह भी इंग्लैंड के नाम रही। लंच से पहले ही उसने भारत के चार विकेट और चटका जीत की पार्टी तय कर ली। इन चार विकेटों में रिषभ पंत (9), केएल राहुल (39), वाशिंगटन सुंदर (0), नीतीश रेड्डी (13) जैसे खिलाड़ी थे।
जडेजा ने 25 से 30 रन बनाने के मौके छोड़े
लंच पर स्कोर था 112 पर चार हो चुका था और इंग्लैंड के लिए सिर्फ जीत की औपचारिका ही बची थी। दूसरी ओर भारत को अभी भी जीत के लिए 81 रनों की ओर जरूरत थी, जबकि उसके पास सिर्फ जडेजा के रूप में एकमात्र विशुद्ध ऑलराउंडर ही रह गया था। जसप्रीत बुमराह और मोहम्मद सिराज ने जडेजा का खूब साथ निभाया। लेकिन इन दोनों के विकेट सुरक्षित रखने के प्रयास में जडेजा ने कम से कम 25 से 30 रन नहीं लिए। बाद में यही रन भारी पड़ गए। ओवर में सिर्फ दो गेंद बचने पर ही जडेजा स्ट्राइक रोटेट करते रहे, जिससे हर ओवर में सिर्फ एक रन ही बन पा रहा था।
किसने सोचा होगा अंतिम सत्र तक खिंचेगा मुकाबला
किसी ने भी नहीं सोचा होगा कि यह मुकाबला पांचवें दिन अंतिम सत्र तक खिंचेगा, क्योंकि भारत को जीत के लिए न तो ज्यादा रन बनाने थे और न ही इंग्लैंड को बहुत विकेट लेने थे। नौ विकेट गिरने के बाद चाय ब्रेक देर से लिया गया था। नाइट वाचमैन आकाश दीप एक दिन पहले ही आउट हो चुके थे। मैच ज्यादा से ज्यादा दूसरे सत्र तक ही चलने की संभावना थी, क्योंकि शेष छह बल्लेबाजों में पुछल्ले बल्लेबाज जसप्रीत बुमराह और मोहम्मद सिराज भी थे। रविन्द्र जडेजा को छोड़कर कोई भी दिग्गज नहीं चला, जबकि बुमराह ने जडेजा का 1 घंटा 40 मिनट (22 ओवर) तक साथ निभाया।
बुमराह ने इंग्लिश पेसरों का दिलेरी से किया सामना
बुमराह ने बेन स्टोक्स, जोफ्रा ऑर्चर, ब्रायडन कार्से और क्रिस वोक्स जैसे गेंदबाजों का दिलेरी से सामना किया, जबकि इन्हीं गेंदबाजों के सामने भारतीय सीनियर बल्लेबाज घुटने टेक गए। बुमराह ने रवींद्र जडेजा के साथ 9वें विकेट के लिए 35 रनों की साझेदारी की। अंतत: स्टोक्स की एक शॉर्ट पिच गेंद पर अपना धैर्य खो बैठे और गेंद को बाउंड्री के पार भेजने की कोशिश में वह मिड ऑन पर कैच उछाल बैठे। उन्होंने दूसरी पारी में कुल 54 गेंदें खेली और पांच रन बनाए। जडेजा (61 रन, 181 गेंदें, 1 छक्का, 4 चौके) नाबाद लौटे।
बुमराह ने यशस्वी, गिल और पंत से ज्यादा गेंदें खेलीं
जडेजा ने बुमराह (5) के साथ 132 गेंदों में 35 और सिराज (4) के साथ 80 गेंदों पर 23 रन जोड़े। इन तीनों ने भारत की जीत की उम्मीदें जगा दी थीं लेकिन शोएब बशीर की गेंद सिराज के बल्ले से लगकर विकेट पर जा लगी और भारत मुकाबला जीत के काफी नजदीक पहुंचने के बावजूद हार गया। इंग्लैंड के खिलाफ दूसरी पारी में जसप्रीत बुमराह ने यशस्वी जायसवाल (7 गेंद), शुभमन गिल (9 गेंद) और ऋषभ पंत (12 गेंद) से ज्यादा गेंदें खेली। इन तीनों बल्लेबाजों ने कुल मिलाकर दूसरी पारी में कुल 28 गेंदें खेली। ये सीनियर बल्लेबाज इंग्लैंड के गेंदबाजों के सामने फ्लॉप रहे। जायसवाल तो अपना खाता तक नहीं खोल पाए। गिल ने 6 रन बनाए। वहीं पंत के बल्ले से 9 रन निकले।
सिराज भी 12.2 ओवर तक जडेजा के साथ डटे रहे
इसके अलावा सिराज भी 12.2 ओवर तक जडेजा के साथ क्रीज पर डटे रहे। एक समय इंग्लैंड के कप्तान बेन स्टोक्स भी घबरा गए थे, जब भारत को जीत के लिए सिर्फ 23 रन और बनाने रह गए थे। लेकिन इसी समय बशीर की गेंद पर सिराज सेल्फ बोल्ड हो गए और भारत यह मुकाबला जीत के करीब पहुंच कर गंवा बैठा। दूसरी पारी में आर्चर और बेन स्टोक्स ने 3-3 विकेट लिए। इसके अलावा ब्रायडन कार्स को 2 और शोएब बशीर को विकेट मिला।










