रेनुका और शेफाली वर्मा ने दिलाई श्रीलंका पर एकतरफा जीत, भारत को सीरीज में 3-0 की अजेय बढ़त

0
53

तिरुवनंतपुरम के ग्रीनफील्ड इंटरनेशनल स्टेडियम में शुक्रवार को खेले गए मुकाबले में भारत ने श्रीलंका की महिला टीम के खिलाफ 8 विकेट से जीत हासिल कर 5 टी-20 मैचों की सीरीज में 3-0 की अजेय बढ़त ले ली। भारत की इस जीत में मीडियम पेसर रेनुका सिंह और सलामी बल्लेबाज शैफाली वर्मा का खास योगदान रहा। रेनुका ने जहां सबसे ज्यादा 4 विकेट लिए वहीं शैफाली वर्मा ने (नाबाद 79) अर्द्धशतकीय पारी खेल टीम इंडिया को आसानी से जीत तक पहुंचा दिया।

इस मुकाबले में टीम इंडिया ने टॉस जीतकर श्रीलंका को पहले बल्लेबाजी के लिए आमंत्रित किया। मेहमान टीम सलामी बल्लेबाजी हासिनी परेरा के 25, इमेशा दुलानी के 27 और काविशा दिलहारी के 20 रनों की मदद से 20 ओवर्स में 7 विकेट खोकर सिर्फ 112 रनों का स्कोर ही बना सकी। प्लेयर ऑफ द मैच चुनी गईं रेनुका सिंह ने 4 ओवर में सिर्फ 21 रन देकर 4 विकेट झटक कर श्रीलंका की पारी को सिर्फ 112 रनों से आगे नहीं बढ़ने दिया। रेनुका के अलावा दीप्ति शर्मा ने भी 18 रन देकर तीन विकेट लेते हुए मेहमान टीम की बल्लेबाजों पर अंकुश लगाए रखा। इसके बाद टीम इंडिया ने इस टारगेट को 13.2 ओवर्स में सिर्फ 2 विकेट के नुकसान पर हासिल कर लिया।

अभी तक इस टी20 सीरीज में शैफाली वर्मा का बल्ले से शानदार फॉर्म देखने को मिला है। 113 रनों के छोटे से लक्ष्य का पीछा करने उतरी भारतीय महिला टीम की तरफ से ओपनिंग में उतरी शैफाली वर्मा और स्मृति मंधाना की जोड़ी पहले विकेट के लिए 27 रनों की साझेदारी ही कर सकीं। स्मृति मंधाना सिर्फ एक रन बनाकर पवेलियन लौट गईं। वहीं इसके बाद बल्लेबाजी करने उतरी जेमिमा रोड्रिग्स ने शैफाली का साथ बखूबी दिया जिसमें दोनों के बीच दूसरे विकेट के लिए 40 रनों की साझेदारी देखने को मिली। जेमिमा 9 रन बनाकर आउट हुई।

यहां से शैफाली को कप्तान हरमनप्रीत कौर का साथ मिला और दोनों ने तीसरे विकेट के लिए न सिर्फ 48 रनों की साझेदारी की बल्कि दोनों जीत दिलाकर ही लौटीं। शैफाली का इस मैच में बल्ले से धुआंधार अंदाज देखने को मिला, जिसमें उन्होंने सिर्फ 42 गेंदों में 11 चौके और तीन छक्कों की मदद से नाबाद 79 रनों की पारी खेली तो वहीं कप्तान हरमनप्रीत कौर ने नाबाद 21 रनों की पारी देखने को मिली।

श्रीलंका के खिलाफ तीसरे टी20 मैच में शैफाली वर्मा बल्ले से एक और बड़ा कारनामा करने में कामयाब रहीं, जिसमें अब वह टी20 इंटरनेशनल में भारतीय महिला टीम की तरफ से सबसे ज्यादा रन बनाने के मामले में टीम इंडिया की दिग्गज खिलाड़ी और पूर्व कप्तान मिताली राज से आगे निकल गई हैं, जिसमें वह लिस्ट में अब चौथे नंबर पर काबिज हैं। शैफाली वर्मा अब तक 93 टी20 इंटरनेशनल मैचों में 2378 रन बना चुकी हैं।

 

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here