लखनऊ। भारतीय क्रिकेट के उभरते सितारे रिंकू सिंह और संसद की सबसे युवा सदस्य प्रिया सरोज ने अपने रिश्ते को औपचारिक रूप देते हुए सगाई कर ली है। राजधानी लखनऊ के प्रतिष्ठित फाइव-स्टार होटल ‘द सेंट्रम’ में आयोजित इस निजी समारोह में दोनों ने एक-दूसरे को अंगूठी पहनाकर अपने भावनात्मक बंधन की सार्वजनिक घोषणा की।
करीब 300 विशिष्ट मेहमानों की मौजूदगी वाले इस समारोह में राजनीति और खेल जगत की कई प्रमुख हस्तियां शामिल रहीं। समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव, सांसद जया बच्चन और वरिष्ठ नेता रामगोपाल यादव की उपस्थिति ने इस कार्यक्रम को राजनीतिक गरिमा दी।
वहीं, बीसीसीआई उपाध्यक्ष राजीव शुक्ला, पूर्व क्रिकेटर प्रवीण कुमार, पीयूष चावला, और यूपी रणजी टीम के कप्तान आर्यन जुयाल ने खेल जगत का प्रतिनिधित्व किया।
सगाई समारोह पूरी तरह भावनाओं से भरा और गरिमामय रहा। इसमें रिंकू सिंह ने क्लासिक व्हाइट सूट में सादगी और शालीनता का परिचय दिया, जबकि प्रिया सरोज गुलाबी गाउन में पारंपरिक सौंदर्य और आधुनिकता का सुंदर मेल नज़र आईं।
इस मौके पर प्रिया की आंखों से छलके खुशी के आंसू, इस रिश्ते की गहराई और उनके जुड़ाव को साफ़ बयां कर गए।प्रिया ने इस खास मौके के लिए दिल्ली के एक प्रसिद्ध डिज़ाइनर से विशेष लहंगा तैयार करवाया, उनकी अंगूठी कोलकाता से मंगवाई गई, जबकि रिंकू ने अपनी रिंग मुंबई से चुनी।
सगाई से कुछ दिन पहले रिंकू सिंह का परिवार अलीगढ़ के महुआ खेड़ा स्थित अपने नए 3.5 करोड़ रुपये के बंगले में शिफ्ट हो चुका है। प्रिया सरोज शादी के बाद यहीं रहेंगी। सूत्रों के मुताबिक, उन्होंने हाल ही में अपने परिवार के साथ इस घर का दौरा किया और रिंकू के परिजनों के साथ समय भी बिताया।










