भारतीय क्रिकेट टीम के स्टार बल्लेबाज रोहित शर्मा ने वन डे क्रिकेट में नया इतिहास रच दिया है। रोहित शर्मा वन डे के नए सिक्सर किंग बन गए हैं। रोहित पाकिस्तान के पूर्व कप्तान शाहिद अफरीदी की बादशाहत खत्म करते हुए वन डेक्रिकेट में सबसे ज्यादा छक्के जड़ने वाले बल्लेबाज बन गए हैं। रांची में साउथ अफ्रीका के खिलाफ पहले वन डे मैच में रोहित ने शाहिद अफरीदी का सबसे ज्यादा वन डे सिक्स जड़ने का रिकॉर्ड ध्वस्त किया। रोहित शर्मा के नाम अब वन डे क्रिकेट में 352 छक्के हो गए हैं। उन्होंने 277 वन डे मैचों की 269 पारियों में यह मुकाम हासिल किया। वहीं, शाहिद अफरीदी ने 398 वन डे मैचों की 369 पारियों में 351 छक्के जड़ने का कारनामा किया था। पिछले 10 साल से शाहिद अफरीदी का यह कीर्तिमान कायम था, जिसे अब रोहित शर्मा ने तोड़ दिया है।
वन डे क्रिकेट में सबसे ज्यादा छक्के जड़ने वाले बल्लेबाज
352* – रोहित शर्मा, भारत
351- शाहिद अफरीदी, पाकिस्तान
331 – क्रिस गेल, वेस्टइंडीज
270 – सनथ जयसूर्या, श्रीलंका
229 – एमएस धोनी, भारत
यही नहीं, रोहित शर्मा एक टीम के लिए 350 छक्के जड़ने वाले दुनिया के पहले बल्लेबाज बन गए हैं। रोहित ने वन डे में सभी 351 छक्के भारत के लिए लगाए हैं जबकि शाहिद अफरीदी ने वन डे में 351 छक्कों में से 349 पाकिस्तान जबकि 2 सिक्स आईसीसी के लिए लगाए थे।
एक टीम के लिए सबसे ज्यादा वन डे छक्के
352* – रोहित शर्मा, भारत
349 – शाहिद अफरीदी, पाकिस्तान
330 – क्रिस गेल, वेस्टइंडीज
268 – सनथ जयसूर्या, श्रीलंका
222 – एमएस धोनी, भारत










