-दोनों दिग्गजों ने मुकाबले को एकतरफा बनाया, भारत ने आस्ट्रेलिया को दी नौ विकेट से करारी शिकस्त
पिछले एक दशक से भी ज्यादा समय से वन डे फॉर्मेट हो या टेस्ट प्रारूप भारत की जीत रोहित शर्मा और विराट कोहली की फॉर्म से जुड़ी रही है। आस्ट्रेलिया की टेस्ट सीरीज में दोनों के बल्ले नहीं चले तो टीम को हार का सामना करना पड़ा। इंग्लैंड दौरे से पहले दोनों के संन्यास के बाद वहां भी जैसे-तैसे भारत सीरीज को ड्रॉ करवा पाया।
अब आस्ट्रेलिया में पहले वन डे में रोहित और कोहली दोनों फ्लॉप रहे तो भारत को हार का सामना करना पड़ा। दूसरे वन डे में रोहित चले तो कोहली ने शून्य का चश्मा लगाये रखा और भारत फिर हारा। लेकिन तीसरे वन डे में भारत के इन दोनों दिग्गजों ने अकेले दम आस्ट्रेलियाई टीम को बौना साबित कर मुकाबले को मजाक बनाते हुए जीत लिया। आस्ट्रेलिया तीन मैचों की इस सीरीज को क्लीन स्वीप करने का जो सपना संजाए थी व इन दोनों ने पूरा नहीं होने दिया और सीरीज का परिणाम 1-2 रहा।
जहां तक इस मुकाबले की बात की जाए तो इस मुकाबले में टीम इंडिया के गेंदबाजों और बल्लेबाजों का शानदार प्रदर्शन देखने को मिला। भारत ने लगातार 18वां टॉस हारा और आस्ट्रेलिया के कप्तान मिचेल मार्श ने पहले बल्लेबाजी करने का फैसला लियाा। लेकिन भारत की शानदार गेंदबाजी के सामने मेजबान टीम 46.4 ओवर्स में 236 रनों पर ही सिमट गई। मैथ्यु रेनशॉ ने सबसे ज्यादा 56 रन बनाए, जबकि मिचेल मार्श (41), ट्रेविस हेड (29), मैथ्यू शॉर्ट (30), एलेक्स कैरी (24) और कूपर कोनोली (23) अपने स्कोर को बड़ा शेप नहीं दे सके।
भारत के गेंदबाजों ने शानदार प्रदर्शन किया। हर्षित राणा ने 39 रन देकर 4 और वाशिंगटन सुंदर ने 44 रन देकर दो विकेट लिए। शेष 4 विकेट मोहम्मद सिराज, प्रसिद्ध कृष्णा, कुलदीप यादव और अक्षर पटेल के बीच बंटे। अभी तक अपने सलेक्शन को लेकर आलोचनाओं का शिकार बनते रहे तेज गेंदबाज हर्षित राणा ने शानदार गेंदबाजी की और 4 विकेट लेने में सफल रहे। मिचेल स्टॉर्क और जोश हेजलवुड जैसे दिग्गज गेंदबाज इस स्कोर की रक्षा नहीं कर सके।
टीम इंडिया ने 237 रनों के लक्ष्य को 38.3 ओवर्स में केवल कप्तान शुभमन गिल (24) का विकेट खोकर हासिल कर लिया। शुभमन गिल और रोहित शर्मा की सलामी जोड़ी ने शानदार शुरुआत देने के साथ पहले विकेट के लिए 69 रनों की साझेदारी की, जिसमें गिल 24 रनों बनाने के बाद जोश हेजलवुड का शिकार बने। इसके बाद रोहित शर्मा (121) के बल्ले से नाबाद शतकीय पारी देखने को मिली। उन्होंने इस मैच में काफी आराम के साथ आस्ट्रेलियाई गेंदबाजों का सामना किया। इस दौरान 125 गेंदों का सामना किया और 3 छक्के व 13 चौके लगाए।
इसके अलावा पहले 2 मैचों में खाता भी नहीं खोल पाने वाले विराट कोहली (नाबाद 74) के साथ दूसरे विकेट के लिए 168 रनों अटूट शतकीय साझेदारी कर टीम को जीत तक पहुंचाया। विराट ने 81 गेंदें खेलकर 7 चौके जड़े। उनकी पारी में वही जिम्मेदारी दिखी जो हमेशा किसी लक्ष्य का पीछा करते समय दिखती रही है। दरअसल रोहित शर्मा और विराट कोहली आज अपने पुराने रंग में दिखे। गेंद उन्हें फुटबाल की तरह नजर आई। इसी के साथ दोनों ने बीच मैदान से सलेक्टर्स और कोच को यह मैसेज भी दिया कि उनके संन्यास का फैसला कोई और नहीं बल्कि वे खुद ही करेंगे।
सिडनी के मैदान पर भारतीय टीम का वनडे में रिकॉर्ड काफी अच्छा नहीं रहा है, जिसमें वह 9 साल के लंबे अंतराल के बाद इस मैदान पर वनडे मैच जीतने में कामयाब हो सके हैं। टीम इंडिया ने इससे पहले पिछली बार साल 2016 में सिडनी क्रिकेट ग्राउंड में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ वनडे मैच में 6 विकेट से जीत हासिल की थी और उस मैच में रोहित शर्मा के बल्ले से 99 रनों की बेहतरीन पारी देखने को मिली थी। अब दोनों टीमों के बीच में इस वनडे सीरीज के खत्म होने के बाद 29 अक्टूबर से तीन मैचों की टी20 सीरीज खेली जाएगी।
रोहित शर्मा जिनकी इंटरनेशनल क्रिकेट में वापसी का सभी फैंस काफी बेसब्री से इंतजार कर रहे थे, उनका बल्ला ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ तीन मैचों की वनडे सीरीज में जमकर बोलता हुआ दिखाई दिया। रोहित पर्थ में खेले गए पहले मैच में तो कुछ खास नहीं कर पाए लेकिन इसके बाद एडिलेड वनडे में उनके बल्ले से अर्धशतकीय पारी देखने को मिली जिसके बाद सिडनी में खेले गए इस सीरीज आखिरी वनडे मैच में रोहित ने शतकीय पारी खेलने के साथ अपने आलोचकों को भी करारा जवाब दिया। रोहित ने सिडनी वनडे मैच में 121 रनों की नाबाद पारी खेली जिसके साथ ही उन्होंने कई बड़े रिकॉर्ड भी ध्वस्त कर दिए।










