आईसीसी टी20 विश्व कप 2026 में ग्रुप ए में भारत का अभियान अब पूरी रफ्तार पकड़ चुका है। नीदरलैंड पर 17 रन की जीत के साथ टीम ने लगातार चौथी सफलता दर्ज की और आठ अंकों के साथ शीर्ष स्थान पर अपनी पकड़ मजबूत कर ली। दूसरी ओर, चार मैचों में सिर्फ एक जीत हासिल करने वाली नीदरलैंड की टीम टूर्नामेंट से बाहर हो गई।
भारत ने पहले बल्लेबाजी करते हुए छह विकेट पर 193 रन बनाए। पारी की असली रफ्तार अंतिम पांच ओवरों में दिखी, जब टीम ने 75 रन जोड़कर स्कोर को 194 के चुनौतीपूर्ण लक्ष्य तक पहुंचाया।
इस आक्रामक समापन की अगुवाई शिवम दुबे ने की, जिन्होंने 31 गेंदों में छह छक्कों और चार चौकों की मदद से 66 रन ठोक दिए। यह उनके टी20 करियर की सर्वश्रेष्ठ पारियों में से एक रही।
दुबे ने हार्दिक पंड्या (21 गेंद में 30 रन, तीन छक्के) के साथ पांचवें विकेट के लिए 35 गेंदों में 76 रन की विस्फोटक साझेदारी कर भारत को मध्यक्रम के दबाव से उबारा। कप्तान सूर्यकुमार यादव ने 34 रन की सधी हुई पारी खेली, जबकि तिलक वर्मा ने 31 रन का योगदान दिया।
हालांकि अभिषेक शर्मा लगातार तीसरे मैच में शून्य पर आउट हो गए, लेकिन मध्यक्रम ने जिम्मेदारी संभाल ली। नीदरलैंड की ओर से लोगान वान बीक ने 56 रन देकर तीन विकेट लिए, जबकि आर्यन दत्त ने 19 रन देकर दो विकेट चटकाए। शुरुआती ओवरों में उन्होंने भारतीय बल्लेबाजों को बांधकर रखा, लेकिन डेथ ओवरों में गेंदबाजी बिखर गई।
194 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए नीदरलैंड की शुरुआत धीमी रही। पावर प्ले में टीम ने एक विकेट पर सिर्फ 36 रन बनाए। वरुण चक्रवर्ती ने छठे ओवर में मैक्स ओडाउड को बोल्ड कर भारत को पहली सफलता दिलाई।
माइकल लेविट (24) और कोलिन एकरमैन (23) ने कुछ अच्छे शॉट लगाए, जबकि बास डि लीडे ने 33 रन बनाए, लेकिन कोई भी पारी को लंबा नहीं खींच सका। मध्य ओवरों में वरुण चक्रवर्ती की फिरकी ने मैच का रुख तय कर दिया। उन्होंने मात्र 14 रन देकर तीन अहम विकेट झटके।
शिवम दुबे ने भी गेंद से योगदान देते हुए 35 रन पर दो विकेट हासिल किए। नोह क्रोस (12 गेंद में नाबाद 25) और जैक लियोन कैशे (16 गेंद में 26) ने सातवें विकेट के लिए 23 गेंदों में 47 रन की तेज साझेदारी कर मुकाबले को रोमांचक बनाने की कोशिश की, लेकिन टीम 176 रन पर सात विकेट तक ही पहुंच सकी।










