– यशस्वी जयसवाल के बाद रविन्द्र जडेजा भी शतक से चूके, भारत ने बनाए 587 रन
– आकाश दीप और सिराज ने इंग्लैंड का टाॅप ऑर्डर को दिए झटके
– मेजबान टीम के 3 पर 77 रन, भारत की पहली पारी से 510 रन पीछे
बर्मिंघम के एजबेस्टन में एंडरसन-तेंदुलकर ट्रॉफी के लिए खेली जा रही पांच टेस्ट मैचों की सीरीज के दूसरे मैच के दूसरे दिन कप्तान शुभमन गिल के रिकाॅर्डतोड़ दोहरे शतक (269) और छठे विकेट की साझेदारी में रविन्द्र जडेजा (89) के साथ कप्तान की 204 रनों की साझेदारी से भारत ने 587 रनों का पहाड़ सरीखा स्कोर खड़ा कर लिया। इसके बाद तेज गेंदबाज आकाश दीप और मोहम्मद सिराज ने तीन झटके देकर इंग्लैंड को बैकफुट पर ढकेल दिया।
सिर्फ 25 रनों पर मेजबान टीम का टाॅप ऑर्डर तहस-नहस हो चुका था। इसके बाद इंग्लैंड के धाकड़ बल्लेबाज जो रूट और हैरी ब्रुक ने चौथे विकेट के लिए 52 की अविजित साझेदारी कर टीम को किसी और अनहोनी से बचाए रखा। दूसरे दिन का खेल खत्म होने तक इंग्लैंड ने अपनी पहली पारी में बेन डकेट (0), ओली पोप (0) और जैक क्राउली (19) के विकेट खोकर 77 रन बना लिए थे। इंग्लैंड की टीम भारत की पहली पारी के स्कोर से 510 रन पीछे है।
भारत ने गुरुवार को पहले दो सेशन का खल शानदार बल्लेबाजी और फिर अंतिम सेशन घातक गेंदबाजी से अपने नाम किया। खासकर बल्लेबाजी में कप्तान शुभमन गिल और रविंद्र जडेजा ने इंग्लिश आक्रमण की जमकर खबर ली। गिल जब तिहरे शतक की ओर बढ़ रहे थे तभी जाॅशटंग की गेंद पर हुक करने के प्रयास में आउट हो गए। लेकिन उससे पहले गिल ने भारत की ओर से किसी विदेशी सरजमीं पर सर्वाधिक 269 रन बनाने का भारतीय रिकाॅर्ड कायम कर दिया था। शुभमन गिल अब तक तीन पारियों में 424 रन बना चुके हैं।
इंग्लैंड के लिए शोएब बशीर ने तीन, क्रिस वोक्स और जो टंग ने 2-2 विकेट लिए। इसके जवाब में इंग्लैंड की टीम की शुरुआत खराब रही। टीम ने 25 रन के अंदर ही तीन विकेट गंवा दिए। आकाशदीप ने इंग्लैंड को एक ही ओवर में डबल झटके दिए। उन्होंने बेन डकेट और ओली पोप को पवेलियन का रास्ता दिखाया। मोहम्मद सिराज ने जैक क्रॉउली को आउट किया। दूसरे दिन का खेल खत्म होने पर जो रूट (18) और हैरी ब्रूक (30) क्रीज पर मौजूद थे।
इससे पहले दूसरे दिन रविंद्र जडेजा ने 137 गेंद में 10 चौके और एक छक्के की मदद से 89 रन बनाए। उन्हें जोश टंग ने आउट किया। शुभमन गिल और जडेजा के बीच छठे विकेट के लिए 279 गेंद में 203 रन की साझेदारी हुई। शुभमन गिल ने 311 गेंदों में दोहरा शतक लगाया। वॉशिंगटन सुंदर 103 गेंद में 42 रन बनाकर पवेलियन लौटे। कप्तान शुभमन गिल 387 गेंद में 269 रन बनाकर आउट हुए। आकाश दीप ने 6 रन बनाए। शोएब बशीर ने सिराज को आउट करके भारत की पारी का अंत किया।










