टी20 वर्ल्ड कप 2026 के लिए भारतीय टीम की शनिवार को घोषणा कर दी गई। सलेक्टर्स ने सबको चौंकाते हुए उपकप्तान शुभमन गिल को आउट ऑफ फॉर्म होने की वजह से टीम से ड्रॉप कर दिया। उनकी जगह अक्षर पटेल को उपकप्तान बनाया गया है। दूसरी ओर लम्बे समय बाद विकेट कीपर बल्लेबाज ईशान किशन की टीम इंडिया में वापसी हो गई है। सलेक्टर्स ने भारतीय टीम में युवा और अनुभवी खिलाड़ियों को मौका देकर संतुलन बनाने का प्रयास किया है।
शुभमन गिल बुरी तरह से हुए फ्लॉप
शुभमन गिल को बाहर करने की मुख्य वजह उनके बल्ले से रन न निकलना बताया गया। पिछले कुछ समय से वह अच्छा प्रदर्शन नहीं कर पा रहे थे। शुभमन गिल ने साल 2025 में टी20 इंटरनेशनल क्रिकेट में लय में नहीं रहे। उन्होंने साल 2025 में टी20 इंटरनेशनल क्रिकेट के 15 मैचों में कुल 291 रन बनाए, जिसमें उनके बल्ले से एक भी अर्धशतक नहीं निकला। उनका उच्चतम स्कोर 47 रन रहा। साउथ अफ्रीका के खिलाफ भी गिल ने तीन मैच खेले और इनमें वह बुरी तरह से फ्लॉप साबित हुए। उन्होंने अफ्रीका के खिलाफ टी20 सीरीज में कुल तीन मुकाबले खेले और इसमें 32 रन बनाए। दूसरी ओर सलेक्टर्स इस बार घरेलू क्रिकेट और आईपीएल में लगातार अच्छा प्रदर्शन करने वाले ईशान किशन की अनदेखी नहीं कर पाए।
अक्षर पटेल को अच्छे खेल का इनाम
दूसरी तरफ अक्षर पटेल पिछले कुछ समय से अपने खेल से प्रभावित करने में सफल रहे हैं। वह शानदार गेंदबाजी और धाकड़ बल्लेबाजी में माहिर प्लेयर हैं। उन्होंने टीम इंडिया के लिए टी20 इंटरनेशनल क्रिकेट में साल 2015 में डेब्यू किया था। वह साल 2024 में टी20 वर्ल्ड कप का खिताब जीतने वाली भारतीय टीम का हिस्सा रहे हैं और अब तो उन्हें सेलेक्टर्स ने अच्छे खेल का इनाम देते हुए उपकप्तान बना दिया है। उन्होंने टीम इंडिया के लिए 85 ळ20क मैचों में कुल 681 रन बनाए हैं। इस दौरान उनका हाईएस्ट स्कोर 65 रन रहा है।
टी20 वर्ल्ड कप 2026 के लिए इसलिए नहीं हुआ रिजर्व प्लेयर्स का ऐलान
टी20 वर्ल्ड कप 2026 के लिए सेलेक्टर्स ने रिजर्व प्लेयर्स की घोषणा नहीं की। बीसीसीआई सचिव देवजीत सैकिया ने बताया कि इस बार क्यों रिजर्व प्लेयर्स का ऐलान नहीं किया गया है। प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान बीसीसीआई सचिव देवजीत सैकिया ने बताया कि वर्ल्ड कप के लिए स्टैंडबाय खिलाड़ी क्यों नहीं चुने गए। उन्होंने कहा कि क्योंकि यह टूर्नामेंट भारत में खेला जाएगा, इसलिए वे किसी खास स्टैंडबाय खिलाड़ी का नाम नहीं बताना चाहते हैं। भारत में टूर्नामेंट है तो जरूरत पड़ने पर किसी भी खिलाड़ी को टीम में कभी भी शामिल किया जा सकता है। विदेश में होने पर खिलाड़ियों से यहां से भेजने में काफी समय लग जाता है। इसी वजह से इस बार रिजर्व प्लेयर्स का ऐलान नहीं किया गया है।
खराब फॉर्म पर बोले सूर्यकुमार यादव
टी20 वर्ल्ड कप 2026 के लिए हुए प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान सूर्यकुमार यादव ने अपने फॉर्म को लेकर भी प्रतिक्रिया दी है। इस साल टी20 क्रिकेट में सूर्यकुमार यादव का प्रदर्शन खास नहीं रहा है। उनका औसत करीब 15 के आसपास रहा है। ऐसे में अगले साल होने वाले आईसीसी टी20 वर्ल्ड कप से पहले उनकी फॉर्म चर्चा का विषय बनी हुई है, जिसकी शुरुआत 7 फरवरी से होगी। प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान सूर्यकुमार यादव से उनसे खराब फॉर्म को लेकर सवाल पूछा गया। इसका जवाब देते हुए भारतीय टी20 कप्तान ने कहा कि मुझे पता है कि मुझे क्या करना है और मैं वह करूंगा। आप निश्चित तौर पर सूर्यकुमार बल्लेबाज को देखेंगे। मेरा ये खराब दौर थोड़ा लंबा चला है, लेकिन पहले भी कई खिलाड़ी खराब फॉर्म से वापसी कर चुके हैं।
साल 2025 में टी20 इंटरनेशनल में कैसा रहा है सूर्यकुमार यादव का फॉर्म
टी20 इंटरनेशनल में भारत के लिए सूर्यकुमार का प्रदर्शन इस साल भले ही उतना अच्छा नहीं रहा हो। आईपीएल में उन्होंने मुंबई इंडियंस के लिए इस साल 16 पारियों में 717 रन बनाए हैं। वहीं भारत की तरफ से खेलते हुए 2025 में टी20 इंटरनेशनल मैचों में उनका बल्ला पूरी तरह से खामोश रहा है। उन्होंने 19 पारियों में 13.62 की औसत से सिर्फ 218 रन बनाए हैं और एक भी अर्धशतक नहीं लगाया है।
टी20 वर्ल्ड कप 2026 के लिए भारतीय टीम :
सूर्यकुमार यादव (कप्तान), अभिषेक शर्मा, संजू सैमसन (विकेटकीपर), तिलक वर्मा, हार्दिक पांड्या, शिवम दुबे, अक्षर पटेल (उपकप्तान), जसप्रीत बुमराह, हर्षित राणा, अर्शदीप सिंह, कुलदीप यादव, वरुण चक्रवर्ती, वाशिंगटन सुंदर, ईशान किशन।










