-इंग्लैंड के लिए जो रूट और जैकब बैथल ने किया शतकीय योगदान, जोफ्रा आर्चर ने 4 विकेट लिए
-इंग्लैंड के 342 रनों के जवाब में दक्षिण अफ्रीका की टीम सिर्फ 72 रनों पर सिमटी
जो रूट और जैकब बेथेल के शतक से इंग्लैंड ने तीसरे वनडे मैच में दक्षिण अफ्रीका को 342 रनों से करारी शिकस्त देकर रनों के हिसाब से वनडे क्रिकेट इतिहास की सबसे बड़ी जीत दर्ज की। हालांकि इस शर्मनाक हार के बावजूद दक्षिण अफ्रीका की टीम सीरीज को 2-1 से अपने नाम करने में सफल रही। विशाल अंतर से मिली इस जीत के साथ ही इंग्लैंड ने वनडे में टीम इंडिया का वर्ल्ड रिकॉर्ड तोड़ दिया। वनडे में रनों के हिसाब से सबसे बड़ी जीत का रिकॉर्ड इससे पहले टीम इंडिया के नाम था, जिसने 2023 में श्रीलंका को 317 रनों से हराया था।
टॉस हारने के बाद पहले बल्लेबाजी करने उतरी इंग्लैंड टीम की शुरुआत अच्छी रही। पहले विकेट के लिए जैमी स्मिथ और बेन डकेट के बीच 59 रन की पार्टनरशिप हुई। स्मिथ 48 गेंदों पर 62 रन और बेन डकेट 33 गेंदों पर 31 रन बनाकर आउट हुए। इसके बाद जो रूट और जैकब बेथेल ने मोर्चा संभाला। तीसरे विकेट के लिए 144 गेंदों पर 182 रनों की साझेदारी की। दोनों ही बल्लेबाज इस मैच में शतक पूरा करने में कामयाब रहे। रूट ने 96 गेंदों पर 100 तो वहीं बेथेल ने 82 गेंदों पर 110 रनों की पारी खेली। अंत के ओवर में जोस बटलर ने 32 गेंदों पर 62 रन बनाए तो वहीं विल जैक्स ने 8 गेंदों पर 19 रन बनाए। इंग्लैंड की टीम 50 ओवर बैटिंग करने के बाद 5 विकेट के नुकसान पर 414 रन बनाने में कामयाब रही।
415 रन के टारगेट को हासिल करने उतरी दक्षिण अफ्रीकी टीम केवल 72 रमन बनाकर आउट हो गई। इस मैच में दक्षिण अफ्रीका के सिर्फ तीन बल्लेबाज डबल डिजिट स्कोर तक पहुंच पाए। टीम के लिए सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज कोर्बिन बॉश रहे, उन्होंने 32 गेंदों पर 20 रनों की पारी खेली। अफ्रीकी टीम 72 रन बनाकर आउट हो गई। यह वनडे में उनका दूसरा सबसे लोएस्ट स्कोर है।
दक्षिण अफ्रीका की शुरुआत बेहद खराब रही। पहले ओवर की तीसरी गेंद पर टीम को पहला झटका लगा, जब एडन मार्करम बिना खाता खोले आउट हो गए। अगले ही ओवर में वियान मुल्डर भी बिना खाता खोले पवेलियन लौट गए। देखते ही देखते 18 के स्कोर पर आधी अफ्रीकी टीम पवेलियन लौट चुकी थी। 24 के स्कोर पर ही टीम को छठा झटका लगा, जब डेवाल्ड ब्रेविस 12 गेंदों पर 6 रन बनाकर आउट हो गए। इंग्लैंड की तरफ से जोफ्रा आर्चर ने सबसे ज्यादा 4 विकेट लिए। वहीं आदिल रशीद ने 3 विकेट चटकाए।










