लखनऊ। लखनऊ हॉस्टल ने आगरा मण्डल को एकतरफा मुकाबले में 6-0 से हराकर पद्मश्री मोहम्मद शाहिद हॉकी स्टेडियम, लखनऊ में आयोजित प्रदेश स्तरीय जूनियर बालक हॉकी प्रतियोगिता 2025-26 में शानदार आगाज किया। शुक्रवार को पहले दिन हॉस्टल की टीम ने पूरे मैच में दबदबा बनाए रखा और इस दौरान न सिर्फ एक पेनल्टी कॉर्नर गोल में तब्दील किया बल्कि 5 फील्ड गोल भी कर विपक्षी टीम को बेदम कर दिया। बता दें कि यह प्रतियोगिता भारत रत्न श्री अटल बिहारी वाजपेयी जी के जन्मशताब्दी वर्ष के उपलक्ष्य खेल निदेशालय उत्तर प्रदेश एवं उत्तर प्रदेश हॉकी संघ के संयुक्त तत्वावधान में 26 से 31 दिसम्बर तक तक चलेगी।
कभी भी संघर्ष में नहीं नजर आई आगरा मण्डल
हॉस्टल के लिए पहले ही मिनट में शाहरुख ने शानदार स्टिक वर्क का प्रदर्शन करते हुए फील्ड गोल करके खाता खोला। इसके बाद चौथे और नौवें मिनट में प्रहलाद और राघवेन्द्र ने दो फील्ड गोल कर बढ़त को 3-0 पहुंचाया। 15वें मिनट में अजय के गोल से स्कोर 4-0 हुआ। इसके बाद मिले पेनाल्टी कॉर्नर को गोल में तब्दील कर आतिफ ने 49वें मिनट में टीम की बढ़त को 5-0 पहुंचाया। छठा व अंतिम गोल 59वें मिनट में राघवेन्द्र की स्टिक से आया। लखनऊ हॉस्टल के सामने आगरा मण्डल की टीम काफी कमजोर नजर आई। मैच के दौरान यह टीम कभी भी संघर्ष में नहीं दिखी।
वाराणसी व प्रयागराज मण्डल ड्रॉ खेले
एक अन्य मुकाबले में वाराणसी मण्डल व प्रयागराज मण्डल के बीच रोमांचक संघर्ष के बाद मुकाबला 1-1 की बराबरी पर रहा। वाराणसी ने 14वें मिनट में पेनल्टी कॉर्नर पर मोनू गोउंड के गोल से बढ़त बनाई, जिसे प्रयागराज ने 30वें मिनट में पेनल्टी कॉर्नर पर अनिल कुशवाहा के गोल से बराबरी पर ला दिया। दोनों टीमों ने मैच के अंतिम क्षणों तक संघर्षपूर्ण खेल का प्रदर्शन किया।
कानपुर व बरेली मण्डल के बीच मुकाबला संघर्षपूर्ण ड्रॉ
कानपुर मण्डल व बरेली मण्डल का मुकाबला भी 1-1 की बराबरी पर समाप्त हुआ। दोनों टीमों के बीच कड़ा संघर्ष देखने को मिला। बरेली ने नौंवे मिनट में विकी बोहरा के गोल से बढ़त जुटा ली थी। इस बढ़त को खत्म करने के लिए कानपुर ने जी तोड़ कोशिश की। इसके परिणामस्वरूप 50वें मिनट में बने एक मौके को सोनू यादव ने भुनाते हुए कानपुर के लिए बराबरी का गोल दाग दिया। इसके बाद दोनों टीमें विजयी गोल के लिए एक दूसरे के खिलाफ मूव बनाती रहीं लेकिन सफलता नहीं मिली।
प्रतिभाओं को राष्ट्रीय स्तर पर ले जाएगी यह प्रतियोगिता : आरपी सिंह
इससे पहले उद्घाटन समारोह के मुख्य अतिथि निदेशक खेल एवं अध्यक्ष उत्तर प्रदेश हॉकी डॉ. आर.पी. सिंह ने कहा कि हॉकी प्रतिभाओं को निखारने एवं राष्ट्रीय स्तर पर अवसर उपलब्ध कराने के उद्देश्य से इस प्रतियोगिता का आयोजन प्रदेश के लिए महत्वपूर्ण साबित होगा। इस अवसर पर महासचिव उत्तर प्रदेश हॉकी श्री रजनीश मिश्रा तथा ओलंपिक कांस्य पदक विजेता श्री ललित उपाध्याय विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित थे। साथ में उप क्रीड़ा अधिकारी रंजीत राज एवं अरविंद कुशवाहा एवं सहायक प्रशिक्षक श्री निशित दीक्षित भी उपस्थित रहे।
पहले दिन खेले गए मैचों के परिणाम इस प्रकार रहे-
– लखनऊ हॉस्टल ने आगरा मंडल से 6-0 से पराजित किया टीम ने पेनल्टी कॉर्नर एवं फील्ड गोल के माध्यम से लगातार बढ़त बनाए रखी।
– स्पोर्ट्स कॉलेज लखनऊ ने मेरठ मण्डल को 7-0 से पराजित किया।
– स्पोर्ट्स हॉस्टल वाराणसी ने अलीगढ़ मण्डल पर 2-0 से जीत दर्ज की।
-बस्ती मण्डल ने आज़मगढ़ मण्डल को 4-0 से हराया।
-लखनऊ मण्डल ने देवीपाटन मण्डल को 5-0 से परास्त किया।
-स्पोर्ट्स हॉस्टल झाँसी ने अयोध्या मण्डल को 6-1 से मात दी।










