टी20 वर्ल्ड कप 2026: नेपाल की जीत के साथ विदाई, स्कॉटलैंड की 7 विकेट से हार

0
36
ICC via Getty Images

नेपाल ने टी20 वर्ल्ड कप 2026 के ग्रुप स्टेज के अपने आखिरी मैच में स्कॉटलैंड को 7 विकेट से हराकर टूर्नामेंट में अपने अभियान का शानदार समापन किया।

दोनों टीमें पहले ही खिताबी दौड़ से बाहर हो चुकी थीं, लेकिन इस मुकाबले में नेपाल ने जीत के लिए जोरदार प्रदर्शन कर लंबे समय से जारी हार के सिलसिले को तोड़ दिया और सम्मान की लड़ाई जीत ली। वानखेड़े स्टेडियम में पहले बल्लेबाजी करने उतरी स्कॉटलैंड ने 7 विकेट खोकर 170 रन बनाए।

सलामी जोड़ी जॉर्ज मुन्से और माइकल जोन्स ने पहले 10 ओवरों में ही टीम को 80 रन की मजबूत शुरुआत दी। मुन्से 29 गेंद में 4 चौकों की मदद से 27 रन बनाकर पवेलियन लौटे, जबकि जोन्स ने ब्रैंडन मैकमुलेन के साथ दूसरे विकेट के लिए 52 रन जोड़े और 45 गेंदों में 3 छक्के व 8 चौकों की मदद से 71 रन बनाए।

स्कॉटलैंड की ओर से मैकमुलेन ने 25 और मार्क वाट ने 10 रन जोड़े। नेपाल की गेंदबाजी में सोमपाल कामी ने सबसे अधिक 3 विकेट लिए, नंदन यादव ने 2 विकेट लिए और रोहित पौडेल व कुशल भुर्तेल ने एक-एक विकेट हासिल किए।

जवाब में नेपाल ने 19.2 ओवर में लक्ष्य हासिल कर जीत का परचम लहराया। कुशल भुर्तेल और आसिफ शेख ने 9.1 ओवरों में 74 रन की साझेदारी कर मैच को नेपाल के पक्ष में मोड़ दिया। कुशल भुर्तेल 35 गेंदों में 4 छक्के और 1 चौके की मदद से 43 रन बनाकर आउट हुए, जबकि आसिफ शेख ने 27 गेंदों में 2 छक्कों के साथ 33 रन की पारी खेली।

टीम शुरुआती झटकों का सामना कर 98 रन पर 3 विकेट गंवा चुकी थी, लेकिन गुलशन झा और दीपेंद्र सिंह ने चौथे विकेट के लिए 36 गेंदों में 73 रन की शानदार साझेदारी कर मैच का रुख बदल दिया।

दीपेंद्र सिंह ने 23 गेंदों में 3 छक्के और 4 चौकों की मदद से नाबाद 50 रन बनाकर टीम को जीत दिलाई, जबकि गुलशन झा 17 गेंद में नाबाद 24 रन बनाकर टीम को सुरक्षित हाथों में जीत दिलाने में मदद की। स्कॉटलैंड की तरफ से माइकल लीस्क ने 3 विकेट लिए।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here