पाकिस्तान ने टी20 वर्ल्ड कप 2026 में जोरदार प्रदर्शन करते हुए नामीबिया को 102 रन से रौंद दिया और सुपर-8 में दमदार एंट्री की। पहले बल्लेबाजों ने 199 रन का पहाड़ खड़ा किया, फिर गेंदबाजों ने विरोधी टीम को 100 के भीतर समेटकर जीत को एकतरफा बना दिया।
अब पाकिस्तान की नजरें सुपर-8 के बड़े मुकाबलों पर हैं, जहां 21 फरवरी को न्यूजीलैंड और 24 फरवरी को इंग्लैंड से भिड़ंत होगी, जबकि अंतिम मैच श्रीलंका के खिलाफ खेला जाएगा।
सिंहली स्पोर्ट्स क्लब में टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी पाकिस्तान की शुरुआत सधी हुई रही। सलामी बल्लेबाज साहिबजादा फहरान ने पारी की कमान संभाली और आक्रामक अंदाज में नाबाद शतक जड़ दिया। उन्होंने 58 गेंदों में 11 चौकों और 4 छक्कों की मदद से शतकीय पारी खेली।
फहरान ने सईम अयूब के साथ पहले विकेट के लिए 40 रन जोड़े। इसके बाद कप्तान सलमान आगा के साथ 42 गेंदों में 67 रन की साझेदारी कर टीम को मजबूत स्थिति में पहुंचाया। 118 रन पर तीसरा विकेट गिरने के बाद भी पाकिस्तान की रफ्तार नहीं थमी।
शादाब खान के साथ फहरान ने चौथे विकेट के लिए केवल 40 गेंदों में 81 रन की अटूट साझेदारी की। आगा ने 38 रन बनाए, जबकि शादाब ने 22 गेंदों में नाबाद 36 रन की तेज पारी खेली। पाकिस्तान ने 3 विकेट पर 199 रन का विशाल स्कोर खड़ा किया।
200 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी नामीबिया की टीम शुरुआत से ही दबाव में दिखी। नियमित अंतराल पर विकेट गिरते रहे और पूरी टीम 17.3 ओवर में 97 रन पर सिमट गई। लौरेन स्टीनकैंप ने 23 और अलेक्जेंडर वोल्शेंक ने 20 रन बनाए, लेकिन बाकी बल्लेबाज दहाई का आंकड़ा भी पार नहीं कर सके।
पाकिस्तान की गेंदबाजी धारदार रही। उस्मान तारिक ने 3.3 ओवर में 16 रन देकर 4 विकेट झटके। शादाब खान ने 3 विकेट हासिल किए, जबकि सलमान मिर्जा और मोहम्मद नवाज को 1-1 सफलता मिली। गेंदबाजों की सटीक लाइन-लेंथ और आक्रामक रणनीति ने नामीबिया को पूरी तरह बैकफुट पर ला दिया।
इस जीत के साथ ही सुपर-8 की सभी टीमें तय हो गईं। पहले ग्रुप से भारत, जिम्बाब्वे, दक्षिण अफ्रीका और वेस्टइंडीज आगे बढ़े हैं, जबकि दूसरे ग्रुप से न्यूजीलैंड, इंग्लैंड, श्रीलंका और पाकिस्तान ने जगह बनाई है। अब टूर्नामेंट का असली रोमांच सुपर-8 चरण में देखने को मिलेगा।










