टी20 वर्ल्ड कप : ब्रूक का धमाकेदार शतक, इंग्लैंड ने पाकिस्तान को 2 विकेट से हराया

0
27
Getty Images

टी20 वर्ल्ड कप के सुपर-8 चरण में रोमांच अपने चरम पर रहा, जहां इंग्लैंड ने आखिरी ओवर में पाकिस्तान को 2 विकेट से हराकर लगातार तीसरी जीत दर्ज की। कप्तान हैरी ब्रूक की कप्तानी पारी ने मैच का रुख पलट दिया और 165 रनों के लक्ष्य को इंग्लैंड ने 19.1 ओवर में हासिल कर सेमीफाइनल की ओर मजबूत कदम बढ़ा दिए।

इंग्लैंड की शुरुआत बेहद खराब रही। पहली ही गेंद पर फिल साल्ट शून्य पर आउट हो गए। जोस बटलर भी केवल 2 रन बनाकर शाहीन अफरीदी का शिकार बने। जैकब बेथेल (8) और टॉम बैंटन (2) भी सस्ते में लौट गए, जिससे टीम दबाव में आ गई।

ऐसे मुश्किल समय में कप्तान हैरी ब्रूक ने जिम्मेदारी संभाली। उन्होंने सैम करन के साथ पांचवें विकेट के लिए 45 रन जोड़े और पारी को संभाला। करन 16 रन बनाकर आउट हुए, लेकिन ब्रूक डटे रहे।

उन्होंने केवल 50 गेंदों में अपना पहला टी20 अंतरराष्ट्रीय शतक पूरा किया और 51 गेंदों पर 100 रन बनाए। उनकी पारी में 10 चौके और 4 छक्के शामिल रहे। विल जैक्स ने भी 23 गेंदों पर 28 रन बनाकर अहम योगदान दिया।

19वें ओवर में मोहम्मद नवाज ने विल जैक्स और जेमी ओवरटन को आउट कर मुकाबले में रोमांच बढ़ा दिया। हालांकि, 20वें ओवर की पहली ही गेंद पर जोफ्रा आर्चर ने चौका जड़कर इंग्लैंड को यादगार जीत दिला दी।

इससे पहले पाकिस्तान ने टॉस जीतकर 164 रन बनाए थे। साहिबजादा फरहान ने 45 गेंदों पर 63 रनों की शानदार पारी खेली। फखर जमान ने 25 और बाबर आजम ने 25 रन जोड़े। अंत में शादाब खान ने 11 गेंदों में 23 रन बनाकर टीम को प्रतिस्पर्धी स्कोर तक पहुंचाया।

इंग्लैंड की ओर से लियाम डॉसन ने किफायती गेंदबाजी करते हुए 4 ओवर में 24 रन देकर 3 विकेट लिए। जोफ्रा आर्चर और जेमी ओवरटन ने 2-2 विकेट चटकाए।

इस जीत के साथ इंग्लैंड ने सुपर-8 में लगातार दूसरी जीत दर्ज कर सेमीफाइनल की दावेदारी मजबूत कर ली है। वहीं पाकिस्तान के लिए अब आगे की राह बेहद कठिन हो गई है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here