टी-20 विश्व कप के फाइनल में भारतीय क्रिकेट टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए न्यूजीलैंड को 96 रनों से हराकर खिताब अपने नाम कर लिया।
अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेले गए इस मुकाबले में भारत ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 255 रन का विशाल स्कोर खड़ा किया और फिर गेंदबाजों की सटीक गेंदबाजी से कीवी टीम को मुकाबले में वापसी का कोई मौका नहीं दिया।
मैच खत्म होते ही स्टेडियम में मौजूद हजारों दर्शक खुशी से झूम उठे और पूरा माहौल “इंडिया-इंडिया” के नारों से गूंजने लगा। रोहित शर्मा और महेंद्र सिंह धोनी की मौजूदगी में कप्तान सूर्यकुमार यादव ने ट्रॉफी उठाई, जिसके साथ ही स्टेडियम आतिशबाजी और जश्न की रोशनी से जगमगा उठा।
इस जीत के साथ भारत ने तीसरी बार टी-20 विश्व कप की ट्रॉफी अपने नाम कर ली। इसके साथ ही टीम इंडिया ने इस मामले में इंग्लैंड और वेस्टइंडीज की बराबरी कर ली। मैच के दौरान भारतीय खिलाड़ियों का प्रदर्शन हर विभाग में शानदार रहा और टीम ने एकतरफा अंदाज में खिताब पर कब्जा जमाया।
भारतीय पारी की अगुवाई संजू सैमसन ने की, जिन्होंने 89 रनों की शानदार पारी खेलकर फाइनल में नया रिकॉर्ड बना दिया। सैमसन ने टी-20 विश्व कप फाइनल में सबसे ज्यादा रन बनाने का रिकॉर्ड अपने नाम किया और वेस्टइंडीज के मार्लोन सैमुअल्स के रिकॉर्ड को पीछे छोड़ दिया।
उनकी आक्रामक बल्लेबाजी ने टीम को बड़े स्कोर तक पहुंचाने में अहम भूमिका निभाई। इससे पहले सलामी बल्लेबाज अभिषेक शर्मा और ईशान किशन ने भारत को तेज शुरुआत दिलाई।
दोनों ने अर्धशतक जड़ते हुए टीम को मजबूत स्थिति में पहुंचाया। अभिषेक शर्मा ने 52 और ईशान किशन ने 54 रन बनाए। मध्यक्रम में संजू सैमसन की दमदार पारी के बाद शिवम दुबे ने अंतिम ओवरों में तेज बल्लेबाजी करते हुए सिर्फ आठ गेंदों में 26 रन जोड़ दिए, जिससे भारत का स्कोर 255 तक पहुंच गया।
256 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी न्यूजीलैंड की टीम शुरुआत से ही दबाव में दिखाई दी। भारतीय गेंदबाजों ने लगातार विकेट लेकर कीवी बल्लेबाजी को संभलने का मौका नहीं दिया। तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह ने शानदार गेंदबाजी करते हुए मिचेल सेंटनर, मैट हेनरी और जिमी नीशम जैसे अहम विकेट झटके और न्यूजीलैंड के मध्यक्रम को झटका दिया।
स्पिन गेंदबाज अक्षर पटेल ने भी शानदार प्रदर्शन करते हुए तीन विकेट अपने नाम किए और विपक्षी टीम की उम्मीदों पर पानी फेर दिया। वहीं हार्दिक पंड्या ने दो विकेट लेकर जीत की राह और आसान कर दी। वरुण चक्रवर्ती ने भी एक विकेट हासिल कर टीम के प्रदर्शन में योगदान दिया।
न्यूजीलैंड की ओर से टिम साइफर्ट ने 52 रन बनाकर कुछ देर तक संघर्ष जरूर किया, जबकि कप्तान मिचेल सेंटनर ने 43 रनों की पारी खेली। हालांकि भारतीय गेंदबाजों की सटीक गेंदबाजी और लगातार बढ़ते रन दबाव के चलते कीवी टीम लक्ष्य से काफी दूर रह गई।










