टी20 विश्व कप : भारत की पहली हार, दक्षिण अफ्रीका ने सुपर आठ में रोका विजय रथ

0
23
Getty Images

दक्षिण अफ्रीका ने आईसीसी टी20 विश्व कप सुपर आठ के मुकाबले में दमदार ऑलराउंड प्रदर्शन करते हुए भारत के विजय अभियान पर जोरदार ब्रेक लगा दिया।

डेविड मिलर की विस्फोटक अर्धशतकीय पारी और मार्को यानसेन की अगुआई में गेंदबाजों की धारदार गेंदबाजी के दम पर प्रोटियाज टीम ने भारत को 76 रन से हराकर टूर्नामेंट में उसकी पहली हार थमा दी।

पिछले टी20 विश्व कप (2024) में वेस्टइंडीज और अमेरिका की मेजबानी में भारत ने बिना कोई मैच गंवाए खिताब जीता था, लेकिन मौजूदा संस्करण में उसे पहली बार हार का सामना करना पड़ा। रनों के लिहाज से यह भारत की दूसरी सबसे बड़ी पराजय भी रही।

दक्षिण अफ्रीका ने पहले बल्लेबाजी करते हुए शुरुआती झटकों के बावजूद सात विकेट पर 187 रन का मजबूत स्कोर खड़ा किया। टीम ने 20 रन पर तीन विकेट गंवा दिए थे,

लेकिन इसके बाद डेविड मिलर (63 रन, 35 गेंद) और डेवाल्ड ब्रेविस (45 रन, 29 गेंद) ने चौथे विकेट के लिए 51 गेंदों में 97 रन जोड़कर मैच की दिशा बदल दी। मिलर ने अपनी पारी में तीन छक्के और सात चौके लगाए, जबकि ब्रेविस ने तीन छक्के और तीन चौके जड़े।

ट्रिस्टन स्टब्स ने अंत में 24 गेंदों पर नाबाद 44 रन बनाकर टीम को मजबूत स्थिति में पहुंचाया। भारत की ओर से जसप्रीत बुमराह ने 15 रन देकर तीन विकेट लिए और अर्शदीप सिंह ने दो सफलताएं हासिल कीं, लेकिन अन्य गेंदबाज महंगे साबित हुए। वरुण चक्रवर्ती ने चार ओवर में 47 रन दिए, जबकि हार्दिक पंड्या ने 45 रन खर्च किए।

188 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए भारतीय टीम की शुरुआत बेहद खराब रही। पांच रन के भीतर इशान किशन और तिलक वर्मा पवेलियन लौट गए। पावर प्ले में भारत ने तीन विकेट पर सिर्फ 31 रन बनाए।

अभिषेक शर्मा (15), वाशिंगटन सुंदर (11) और कप्तान सूर्यकुमार यादव भी बड़ी पारी नहीं खेल सके। 51 रन तक भारत के पांच विकेट गिर चुके थे और टीम दबाव में आ गई थी। हार्दिक पंड्या और शिवम दुबे ने साझेदारी की कोशिश की, लेकिन रन गति लगातार बढ़ती रही।

यानसेन (4/22), केशव महाराज (3/24) और कोर्बिन बॉश (2/12) की सटीक गेंदबाजी के सामने भारतीय बल्लेबाजी पूरी तरह बिखर गई। शिवम दुबे (42 रन) अकेले ऐसे बल्लेबाज रहे जो 20 रन के पार पहुंच सके। पूरी टीम 18.5 ओवर में 111 रन पर सिमट गई।

दक्षिण अफ्रीका के कप्तान एडेन मार्करम का टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला सही साबित हुआ। शुरुआती झटकों के बाद मिलर और ब्रेविस की आक्रामक साझेदारी ने भारत को मैच से बाहर कर दिया, जबकि अंत में स्टब्स की तेज पारी ने स्कोर को चुनौतीपूर्ण बना दिया।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here