टी20 वर्ल्ड कप में पाकिस्तान ने दबाव भरे मुकाबले में धैर्य और अनुभव का परिचय देते हुए नीदरलैंड को 3 विकेट से हराकर अपने अभियान की जीत के साथ शुरुआत की। लो-स्कोर मुकाबले में एक समय लड़खड़ाती दिख रही पाकिस्तानी पारी को अंत में फहीम अशरफ और शाहीन अफरीदी की साहसिक साझेदारी ने पार लगाया।
टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी नीदरलैंड की टीम 19.5 ओवर में 147 रन पर सिमट गई। सलामी बल्लेबाज माइकल लेविट और मैक्स ओ’डॉउड ने तेज शुरुआत करते हुए पहले 3.1 ओवर में 28 रन जोड़े, लेकिन 31 रन तक दोनों पवेलियन लौट गए। ओ’डॉउड ने 5 जबकि लेविट ने 24 रन बनाए।
इसके बाद बास डी लीडे और कॉलिन एकरमैन ने तीसरे विकेट के लिए 22 गेंदों में 34 रन जोड़कर पारी को संभालने की कोशिश की। एकरमैन 20 रन बनाकर आउट हुए। डी लीडे ने कप्तान स्कॉट एडवर्ड्स के साथ चौथे विकेट के लिए 40 रनों की साझेदारी कर टीम को 100 के पार पहुंचाया।
कप्तान एडवर्ड्स ने सर्वाधिक 37 रन बनाए, जबकि डी लीडे 30 रन बनाकर आउट हुए। पाकिस्तान की ओर से सलमान मिर्जा ने 3 विकेट झटके, वहीं मोहम्मद नवाज, अबरार अहमद और सईम अयूब को 2-2 सफलता मिली। शाहीन अफरीदी ने 1 विकेट लिया।
148 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी पाकिस्तान की शुरुआत भी लड़खड़ाई। सईम अयूब 24 रन बनाकर 27 के स्कोर पर आउट हुए, जबकि कप्तान सलमान आगा 12 रन बनाकर पवेलियन लौटे। 53 रन तक दो विकेट गिरने के बाद साहिबजादा फरहान और बाबर आजम ने तीसरे विकेट के लिए 38 गेंदों में 45 रन जोड़कर पारी को संभाला।
फरहान ने 47 रनों की अहम पारी खेली, लेकिन उनके आउट होते ही विकेटों का पतन शुरू हो गया और पाकिस्तान ने 114 रन तक सात विकेट गंवा दिए। मुकाबला पूरी तरह नीदरलैंड के पक्ष में जाता दिख रहा था।
ऐसे में अंतिम ओवरों में फहीम अशरफ और शाहीन अफरीदी ने मोर्चा संभाला। दोनों ने 20 गेंदों में 34 रनों की नाबाद साझेदारी कर पाकिस्तान को रोमांचक जीत दिलाई। फहीम अशरफ 29 रन बनाकर नाबाद रहे, जबकि शाहीन अफरीदी ने 5 रन जोड़े।
पाकिस्तान को अंतिम दो ओवरों में 29 रनों की जरूरत थी। 18.2 ओवर में फहीम अशरफ को मिला जीवनदान नीदरलैंड को भारी पड़ा, जिसे उन्होंने जीत में बदल दिया।
नीदरलैंड की ओर से आर्यन दत्त और पॉल वैन मीकेरेन ने 2-2 विकेट लिए, जबकि लोगान वैन बीक, काइल क्लेन और रोएलोफ वैन डेर मेर्वे को 1-1 सफलता मिली।










