भारत और इंग्लैंड के बीच पांच टेस्ट मैचों की सीरीज का पहला मुकाबला लीड्स में 20 जून से शुरू होने जा रहा है। लेकिन टीम इंडिया के ड्रेसिंग रूम से एक परेशान करने वाली खबर आ रही है। खबर है कि अभ्यास सत्र के दौरान उसके धाकड़ बल्लेबाज करुण नायर चोटिल हो गए हैं। उनको अभ्यास सत्र के दौरान तेज गेंदबाज प्रसिद्ध कृष्णा की एक गेंद पेट में जा लगी। इसके बाद वह काफी असहज नजर आए। हालांकि फिर भी वह थोड़ी देर नेट्स पर रहे लेकिन फिर उन्हें फीजियो के साथ देखा गया। यदि नायर पहला टेस्ट नहीं खेल पाते हैं तो साईं सुदर्शन को टेस्ट डेब्यू का मौका मिल सकता है।
नायर की चोट कितनी गंभीर?
फिलहाल यह तो पता नहीं चल सका है कि नायर की चोट कितनी गंभीर है लेकिन यदि वह कल मैच से पहले पूरी तरह से फिट नहीं पाए जाते हैं तो आठ साल बाद टेस्ट में वापसी का उनका इंतजार और लम्बा खिंच सकता है। इस बीच दोनों टीमों ने पहले टेस्ट मैच के लिए अपनी तैयारी को परख लिया है। इंग्लैंड ने बुधवार को ही पहले टेस्ट में खेलने वाली अपनी अंतिम एकादश का ऐलान कर दिया था। माना जा रहा है कि भारत करुण नायर की फिटनेस देखने के बाद ही अपनी टीम की घोषणा करेगा।
साढ़े तीन बजे से डाली जाएगी पहली गेंद
भारत बनाम इंग्लैंड पहला टेस्ट मैच भारतीय समय अनुसार दोपहर बाद साढ़े तीन बजे से शुरू होगा। इससे आधे घंटे पहले यानी तीन बजे टॉस होगा। हालांकि टॉस तो पहले ही दिन होगा। इसके बाद चार दिन तक सीधे साढ़े तीन बजे मैच शुरू हो जाएगा। साढ़े तीन बजे से शुरू होने वाला पहला सेशन साढ़े पांच बजे तक चलेगा, जो कि दो घंटे का होगा। इसके बाद लंच ब्रेक हो जाएगा।
रात साढ़े 10 बजे तक चलेगा खेल
इसके बाद शाम को छह बजकर दस मिनट से फिर से मैच शुरू हो जाएगा। जो रात करीब आठ बजकर दस मिनट तक चलेगा। आठ बजकर दस मिनट से लेकर आठ बजकर 30 मिनट तक ब्रेक होगा, ये टीब्रेक है। इसके बाद साढ़े आठ बजे से आखिरी सेशन शुरू होगा, जो रात करीब साढ़े 10 बजे तक चलेगा। हालांकि इस दौरान ये जरूर ध्यान रखा जाएगा कि बारिश के कारण अगर मैच में बाधा नहीं पड़ी है तो पूरे 90 ओवर का खेल हो जाए।
इंग्लैंड में मौसम की भी हो सकती विशेष भूमिका
इंग्लैंड में मैच कहीं भी हो, लेकिन मौसम की आंख मिचौली चलती रहती है। यानि कब बारिश आ जाए और कब चली जाए, कुछ कहा नहीं जा सकता। हालांकि अगर अभी पहले ही मैच की बात की जाए तो उसमें ज्यादा बारिश के कारण खलल पड़ने की आशंका तो नहीं हैं, लेकिन मौसम कब बदल जाए, कहना जरा मुश्किल है।
विराट कोहली का यह रिकॉर्ड तोड़ना आसान नहीं
विराट कोहली इस बार टीम इंडिया के साथ नहीं हैं। उन्होंने इस दौरे के लिए टीम की घोषणा से पहले ही संन्यास की घोषणा कर दी थी। लेकिन पूरी सीरीज के दौरान एक रिकॉर्ड उनकी याद दिलाता रहेगा। साल 2018 में भारतीय कप्तान के तौर पर इंग्लैंड का दौरा किया था, उस साल विराट कोहली ने 500 से अधिक रन बनाए थे। कोहली ने 593 रन बनाने में कामयाब हुए थे, जिसमें दो शतक और तीन अर्धशतक शामिल रहे। विराट कोहली एशिया के पहले ऐसे कप्तान हैं, जिन्होंने इंग्लैंड में जाकर कप्तान के तौर पर 500 से अधिक रन बनाए हैं। बाकी कोई एशियाई कप्तान ऐसा नहीं कर पाया है। एशिया में पाकिस्तान, श्रीलंका और बांग्लादेश जैसी टीमों को शामिल किया जा सकता है।
इंग्लैंड की सरजमीं पर विराट जितवा चुके हैं तीन टेस्ट मुकाबले
इतना ही नहीं, विराट कोहली अकेले ऐसे भारतीय कप्तान हैं, जो इंग्लैंड में तीन टेस्ट मैच जीत पाए हैं, बाकी कितने ही कप्तान तो ऐसे भी हुए, जो अपने पूरे क्रिकेट करियर में एक भी मैच अंग्रेजों की सरजमीं पर जीत ही नहीं पाए। अब इस बार शुभमन गिल क्या कुछ कहानी लिखेंगे, ये देखना काफी दिलचस्प होगा।










