– जीत के लिए 549 रनों के असंभव से लक्ष्य की बात तो दूर मैच में ड्रॉ की भी गुंजाइश नजर नहीं आ रही
– भारत ने दूसरी पारी में अपनी सलामी जोड़ी आधे सत्र के खेल के दौरान ही सिर्फ 27 रनों पर खो दी
गुवाहाटी में पहली बार टेस्ट मैच हो रहा है और ऐसी पूरी आशंका है कि टीम इंडिया यहां से दक्षिण अफ्रीका के हाथों क्लीन स्वीप के साथ दूसरा टेस्ट और सीरीज 0-2 से हार के लौट सकती है। दक्षिण अफ्रीका के कप्तान टेम्बा बवूमा को टीम इंडिया की खराब बल्लेबाजी को जल्द आउट कर लेने का इतना भरोसा था कि उन्होंने सिर्फ साढ़े तीन सत्र ही मेजबान टीम के पास बल्लेबाजी के लिए छोड़े। दक्षिण अफ्रीका ने 260/5 के स्कोर पर अपनी दूसरी पारी घोषित कर टीम इंडिया के सामने 549 रनों का विशाल लक्ष्य रखा।
इसके बाद टीम इंडिया की सलामी जोड़ी को सिर्फ 21 रनों पर ही विदा कर अंतिम दिन के खेल में यदि प्राकृतिक आपदा नहीं आती है या बल्लेबाज हैरतअंगेज प्रदर्शन नहीं करते हैं, तो उसकी हार लगभग तय कर दी है। चौथे दिन स्टम्प तक टीम इंडिया ने 2 विकेट खोकर 27 रन बना लिए थे। साई सुदर्शन (2) और नाइटवाच मैच कुलदीप यादव (4) क्रीज पर मौजूद हैं। सलामी बल्लेबाज यशस्वी जयसवाल (13) और केएल राहुल (6) पवेलियन लौट चुके हैं। अब टीम इंडिया के सामने पांचवें दिन पूरे तीन सेशन खेल मैच को ड्रॉ करवाने की कठिन चुनौती होगी।
इससे पहले दक्षिण अफ्रीका ने सुबह्रअपनी दूसरी पारी 26/0 के स्कोर शुरू करते हुए शुरुआत में स्लो बल्लेबाजी की। इसके बाद रवींद्र जाडेजा ने रायन रिकलटन (35) के रूप में भारत को पहली सफलता दिलाई। एडन मारक्रम (29) भी अपनी पारी को अधिक बड़ी नहीं कर पाए। कप्तान टेम्बा बवूमा (3) भी सस्ते में आउट हुए। जाडेजा ने दो और वॉशिंगटन सुंदर ने एक विकेट लेकर भारत के लिए आस जगाई। लेकिन टोनी डीज़ॉर्ज़ी और ट्रिस्टन स्टब्स ने उनकी उम्मीदों पर पानी फेर दिया।
दोनों ने लगभग 27 ओवर तक बल्लेबाज़ी करते हुए चौथे विकेट के लिए 101 रन जोड़ दिए जिसने भारत की वापसी की संभावनाएं लगभग खत्म कर दीं। इस दौरान डी जजॉर्जी (49) को जडेजा ने पगबाधा आउट किया। हालांकि, स्टब्स एक छोर पर डटे रहे और अपना अर्द्धशतक पूरा किया। दूसरा सत्र समाप्त होने तक दक्षिण अफ्रीका ने कुल 508 रनों की बढ़त हासिल कर ली थी लेकिन पारी की घोषणा अब भी नहीं हुई थी। और अब पारी घोषित करने को लेकर चर्चा शुरू हो चुकी थी। स्टब्स 94 के निजी योग पर जडेजा को स्वीप करने के चक्कर में क्लीन बोल्ड हुए। इसके साथ ही दक्षिण अफ्रीका ने 260/5 के स्कोर पर अपनी दूसरी पारी घोषित कर दी।
पहली पारी में 6 विकेट लेने वाले मार्को जानसेन ने दूसरी पारी की शुरुआत लगातार शॉर्ट पिच गेंद डालते हुए यशस्वी जायसवाल को परेशान किया। इस दौरान जायसवाल (13) ने एक छक्का भी लगाया। हालांकि एक गेंद को कट करने के प्रयास में गेंद ने उनके बल्ले का बाहरी किनारा लिया जिसे विकेटकीपर काइल वेरेन ने लपक लिया। ऑफ स्पिनर साइमन हार्मर को 10वें ओवर में गेंदबाज़ी के लिए लाया गया और अपनी दूसरी ही गेंद पर उन्होंने केएल राहुल (6) की गिल्लियां बिखेर दीं। पहली पारी में शानदार जुझारूपन दिखाने वाले कुलदीप यादव को नाइटवॉचमैन के रूप में भेजा गया।










