टीम इंडिया ने दक्षिण अफ्रीका की अंडर 19 टीम का किया 3-0 से सफाया

0
50

 

-तीसरे वन डे में मेजबान टीम को 233 रनों से दी करारी शिकस्त, वैभव सूर्यवंशी ने कप्तानी का टेस्ट किया अव्वल नम्बर से पास

प्लेयर ऑफ द मैच कप्तान वैभव सूर्यवंशी और एरोन जॉर्ज की सलामी जोड़ी के धुआंधार शतकों से यूथ ओडीआई सीरीज में भारत ने तीसरा मुकाबला एकतरफा अंदाज में 233 रनों से जीत कर तीन मैचों की सीरीज में दक्षिण अफ्रीका का 3-0 से सफाया कर दिया। बुधवार को बेनोनी के विलोमूर पार्क में खेले गए इस मैच में टॉस हारने के बाद भारत ने पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित 50 ओवर में सात विकेट खोकर 393 रन बनाए। जवाब में 35 ओवरों में 160 रनों पर ढेर हो गई।

पहले विकेट के लिए दोहरी शतकीय साझेदारी
भारत को वैभव सूर्यवंशी के रूप में पहला झटका लगा। वैभव 74 गेंद में 127 रन बनाकर आउट हुए। उन्होंने अपनी पारी में 9 चौके और 10 छक्के लगाए। वैभव और आरोन के बीच पहले विकेट के लिए 154 गेंद में 227 रन की साझेदारी हुई। आरोन जॉर्ज 118 रन बनाकर आउट हुए। वेदांत 43 गेंद में 34 रन बनाकर आउट हुए। हरवंश पंगालिया (2) रन आउट हुए। अभिज्ञान कुंडू ने 20 गेंद में 21 रन बनाए। कनिष्क चौहान 10 और एम्ब्रिश 8 रन बनाकर आउट हुए। मोहम्मद इनाम (नाबाद 28) और हेनिल पटेल (नाबाद 19) ने भी कुछ रन जोड़ टीम का स्कोर विशाल बनाने में मदद की।

वैभव सूर्यवंशी ने 63 गेंदों में शतक जड़ा
भारत की ओर से पारी की शुरुआत करने एरोन जॉर्ज और कप्तान वैभव सूर्यवंशी मैदान पर उतरे और शुरुआती ओवरों से ही दक्षिण अफ्रीकी गेंदबाजों पर दबाव बना दिया। एरोन जॉर्ज ने जहां संयमित अंदाज में पारी को आगे बढ़ाया, वहीं वैभव सूर्यवंशी ने अपनी विस्फोटक बल्लेबाजी से मैच की दिशा पूरी तरह मोड़ दी। कप्तान वैभव ने आक्रामक रुख अपनाते हुए शानदार शतक जड़ा और चौकों से ज्यादा छक्के लगाकर दर्शकों को रोमांचित किया। उन्होंने महज 63 गेंदों में अपना शतक पूरा किया।

जॉर्ज ने 106 गेंदों में 118 रन की पारी खेली
कप्तान के आउट होने के बाद एरोन जॉर्ज ने अपनी पारी को शतक में तब्दील किया। जॉर्ज ने 106 गेंदों में 16 चौकों की मदद से 118 रन की अहम पारी खेली। दोनों सलामी बल्लेबाजों के शतकों के दम पर भारतीय टीम ने निर्धारित 50 ओवरों में 7 विकेट के नुकसान पर 393 रन का विशाल स्कोर खड़ा कर दिया, जिससे दक्षिण अफ्रीका पर दबाव बन गया। इसके जवाब में दक्षिण अफ्रीका की टीम पूरे 50 ओवर भी नहीं खेल पाई। डेनियल बोसमैन (40), पॉल जेम्स (41) और कोर्ने बोथा (नाबाद 36) के अलावा मेजबान टीम का कोई बल्लेबाजी भारतीय गेंदबाजों के सामने टिक नहीं सका। मीडियम पेसर किशन सिंह ने 3 और लेग स्पिनर मोहम्मद इनाम ने 2 विकेट लिए।

भारतीय टीम का आत्मविश्वास बढ़ा
युवा वनडे सीरीज में भारतीय युवा खिलाड़ियों का दबदबा देखने को मिला। पहले दोनों मैच बारिश से प्रभावित रहे थे, पहले मैच में भारत ने दक्षिण अफ्रीका को 25 रनों से हराया, जबकि दूसरे मैच में भारतीय टीम ने 8 विकेट से दमदार जीत हासिल की। वैभव सूर्यवंशी इस मैच में भी प्लेयर ऑफ द मैच बने थे। वैभव सूर्यवंशी की कप्तानी में इंडिया-19 टीम की यह पहली सीरीज जीत है। इस जीत से भारतीय टीम का आत्मविश्वास काफी बढ़ गया है।

 

 

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here