दूसरे यूथ टेस्ट में मेजबान आस्ट्रेलिया के खिलाफ टीम इंडिया को मिली मामूली बढ़त, पहले दिन गिरे 17 विकेट

0
56

– पहला दिन पूरी तरह से गेंदबाजों के नाम रहा, दूसरे दिन का खेल काफी अहम साबित होगा
-आस्ट्रेलिया को 135 पर ढेर करने के बाद टीम इंडिया ने भी 144 रन पर 7 विकेट खो दिए

भारतीय अंडर-19 टीम और ऑस्ट्रेलिया अंडर-19 टीम के बीच मैके में दूसरे यूथ टेस्ट पहले ही दिन रोमांचक भरा रहा। पूरे दिन गेंदबाजों की जलवा कायम रहा, जिसका नतीजा यह हुआ कि दोनों टीमों ने कुल मिलाकर 279 रन बनाए और इस दौरान गेंदबाजों ने 17 विकेट अपनी झोली में डाले। पूरे दिन में सिर्फ एक अर्द्धशतक ही लगा, जो कि आस्ट्रेलियाई विकेटकीपर बल्लेबाज ऐलेक्स ली यंग (66) के बल्ले से निकला। पहले दिन आस्ट्रेलिया को 135 पर ढेर करने के बाद टीम इंडिया ने भी 144 रन पर अपने 7 विकेट खो दिए थे। इस प्रकार उसे अभी तक मात्र 9 रनों की ही बढ़त मिल सकी है। दूसरे दिन का खेल इस मैच के लिए बेहद अहम होने जा रहा है।

ऑस्ट्रेलिया की टीम को टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला भारी पड़ा। भारतीय गेंदबाजों ने मेजबान टीम के आधी पारी सिर्फ 32 रनों पर समेट दी। एलेक्स ली यंग ने अपनी अर्द्धशतकीय पारी के दौरान 108 गेंदों का सामना किया और एक छक्का व 9 चौके लगाए। कप्तान विल मलाजचुक (10) और यश देशमुख (22) ही दहाई अंक में पहुंचने वाले अन्य बल्लेबाज रहे। ऑस्ट्रेलिया की पूरी टीम 43.5 ओवर में 135 रनों पर ढेर हो गई। तेज गेंदबाज हेनिल पटेल और लेफ्ट आर्म स्पिनर खिलन पटेल तीन-तीन और उद्धव मोहन ने दो विकेट लेकर ऑस्ट्रेलिया अंडर-19 को जल्दी ऑलआउट करने में अहम भूमिका निभाई।

इसके जवाब में भारतीय टीम ने दिन का खेल खत्म होने तक 7 विकेट पर 144 रन स्कोरबोर्ड पर लगा दिए थे। अब दूसरे दिन के खेल में यह देखना होगा कि भारतीय टीम अपनी बढ़त को कितना करती है। लो स्कोरिंग मुकाबले में पहली पारी की बढ़त अहम रोल निभा सकती है। खासकर यह देखते हुए कि भारतीय टीम को अपनी चौथी पारी इसी विकेट पर खेलनी होगी। भारत की शुरुआत काफी खराब रही। भारत ने 41 रन पर अपने तीन विकेट खो दिए थे। पिछले टेस्ट में 86 गेंद में 113 रन की शानदार शतकीय पारी खेलने वाले वैभव सूर्यवंशी इस मैच में टी-20 वाली पारी खेलते हुए आउट हुए।

सूर्यवंशी 14 गेंद में 20 रन बनाकर चार्ल्स लैचमंड का शिकार हुए। उन्होंने अपनी संक्षिप्त पारी में दो चौके और एक छक्का लगाया। वेदांत त्रिवेदी ने 25 और खिलन पटेल ने 26 रन का योगदान किया। पहले दिन का खेल खत्म होने तक भारत की तरफ से हेनील पटेल 22 और दीपेश देवेंद्रन 6 रन बनाकर नाबाद लौटे। ऑस्ट्रेलिया की तरफ से केसी बार्टन ने सबसे ज्यादा 3 विकेट अपने नाम किए।

 

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here