सीरीज पर कब्जा करने उतरेगी टीम इंडिया, दक्षिण अफ्रीका की कड़ी परीक्षा

0
102

सीरीज का रुख तय करने वाला मुकाबला अब इकाना स्टेडियम में खेला जाएगा, जहां बुधवार को भारत और दक्षिण अफ्रीका पांच मैचों की टी-20 सीरीज के चौथे मुकाबले में आमने-सामने होंगे।

तीन मैचों के बाद टीम इंडिया 2-1 की बढ़त बनाए हुए है और उसकी नजरें इस मैच को जीतकर सीरीज में अजेय बढ़त हासिल करने पर टिकी हैं। वहीं, दक्षिण अफ्रीका के लिए यह मैच ‘करो या मरो’ जैसा होगा और वह पूरी ताकत के साथ वापसी की कोशिश करेगा।

इकाना स्टेडियम में चौथे टी-20 में भारत व दक्षिण अफ्रीका की बुधवार को होगी टक्कर

इकाना स्टेडियम में होने वाला यह मुकाबला न सिर्फ सीरीज की दिशा तय करेगा, बल्कि दोनों टीमों के आत्मविश्वास और संयोजन की भी कड़ी परीक्षा लेगा।

दक्षिण अफ्रीका की टीम इस मुकाबले में भारतीय कप्तान सूर्यकुमार यादव की अगुवाई वाली टीम को कड़ी चुनौती देने के इरादे से उतरेगी। टी-20 क्रिकेट में अब तक दोनों टीमों के बीच 34 मुकाबले खेले जा चुके हैं, जिनमें भारत ने 20 जबकि दक्षिण अफ्रीका ने 13 मैचों में जीत दर्ज की है। एक मुकाबला बेनतीजा रहा है।

भारतीय सरजमीं पर दोनों टीमों के बीच खेले गए 15 टी-20 मैचों में भारत और दक्षिण अफ्रीका ने 7-7 मुकाबले जीते हैं, जबकि एक मैच का नतीजा नहीं निकल सका। वहीं, दक्षिण अफ्रीका के घरेलू मैदानों पर भारत का पलड़ा भारी रहा है, जहां टीम इंडिया 9-4 से आगे है।

इस अहम मुकाबले से पहले भारत के लिए शुभमन गिल और कप्तान सूर्यकुमार यादव का फॉर्म चिंता का विषय बना हुआ है। दोनों बल्लेबाजों से टीम को बड़ी पारी की दरकार होगी।

हालांकि, मध्यक्रम में अभिषेक शर्मा और तिलक वर्मा ने हाल के मैचों में निरंतरता दिखाई है। अभिषेक ने पिछले 10 टी-20 मैचों में 33.11 की औसत और 169.31 के स्ट्राइक रेट से 298 रन बनाए हैं, जबकि तिलक वर्मा ने पिछले 9 मुकाबलों में 53.2 की औसत से 266 रन जुटाए हैं।

गेंदबाजी में तेज गेंदबाज अर्शदीप सिंह एक बार फिर भारतीय आक्रमण की अगुवाई करेंगे। वहीं, स्पिन विभाग में कुलदीप यादव और वरुण चक्रवर्ती से विकेट निकालने की जिम्मेदारी होगी। वरुण ने पिछले 8 मैचों में 14 विकेट झटके हैं, जबकि अर्शदीप ने 6 मुकाबलों में 9 बल्लेबाजों को पवेलियन भेजा है।

दक्षिण अफ्रीका की बल्लेबाजी पिछले मैच में पूरी तरह लड़खड़ा गई थी और पूरी टीम 117 रन पर सिमट गई थी। ऐसे में क्विंटन डिकॉक और डेवाल्ड ब्रेविस से शीर्षक्रम में ठोस शुरुआत की उम्मीद होगी।

ब्रेविस ने पिछले 9 मैचों में 153.09 के स्ट्राइक रेट से 173 रन बनाए हैं, जबकि कप्तान एडेन मार्करम ने पिछले मुकाबले में 61 रन की अहम पारी खेली थी और वह उसी लय को बरकरार रखना चाहेंगे।

  • दक्षिण अफ्रीका संभावित एकादश:
    रीज़ा हेंड्रिक्स, क्विंटन डिकॉक (विकेटकीपर), एडेन मार्करम (कप्तान), डेवाल्ड ब्रेविस, डेविड मिलर, डोनोवन फरेरा, जॉर्ज लिंडे, मार्को यानसन, लुथो सिपामला, लुंगी एनगिडी और ओटनील बार्टमैन।
  • भारतीय टीम संभावित एकादश:
    अभिषेक शर्मा, शुभमन गिल, सूर्यकुमार यादव (कप्तान), तिलक वर्मा, हार्दिक पांड्या, शिवम दुबे, जितेश शर्मा (विकेटकीपर), कुलदीप यादव, हर्षित राणा, वरुण चक्रवर्ती और अर्शदीप सिंह।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here