तेंदुलकर-एंडरसन ट्रॉफी : चौथा दिन रिषभ और राहुल के नाम, पंत ने दूसरी पारी में भी शतक जड़ रिकॉर्ड बनाया

0
58

– भारत की दूसरी पारी 364 पर सिमटी, इंग्लैंड को जीत के लिए दिया 371 रनों का लक्ष्य
– रिषभ पंत घर के बाहर टेस्ट की दोनों पारियों में शतक जमाने वाले दुनिया के पहले विकेट कीपर बल्लेबाज बने

भारत और इंग्लैंड के बीच लीड्स में अंतिम दिन बारिश बाधा नहीं बनी तो पहला टेस्ट काफी रोमांचक हो सकता है। हेडिंग्ले ग्राउंड पर सोमवार को मुकाबले के चौथे दिन भारत ने केएल राहुल और रिषभ पंत के शतक से इंग्लैंड के सामने जीत के लिए 371 रनों का लक्ष्य रखा। भारत की दूसरी पारी में 96 ओवर में 364 रन पर सिमट गई। भारत के लिए दूसरी पारी में केएल राहुल (137) और ऋषभ पंत (118) ने शतक जमाया। इतना ही नहीं दोनों ने चौथे विकेट के लिए 195 रनों की दमदार साझेदारी भी की। रिषभ पंत दोनों पारियों में शतक बनाने वाले दुनिया के पहले विकेट कीपर बल्लेबाज बन गए। भारत ने अपने अंतिम 6 विकेट सिर्फ 31 रनों पर गंवा दिए। चौथे दिन स्टम्प के समय तक इंग्लैंड की टीम ने अपनी दूसरी पारी में बिना विकेट खोए 21 रन बना लिए थे। जैक क्राउली (12) और बेन डकेट (9) की सलामी जोड़ी क्रीज पर बरकरार है। इंग्लैंड के पांचवें व अंतिम दिन जीत के लिए 250 रन अभी और बनाने होंगे। अंतिम दिन मौसम भी ठीक नहीं रहने की भविष्यवाणी है।

भारत का मिडिल और लोअर ऑर्डर ध्वस्त

इससे पहले एक बार फिर भारत का मिडिल और लोअर ऑर्डर पहली पारी की तरह कुछ ही रनों के भीतर ध्वस्त हो गया। रविंद्र जडेजा ने नाबाद 25 और करुण नायर ने 20 रनों का योगदान दिया। कप्तान शुभमन गिल (8) और शार्दुल ठाकुर (4) समेत छह खिलाड़ी दहाई का आंकड़ा नहीं छू सके। भारत ने सोमवार को 264 रन जोड़कर आठ विकेट गंवाए, जबकि इनमें से जसप्रीत बुमराह, मोहम्मद सिराज, और प्रसिद्ध कृष्णा का खाता नहीं खुला। इंग्लैंड के लिए ब्रायडन कार्से, जोश टंग तीन-तीन विकेट जबकि शोएब बशीर ने दो विकेट लिए। क्रिस वोक्स और कप्तान बेन स्टोक्स ने एक-एक विकेट हासिल किया।

दूसरे सेशन में भारत ने 145 रन जुटाए

दूसरे सेशन में भारत ने 145 रन जुटाए और ऋषभ पंत (118) के रूप में एक विकेट गंवाया। दिन के पहले सेशन में भारत ने एक के नुकसान पर 63 रन जोड़े थे। कप्तान शुभमन गिल (8) सस्ते में पवेलियन लौटे। इस समय तक भारत की कुल बढ़त 358 रनों की हो गई चुकी थी। गौरतलब है कि रविवार को स्टंप्स तक भारत ने अपनी दूसरी पारी में दो विकेट पर 90 रन बनाए थे। भारत की दूसरी पारी में शुरुआत अच्छी नहीं रही। पहली पारी में शतक जड़ने वाले यशस्वी जायसवाल महज चार रन ही बना सके। राहुल ने साई सुदर्शन (30) के संग दूसरे विकेट के लिए 66 रनों की साझेदारी की। कप्तान शुभमन गिल चौथे दिन के पहले ही ओवर में कार्स की गेंद विकेट पर खेल बैठे।

पहले केएल राहुल और फिर पंत ने पूरा किया शतक

अब ऋषभ पंत दुनिया के ऐसे पहले बल्लेबाज बन गए हैं, जिन्होंने विकेट कीपर के तौर पर खेलते हुए एक टेस्ट की दोनों पारियों में सेंचुरी लगाई है। ऋषभ पंत से पहले केएल राहुल ने भी दूसरी पारी में अपना शतक पूरा किया। इससे टीम इंडिया एक मजबूत स्थिति में पहुंच सकी।

93 साल के इतिहास में पहली बार भारत की ओर से लगे 5 शतक

ऋषभ पंत ने 130 गेंदों पर 12 चौके और 2 छक्कों की मदद से 130 गेंदों पर अपने टेस्ट करियर का 8वां शतक जड़ा। पंत के शतक जड़ते ही भारतीय टेस्ट क्रिकेट के 93 साल के इतिहास में बड़ा करिश्मा हो गया। दरअसल, भारत की ओर से एक टेस्ट मैच में पहली बार 5 शतक देखने को मिले हैं। लीड्स टेस्ट से पहले कभी भी टीम इंडिया के बल्लेबाजों ने एक ही टेस्ट मैच में 5 शतक लगाने का बड़ा कारनामा नहीं किया था। इससे पहले भारत की ओर से एक टेस्ट मैच में सबसे ज्यादा 4 शतक देखने को मिले थे। साल 2007 में मीरपुर में बांग्लादेश के खिलाफ भारतीय बल्लेबाजों ने यह कमाल किया था।

घर के बाहर एक ही टेस्ट की दोनों पारियों में लगाया शतक

ऋषभ पंत अब दुनिया के पहले ऐसे विकेटकीपर बल्लेबाज बन गए हैं, जिन्होंने घर से बाहर खेलते हुए किसी भी देश के खिलाफ एक टेस्ट की दोनों पारियों में शतक लगाया है। ऐसा कारनामा आज तक दुनिया का कोई विकेटकीपर टेस्ट में नहीं कर पाया है। ये तो घर से बाहर की बात है, अपने घर पर ही अभी तक केवल एक ही बार ऐसा हुआ है। साल 2001 में जिम्बाब्वे के एंडी फ्लावर ने साउथ अफ्रीका के खिलाफ एक टेस्ट की दोनों पारियों में शतक लगाया था। पहली पारी में उन्होंने 142 रन बनाए थे, वहीं दूसरी पारी में उनके बल्ले से नाबाद 199 रन आए थे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here