‘तेंदुलकर-एंडरसन ट्रॉफी’ का अनावरण, भारत-इंग्लैंड टेस्ट सीरीज का बदला नाम

0
49

-कल (शुक्रवार) से लीड्स में शुरू होगा पांच टेस्ट मैचों की सीरीज का पहला मुकाबला

‘तेंदुलकर-एंडरसन ट्रॉफी’ का अनावरण 19 जून (गुरुवार) को कर दिया गया। भारतीय क्रिकेट नियंत्रण बोर्ड (बीसीसीआई) ने ट्रॉफी की पहली झलक शेयर की है। अनावरण के समय तस्वीर में क्रिकेट के सचिन तेंदुलकर और पूर्व इंग्लिश तेज गेंदबाज जेम्स एंडरसन नजर आ रहे हैं। इन दो दिग्गजों के नाम पर ही इस ट्रॉफी का नाम रखा गया है। कल (शुक्रवार) से लीड्स में पांच टेस्ट मैचों की सीरीज का पहला मुकाबला शुरू होने जा रहा है।

सचिन के खास अनुरोध पर खत्म हुआ विवाद

बता दें कि ट्रॉफी का नाम बदले जाने पर थोड़ा विवाद भी हुआ था। पूर्व भारतीय कप्तान मंसूर अली खान पटौदी के सम्मान में इसे पहले ‘पटौदी ट्रॉफी’ कहा जाता था, लेकिन आगामी सीरीज से ठीक पहले इस ट्रॉफी का नाम बदलने का फैसला इंग्लैंड एंड वेल्स क्रिकेट बोर्ड (ईसीबी) ने किया था। इस फैसले ने फैन्स के साथ-साथ खुद पटौदी फैमिली को भी नाराज कर दिया था। लेकिन ईसीबी ने सचिन तेंदुलकर के अनुरोध पर बीच का रास्ता निकालते हुए पटौदी के नाम को भी सीरीज में बरकरार रखा है।

ट्रॉफी में दिखेगी सचिन-एंडरसन की तस्वीर

एंडरसन-तेंदुलकर ट्रॉफी को लेकर बात की जाए तो उसमें दोनों दिग्गजों की तस्वीर भी दिखाई गई है। वहीं साल 2007 से टीम इंडिया ने इंग्लैंड के दौरे पर अब तक जो भी टेस्ट सीरीज खेली है उसे पटौदी ट्रॉफी के नाम से खेला जाता था, जिसमें अब इस ट्रॉफी के नाम को बदल दिए जाने के बाद ईसीबी ने ये भी फैसला लिया है कि जो भी टीम टेस्ट सीरीज जीतेगी उसके कप्तान को पटौदी मेडल से सम्मानित किया जाएगा। जेम्स एंडरसन ने ट्रॉफी के अनावरण के मौके पर कहा कि ये मेरे और मेरे परिवार के लिए काफी गर्व का मौका है। दोनों देशों के बीच जब भी सीरीज खेली गई है तो रोमांचक मुकाबले देखने को मिले हैं। मैं आगामी सीरीज में इंग्लैंड टीम का प्रदर्शन इन गर्मियों में देखने के लिए काफी उत्सुक हूं।

विजेता कप्तान को पटौदी मेडल से सम्मानित किया जाएगा

बता दें कि ट्रॉफी से पटौदी का नाम हटने पर विवाद देख सचिन तेंदुलकर खुद आगे आए थे। सचिन तेंदुलकर ने बीसीसीआई और ईसीबी से अनुरोध किया है कि वे पटौदी की विरासत को सीरीज में बनाए रखने का कोई तरीका खोजें। अब नया रास्ता ये निकाला गया कि टेस्ट सीरीज के विजेता कप्तान को पटौदी मेडल से सम्मानित किया जाएगा। वहीं विजेता टीम ‘तेंदुलकर-एंडरसन ट्रॉफी’ अपने पास रखेगी।

पहले 14 जून को होना था ट्रॉफी का अनावरण

वैसे ‘तेंदुलकर-एंडरसन ट्रॉफी’ का अनावरण 14 जून को वर्ल्ड टेस्ट चैम्पियनशिप के फाइनल के दौरान होना था। लेकिन अहमदाबाद में हाल में हुए विमान हादसे के कारण इसमें देरी हुई। बता दें कि प्लेन क्रैश में 53 ब्रिटिश नागरिकों की भी मौत हो गई थी। एयर इंडिया का यह विमान लंदन जा रहा था और उड़ान भरने के कुछ ही मिनटों बाद दुर्घटनाग्रस्त हो गया था।

सचिन बोले-मेरे लिए टेस्ट क्रिकेट जीवन का अहम हिस्सा

सचिन तेंदुलकर जिनके नाम अभी भी वर्ल्ड क्रिकेट के कई ऐसे रिकॉर्ड दर्ज हैं, जिनको तोड़ पाना आसान नहीं है उन्होंने एंडरसन-तेंदुलकर ट्रॉफी से पर्दा उठाए जाने के बाद कहा कि उनके लिए टेस्ट क्रिकेट जीवन का एक अहम हिस्सा है जहां आप अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने की कोशिश करते हैं। टेस्ट क्रिकेट में आपके धैर्य की असली परीक्षा होती है जिससे आप बेहतर प्रदर्शन भी कर पाते हैं। भारत और इंग्लैंड दोनों देशों के कई प्लेयर्स ने टेस्ट क्रिकेट में अहम योगदान दिया है। यह आने वाली पीढ़ियों के लिए एक प्रेरणा का काम करेगी।

लीड्स में अच्छा नहीं है भारत का रिकॉर्ड

भारतीय टीम इंग्लैंड दौरे पर पांच टेस्ट मैचों की सीरीज खेलेगी, जिसका पहला मुकाबला 20 जून को लीड्स के हेडिंग्ले क्रिकेट ग्राउंड में खेला जाएगा। रोहित शर्मा, विराट कोहली और रविचंद्रन अश्विन के संन्यास के बाद युवा कंधों पर भारतीय टीम को जीत दिलाने की जिम्मेदारी होगी। हेडिंग्ले में टीम इंडिया का रिकॉर्ड अच्छा नहीं रहा है और वह अभी तक यहां पर सिर्फ दो ही टेस्ट मैच जीत पाई है।

हेडिंग्ले में भारत को 2002 में मिली थी आखिरी जीत

इंग्लैंड के हेडिंग्ले क्रिकेट स्टेडियम में टीम इंडिया ने अभी तक कुल 7 टेस्ट मुकाबले खेले हैं, जिसमें से दो में जीत हासिल की है और चार मैच हारे हैं। वहीं एक टेस्ट मैच ड्रॉ रहा है। यहां पर टीम इंडिया ने आखिरी टेस्ट मैच साल 2002 में सौरव गांगुली की कप्तानी में जीता था। तब भारत ने पारी और 46 रनों से जीत दर्ज की थी। उस मैच में राहुल द्रविड़ सबसे बड़े हीरो बनकर उभरे थे और उन्होंने 148 रनों की पारी खेली थी। लेकिन उस मैच के बाद टीम इंडिया इस ग्राउंड पर जीत दर्ज नहीं कर पाई है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here