भारत और दक्षिण अफ्रीका के बीच 19 दिसंबर को अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में 5 मैचों की टी-20 सीरीज का अंतिम मुकाबला खेला जाएगा। इस मुकाबले में घायल उपकप्तान शुभमन गिल की जगह संजू सैमसन को सलामी बल्लेबाज की भूमिका में उतरते देखा जा सकता है। अब सभी फैंस की नजरें सीरीज के इस आखिरी मुकाबले पर टिक गई हैं, क्योंकि 17 दिसंबर को सीरीज का चौथा मुकाबला लखनऊ के इकाना क्रिकेट स्टेडियम में धुंध के चलते अंपायर्स ने रद्द करने का फैसला लिया था। भारतीय टीम सीरीज में 2-1 से आगे है। अब उसकी नजरें 3-1 से ट्रॉफी अपने नाम करने पर होगी।
उम्मीद की जा रही है कि इस मैच की प्लेइंग इलेवन में संजू सैमसन को मौका दिया जा सकता है अगर संजू सैमसन आखिरी मैच में खेलते हैं तो उनके पास मौका होगा कि वे अपने आप को साबित करें। वे ओपनिंग के लिए उतरेंगे, जो उन्हें काफी सुहाती है। नीचे के क्रम के बजाय संजू ने टॉप ऑर्डर में ज्यादा रन बनाए हैं। संजू ने टी20 इंटरनेशनल में जो तीन शतक लगाए हैं, वे ओपनिंग करते हुए ही ठोके हैं। संजू सैमसन को अहमदाबाद में जबर्दस्त पारी खेलनी होगी, ताकि टी20 वर्ल्ड कप के सेलेक्शन के लिए उनका दावा कमजोर न पड़े। टी20 वर्ल्ड कप से पहले टीम इंडिया 6 टी20 इंटरनेशनल मैच और खेलेगी। लेकिन इसमें से पांच मैच तब होंगे, जब विश्व कप के लिए टीम इंडिया का ऐलान कर दिया जाएगा। यानी टीम में अपनी जगह पक्की करने के लिए संजू सैमसन व अन्य दावेदारों के पास बस यही एक ही मैच बाकी है जो शुक्रवार को खेला जाएगा।
अहमदाबाद में परेशान नहीं करेगी धुंध
इस मुकाबले के दौरान अहमदाबाद में मौसम साफ रहने की उम्मीद जताई गई है। भारतीय मौसम विभाग की तरफ से सामने आई जानकारी के अनुसार अहमदाबाद में 19 दिसंबर को आसमान जहां पूरी तरह से साफ रहेगा तो वहीं तापमान 15 से 30 डिग्री सेल्सियस के बीच रह सकता है। ऐसे में इस मुकाबले के परिणाम की पूरी उम्मीद की जा सकती है।
टीम इंडिया का अहमदाबाद में अब तक रहा शानदार रिकॉर्ड
भारतीय टीम का नरेंद्र मोदी स्टेडियम में टी20 इंटरनेशनल में रिकॉर्ड देखा जाए तो वह काफी शानदार रहा है। टीम इंडिया ने यहां पर अब तक कुल 7 टी20 मैच खेले हैं, जिसमें से वह 5 मुकाबलों को जीतने में कामयाब रही है, तो वहीं 2 मैचों में उसे हार का सामना करना पड़ा है। ऐसे में दक्षिण अफ्रीकी टीम के लिए ये मैच आसान नहीं रहने वाला है। साल 2025 में टी20 इंटरनेशनल में कुल 20 मैचों में से भारतीय टीम 15 को जीतने में कामयाब रही है तो वहीं सिर्फ तीन मुकाबलों में उन्हें हार का सामना करना पड़ा, जबकि 2 मैच रद्द रहे हैं।










