-बीसीए के नवनिर्मित कोटांबी स्टेडियम में पहले दिन टॉस तक नहीं हो सका, एक दिन पहले हुई थी बारिश
बीसीए के कोटांबी इंटरनेशनल स्टेडियम में रणजी ट्रॉफी के एलीट ग्रुप ए में यूपी-बड़ौदा होने मुकाबले में पहले दिन का पूरा खेल बारिश और खराब आउटफील्ड की वजह से नहीं हो सका। शुक्रवार को हुई बारिश के चलते मैच के समय तक मैदान इस लायक नहीं था कि टॉस के लिए दोनों कप्तान जाते। पूरे दिन इंतजार के बाद जब दोनों अंपायरों आनंद ओवलकर और निखिल मेनन ने मैदान को खेलने योग्य नहीं पाया तो बिना एक भी गेंद का खेल हुए शनिवार का खेल रद्द घोषित कर दिया गया। दूसरे दिन का खेल भी तभी शुरू हो सकता है, जब मैदान पूरी तरह से सूखा हो और इस बीच दोबारा बारिश न हो।
कोटांबी स्टेडियम की बात करें तो 215 करोड़ की लागत से बने इस नवनिर्मित स्टेडियम के ड्रेनेज सिस्टम का हाल कानपुर के ग्रीनपार्क स्टेडियम की तरह ही है। जून में हुई पहली बारिश में ही करोड़ों की लागत से बने इस स्टेडियम के ड्रेनेज सिस्टम की पोल खुल गई थी। मैदान और बाउंड्री रोप के पास पानी भर गया था। इसका वीडियो वायरल होने पर कांस्ट्रक्शन कंपनी पर सवाल उठे थे।
यूपी इस मुकाबले में दो मैचों से 6 अंक लेकर उतरी है। 2025-26 के सत्र में उसे पहली जीत का अभी इंतजार है। अब मुकाबला सिर्फ तीन दिन का रह गया है, इसमें दोनों ही टीमों के लिए 20-20 विकेट निकाल सीधी जीत दर्ज करना काफी मुश्किल होगा, इसलिए इस मैच में बल्लेबाजों की भूमिका बढ़ जाती है।
जो भी टीम पहली पारी में अच्छी बल्लेबाजी करेगी, उसको अंकों का फायदा मिलेगा। इस ग्रुप में विदर्भ 10 अंक लेकर शीर्ष पर है, जबकि झारखंड 8 और बड़ौदा 7 अंक लेकर क्रमश: दूसरे और तीसरे स्थान पर है। यूपी यहां जरूरी अंक जुटा लेती है तो बड़ौदा को ढकेल तीसरे नम्बर पर आ सकती है।










