भारत-आस्ट्रेलिया की ए टीमों के बीच पहला वन डे आज, लाइव टेलीकास्ट न होने से दस हजार से ज्यादा दर्शक आने की संभावना

0
44

कानपुर। एशिया कप की खुमारी उतरने से पहले ही भारतीय दर्शकों के लिए एक और सीरीज की डोज तैयार है। मंगलवार से भारत और आस्ट्रेलिया की ए टीमों के बीच ग्रीनपार्क स्टेडियम में तीन वन डे मैचों की एक सीरीज शुरू हो रही है। इस सीरीज के मुकाबले 30 सितम्बर के अलावा 3 अक्टूबर और 5 अक्टूबर को खेले जाएंगे। सोमवार को दोनों टीमों ने नेट्स पर मैच से पहले का अंतिम अभ्यास में अपनी तैयारियों को परखा।

नेट अभ्यास देखने को बड़ी संख्या में दर्शक पहुंचे। उम्मीद जताई जा रही है कि मैच देखने दस हजार से ज्यादा दर्शक भी आ सकते हैं। साल भर बाद कोई इंटरनेशनल मैच होने की वजह से भी दर्शकों में काफी उत्साह नजर आ रहा है। इसके अलावा इस मैच का लाइव टेलीकास्ट न होना और मैच के टिकट का मूल्य बहुत कम रखा जाना भी दर्शकों को स्टेडियम तक खींच कर लाएगा, ऐसा माना जा रहा है।

भारत ए के लिए स्टार स्पिनर रवि विश्नोई और आस्ट्रेलिया ए की तरफ से तनवीर सांघा ने मीडिया सेन्टर में प्रेस से बातचीत की। विश्नोई ने कहा कि हम अच्छा प्रदर्शन करने का प्रयास करेंगे। इस ग्राउंड पर सालों बाद कोई एक दिवसीय मैच होने जा रहा है। उन्होंने शाम को ओस पड़ने की संभावना जताई। कहा कि ओस का विकेट पर प्रभाव पड़ सकता है। विश्नोई ने कहा कि जो भी परिस्थितियां हों हमने इस मैच के लिए यहां अच्छा अभ्यास किया है। हम अच्छा परिणाम देने की कोशिश करेंगे।

तनवीर सांघा ने कहा कि यहां का मौसम खिलाड़ियों की परीक्षा ले सकता है। मतलब मौसम की भूमिका भी खास हो सकती है। कहा कि यहां के विकेट पर स्पिनरों के लिए अच्छा प्रदर्शन करने का मौका बन सकता है। हमेशा की तरह मैच से पहले यहां अच्छा माहौल बन गया है। टिकट नाम मात्र के मूल्य पर होने के बावजूद पास के लिए खूब मारा मारी हो रही है। स्टेडियम और उसके आसपास का इलाके में भारी फोर्स की तैनाती की गई है।

भारत और ऑस्ट्रेलिया ‘ए’ टीमों के बीच अभी तक हुए अनौपचारिक एकदिवसीय मैचों के हेड-टू-हेड रिकॉर्ड के आँकड़े इस प्रकार हैं:

कुल मैच: 5
भारत ‘ए’ ने जीते: 2
ऑस्ट्रेलिया ‘ए’ ने जीते: 2
कोई परिणाम नहीं: 1

पिछली पांच भिड़ंतों का विवरण
22 अगस्त 2018: भारत ‘ए’ ने ऑस्ट्रेलिया ‘ए’ को 5 विकेट से हराया (ऑस्ट्रेलिया ‘ए’ का स्कोर: 292/9, भारत ‘ए’ का स्कोर: 293/5)।
16 अगस्त 2018: मैच बारिश के कारण रद्द हो गया।
03 सितंबर 2016: भारत ‘ए’ ने ऑस्ट्रेलिया ‘ए’ को 57 रन से हराया (भारत ‘ए’ का स्कोर: 247, ऑस्ट्रेलिया ‘ए’ का स्कोर: 190)।
29 अगस्त 2016: ऑस्ट्रेलिया ‘ए’ ने भारत ‘ए’ को 1 रन से हराया (ऑस्ट्रेलिया ‘ए’ का स्कोर: 262, भारत ‘ए’ का स्कोर: 261)।
13 अगस्त 2016: ऑस्ट्रेलिया ‘ए’ ने भारत ‘ए’ को 8 विकेट से हराया (भारत ‘ए’ का स्कोर: 176, ऑस्ट्रेलिया ‘ए’ का स्कोर: 177/2)।

पहले वनडे के लिए भारतीय ए टीम
श्रेयस अय्यर (कप्तान), प्रभसिमरन सिंह (विकेटकीपर), रियाग पराग, आयुष बदोनी, सूर्यांश शेडगे, विप्रज निगम, निशांत सिंधु, गुरजपनीत सिंह, युद्धवीर सिंह, रवि विश्नोई, अभिषेक पोरेल (विकेटकीपर), प्रियांश आर्या, सिमरजीत सिंह।

आस्ट्रेलिया ए टीम: कूपर कोनोली, हैरी डिक्सन, जैक एडवर्ड्स, सैम इलियट, जैक फ्रेजर-मैकगर्क, मैकेंजी हार्वे, टॉड मर्फी, तनवीर संघा, लियाम स्कॉट, लैची शॉ, टॉम स्ट्रैकर, विल सदरलैंड, हैनरी थॉरर्टन, लाचलन हर्ने।

 

 

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here