लखनऊ में शनिवार को उत्तर प्रदेश की राज्यपाल श्रीमती आनंदीबेन पटेल के द्वारा अंतराष्ट्रीय खिलाड़ी एवं उत्तर प्रदेश टेबल टेनिस संघ के अध्यक्ष संजीव पाठक को खेल जगत मे उत्कृष्ट कार्य करने व खिलाड़ियों का सहयोग करने के लिए सम्मानित किया।
उम्मीद संस्था द्वारा भारत सरकार के सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्रालय, समाज कल्याण विभाग तथा जिला प्रशासन लखनऊ के सहयोग से ‘स्माइल परियोजना‘ के अंतर्गत राजभवन, लखनऊ में दो दिवसीय खेल महोत्सव-2025 का शुभारंभ विशेष पर इस अवसर पर नगराम, सुगमाऊ, चिनहट, सदर, बुलबुलपुर और नवादा सहित विभिन्न क्षेत्रों से आए 500 पुनर्वासोन्मुख बच्चों ने सक्रिय भागीदारी की।
बता दें कि ये सभी बच्चे, जो पूर्व में भिक्षावृत्ति में संलग्न थे, संस्था एवं शासन की सतत काउंसिलिंग, शिक्षा, संवेदनात्मक देखभाल और प्रोत्साहन के माध्यम से आज मुख्यधारा की ओर अग्रसर हैं। खेल महोत्सव-2025 में पारंपरिक खेलों में बच्चों ने पूरे उत्साह से प्रतिस्पर्धा की और उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। कार्यक्रम में अवध कॉलेजिएट के शिक्षकों एवं विद्यार्थियों ने स्वयंसेवकों के रूप में सहयोग प्रदान किया। प्रतियोगिताओं के उपरांत बच्चों के लिए स्नेहपूर्ण लंगर का आयोजन किया गया। सभी विजेता एवं प्रतिभागी बच्चों को माननीय राज्यपाल श्रीमती आनंदीबेन पटेल द्वारा राजभवन में सम्मानित किया गया।










