भारत और इंग्लैंड के बीच बुधवार 2 जुलाई से बर्मिंघम में एंडरसन-तेंदुलकर ट्रॉफी के लिए 5 टेस्ट की सीरीज का दूसरा मैच खेला जाना है। मैच से एक दिन पूर्व एक घटना ने भारतीय टीम और सुरक्षा एजेंसियों के होश उड़ा दिए। दरअसल टीम इंडिया के होटल के पास एक संदिग्ध पैकेट मिलने की सूचना ने सनसनी फैला दी। भारतीय टीम के होटल के पास स्थित सेंटेनरी स्क्वायर में एक संदिग्ध पैकेट मिलने की सूचना पर पुलिस तुरंत हरकत में आ गई और इलाके की घेराबंदी कर दी गई। आसपास की इमारतों को खाली करवा लिया गया।
सुरक्षा एजेंसियों ने एहतियातन भारतीय खिलाड़ियों को होटल के अंदर ही रहने को कहा। बीसीसीआई सूत्रों की मानें तो बर्मिंघम सिटी सेंटर पुलिस ने सोशल मीडिया के माध्यम से टीम इंडिया के होटल के पास संदिग्ध वस्तु मिलने की जानकारी दी, जिसके बाद खिलाड़ियों को सुरक्षा के चलते बाहर जाने से रोक दिया गया। बताया गया कि गहन छानबीन करके एक घंटे बाद पुलिस ने सुरक्षा घेरा हटा लिया।
पुलिस ने एक्स पर पोस्ट करते हुए कहा- हमने बर्मिंघम सिटी सेंटर के सेंटेनरी स्क्वायर के आसपास घेरा बना रखा है और हम एक संदिग्ध पैकेट की जांच कर रहे हैं। हमें दोपहर तीन बजे से ठीक पहले इसकी जानकारी मिली थी। एहतियात के तौर पर कई इमारतों को खाली करा लिया गया है, जबकि इसकी जांच की जा रही है। कृपया उस इलाके में जाने से बचें। हालांकि, जांच के बाद करीब एक घंटे के भीतर पुलिस ने स्थिति सामान्य घोषित कर दी और सुरक्षा घेरा हटा लिया गया। भारतीय खिलाड़ी होटल के पास ब्रॉड स्ट्रीट पर टहलने जाते हैं, लेकिन इस अलर्ट के बाद सभी को होटल में ही रहने को कहा गया था, इसलिए खिलाड़ी होटल के अंदर ही रहे।










