बारिश रुकी, पर आराध्य का तूफ़ान नहीं, लखनऊ फाल्कन्स ने लॉयंस को रौंदा

0
46
@t20uttarpradesh

लखनऊ। यूपी टी-20 लीग में लखनऊ फाल्कन्स ने गोरखपुर लॉयंस को शनिवार को भारत रत्न श्री अटल बिहारी वाजपेयी इकाना स्टेडियम में 60 रन से हराकर प्लेऑफ़ की रेस में अपनी दावेदारी और मज़बूत कर ली।

इस मुकाबले में टीम के दो नायक रहे—युवा बल्लेबाज़ मैन ऑफ द मैच आराध्य यादव, जिन्होंने तूफ़ानी 61 रन ठोके, और कप्तान विप्रज निगम, जिन्होंने अपनी फिरकी से गोरखपुर की बल्लेबाज़ी को धराशायी कर दिया।

आराध्य यादव का आतिशी अर्धशतक, कप्तान विप्रज निगम की फिरकी से टीम की मिली जीत

पहले बल्लेबाज़ी करते हुए लखनऊ फाल्कन्स ने संभली शुरुआत की, लेकिन जल्द ही आक्रामक रुख अपनाने वाले आराध्य यादव ने मैच का रुख बदल दिया। उन्होंने चौकों-छक्कों की झड़ी लगाकर सिर्फ 35 गेंदों में 61 रन बनाए। बारिश के कारण खेल कुछ देर बाधित हुआ, लेकिन उनकी पारी की गति पर इसका कोई असर नहीं पड़ा।

मोहम्मद सैफ (32 रन) ने उनका साथ दिया, मगर बीच के ओवरों में फाल्कन्स 126 रन पर सात विकेट खोकर संकट में आ गए। ऐसे वक्त में अक्षु बाजवा ने लगातार तीन छक्कों से पारी को सहारा दिया और टीम का स्कोर 169 तक पहुँचाया।
गोरखपुर की ओर से वासु वत्स (3/16) और प्रिंस यादव (3/44) सबसे सफल गेंदबाज़ रहे।

170 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए गोरखपुर की शुरुआत निराशाजनक रही। भुवनेश्वर कुमार ने पहला ओवर मेडन डालकर दबाव बनाया और फिर कप्तान विप्रज निगम ने गेंद संभालते ही लॉयंस पर कहर बरपाया।

निगम ने चार विकेट चटकाए, जिनमें अक्षदीप नाथ (41) और अंशुमान सिंह (29) जैसे अहम बल्लेबाज़ शामिल थे। उनके स्पेल ने गोरखपुर की बल्लेबाज़ी की रीढ़ तोड़ दी। अभिनंदन सिंह (2/16) ने भी अहम योगदान दिया। पूरी टीम 17.3 ओवर में 109 रन पर सिमट गई और फाल्कन्स ने 60 रन से शानदार जीत दर्ज की।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here