– हालांकि सब कुछ मौसम और कवर्स हटने के बाद पिच के हालात पर निर्भर करेगा
कानपुर। भारत और आस्ट्रेलिया की ए टीमों के बीच मंगलवार को बारिश की वजह से धुल गया मैच री-शेड्यूल किया गया है और इसे बुधवार को फिर से खेला जा सकता है। देर रात टूर्नामेंट आयोजक डॉ. संजय कपूर ने भी इसकी पुष्टि की है।
बता दें कि नौ बजे से खबर लिखे जाने तक बारिश रुकी हुई थी और ग्राउंड्स मैन देर रात तक मैदान के उस हिस्से को सुखाने की कवायद में लगे थे, जिस हिस्से में कवर्स नहीं पड़े थे। हालांकि री-शेड्यूल किया गया मैच करवाना तभी संभव होगा है जब मौसम खुल जाए और कवर्स हटाने पर विकेट सूखा निकले। सुबह मैच रैफरी संजय वर्मा मैदान और विकेट का निरीक्षण करने के बाद तय करेंगे कि मैच हो सकता है या नहीं।
इस बीच भारतीय टीम के स्टार गेंदबाज अर्शदीप सिंह मंगलवार देर शाम कानपुर पहुंच गए। तिलक वर्मा और हर्षित राणा के भी बुधवार को शहर पहुंचने की संभावना है। यदि री-शेड्यूल मैच बुधवार को हो पाता है तो कम से कम अर्शदीप सिंह भारत ए टीम के साथ जुड़ सकते हैं।










