रणजी ट्रॉफी में खेला गया सबसे कम गेंदों का मुकाबला, सर्विसेज ने इस टीम को दो ही दिन में रौंद डाला

0
78

अब इसे विकेट में खराबी कहें या बल्लेबाजों की विफलता, रणजी ट्रॉफी 2025-26 में तिनसुकिया के ग्राउंड पर खेला गया एक मुकाबला रविवार को सिर्फ 540 गेंदों में ही खत्म हो गया। यह मैच सर्विसेज और असम के बीच खेला गया, जो कि सर्विसेज के नाम रहा। यह मैच सबसे छोटे रणजी मुकाबले के रूप में इतिहास में दर्ज हो गया है। इस मैच में रणजी ट्रॉफी के 91 साल के इतिहास में पहली बार ऐसा भी देखने को मिला जब एक ही पारी में 2 अलग-अलग गेंदबाजों ने हैट्रिक लेने का कारनामा भी किया, जिसमें ये कमाल सर्विसेज के अर्जुन शर्मा और मोहित जांगरा ने किया।

इस मैच में मेजबान असम ने काफी खराब प्रदर्शन किया और इसी का नतीजा रहा कि यह मैच सिर्फ दो दिनों में ही खत्म हो गया। मैच के पहले दिन के कुल 25 विकेट गिरे थे तो वहीं दूसरे दिन सर्विसेज की टीम को सिर्फ 71 रनों का लक्ष्य मिला था, जिसे उसने सिर्फ 2 विकेट के नुकसान पर हासिल कर लिया और यह मैच 8 विकेट से जीतने में कामयाब रही।

असम और सर्विसेज के बीच हुए इस मुकाबले में कुल 540 गेंदों का खेल देखने को मिला, जिसमें इसी के साथ रणजी ट्रॉफी के इतिहास का ये गेंदों में मामले में अब तक का सबसे छोटा मुकाबला बन गया। असम ने इस मुकाबले में पहले बल्लेबाजी करते हुए 103 रन बनाए। इसमें प्रद्युम सैकिया ने 52 और रियान पराग ने 36 रनों का योगदा दिया। टीम के 7 बल्लेबाज तो खाता ही नहीं खोल सके। लेफ्ट ऑर्म स्पिनर अर्जुन शर्मा ने 5, मोहित जांगरा ने 3 और पुलकित नारंग ने दो विकेट लिए।

इसके जवाब में सर्विसेज की टीम ने अपनी पहली पारी में 108 रन बनाकर 5 रनों की मामूली बढ़त हासिल की। इस स्कोर में इरफान अली (51) की नाबाद अर्द्धशतकीय पारी भी शामिल है। खास बात यह रही कि इस पारी में असम की ओर से स्पिनर्स ने शुरुआती आक्रमण की बागडोर संभाली। ऑफ स्पिनर रियान पराग ने 5, जबकि लेफ्ट ऑम स्पिनर राहुल सिंह ने 4 विकेट लिए।

असम की दूसरी पारी भी सिर्फ 75 रनों पर ढह गई। सुमित ने सर्वाधिक 25 रन बनाए। इस बार भी 4 बल्लेबाज खाता नहीं खोल सके। सर्विसेज के लिए अर्जुन शर्मा ने 4 और अमित शुक्ला ने तीन विकेट लिए। सर्विसेज की टीम को सिर्फ 71 रनों का लक्ष्य मिला था, जिसे उसने सिर्फ 2 विकेट के नुकसान पर हासिल कर लिया। रियान ने सर्विसेज टीम की पहली पारी में जहां कुल 5 विकेट अपने नाम किए तो वहीं दूसरी पारी में वह 2 विकेट लेने में कामयाब रहे, जिसके साथ रियान ने इस मैच में कुल 7 विकेट हासिल किए। असम टीम की तरफ से खेल रहे रियान पराग भले ही इस मैच में बल्ले से कोई कमाल दिखाने में कामयाब नहीं हो सके, लेकिन गेंद से उनका जलवा जरूर देखने को मिला।

इस मैच ने 63 साल पुराने रिकॉर्ड को तोड़ दिया जब साल 1962 में रेलवे और दिल्ली की टीम के बीच में हुए मैच में कुल 547 गेंदों का खेल देखने को मिला था। सर्विसेज की टीम इस मैच में जीत के साथ अब एलीट ग्रुप-सी की प्वाइंट्स टेबल में 2 मैचों के बाद 13 अंकों के साथ पहले नंबर पर पहुंच गई है, जिसमें उनका नेट रनरेट 0.710 का है। वहीं असम टीम को लेकर बात की जाए तो उनके 2 मैचों में सिर्फ एक अंक है और वह 5वें नंबर पर हैं।

 

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here