बारिश के खलल के बाद चमका आकाश, कप्तान शुभमन गिल ने बर्मिघम में इतिहास रचा

0
61

-भारत ने इंग्लैंड को उसकी सरजमीं पर 336 रनों के विशाल अंतर से हराया

– पहली बार मिली बर्मिंघम में जीत, आकाश दीप ने अंग्रेजों की बैंड बजाई

भारतीय टीम ने गेंदबाजी और बल्लेबाजी में एकजुट प्रदर्शन करते हुए बर्मिंघम टेस्ट में इंग्लैंड की बैंड बजाते हुए भारत को 5 मैचों की सीरीज में 1-1 की बराबरी पर ला खड़ा किया। कप्तान शुभमन गिल ने गेंदबाजों को अपने जबर्दस्त प्रदर्शन से प्रेरित किया, जिसके बाद आकाश दीप और मोहम्मद सिराज ने अंग्रेज बल्लेबाजों उन्ही के मैदान में धूल चटाते हुए भारत को एंडरसन-तेंदुलकर ट्रॉफी के लिए खेली जा रही सीरीज में 336 रनों के विशाल अंतर से जीत दर्ज करवाई। इंग्लैंड की दूसरी पारी पांचवें व अंतिम दिन दूसरे ही शेषन में 271 रनों पर ढेर हो गई। शुभमन गिल प्लेयर ऑफ द मैच रहे। उन्होंने पहली पारी में 269 रन और दूसरी पारी में 161 रनों की पारी खेली। सीरीज का तीसरा मुकाबला 10 जुलाई से लॉर्ड्स में खेला जाएगा। यह विदेश में रनों के लिहाज से सबसे बड़ी जीत भी रही।

आकाश दीप ने दूसरी पारी में लिए 6 विकेट

इंग्लैंड के खिलाफ दूसरी पारी बिखेरने में आकाश दीप ने जबर्दस्त भूमिका निभाई। उन्होंने चौथे दिन बेन डकेट और जो रूट के विकेट लेकर भारत को जीत की राह दिखाई थी, जबकि पांचवें दिन 4 और विकेट लेकर इंग्लिश बल्लेबाजी की कमर तोड़ दी। आकाश दीप ने दूसरी पारी में कुल 6 विकेट लिए। इंग्लैंड के लिए जेमी स्मिथ के अलावा इंग्लैंड का कोई बल्लेबाज लम्बी पारी नहीं खेल सका। कप्तान बेन स्टोक्स के बल्ले से जरूर 33 रन निकले, लेकिन वह अपनी पारी को लंबा नहीं खींच पाए। आकाश दीप का यह टेस्ट कॅरिअर में पहला पंजा है।

जेमी स्मिथ दोनों पारियों में शतक लगाने के कारनामे से चूके

पहली पारी में दोहरे शतक से चूकने वाले इंग्लैंड के विकेट कीपर बल्लेबाज जेमी स्मिथ दूसरी पारी में भी शतक बना सकते थे लेकिन उन्हें 88 रनों पर आकाश दीप ने सुनियोजित ढंग से जाल बिछाकर अपना शिकार बना लिया। 72 रनों पर तीन विकेट से आगे अंतिम दिन का खेल शुरू करने वाली इंग्लैंड टीम को अंतिम दिन जीत के लिए 536 रनों का नामुमकिन से लक्ष्य तक पहुंचना था लेकिन उसके बल्लेबाज 199 रन ही और जोड़ सके।

इंग्लैंड की दूसरी पारी 271 रनों पर ढेर

इंग्लैंड की टीम दूसरी पारी में 271 रन ही बना पाई। भारतीय टीम के लिए दूसरी पारी में आकाश दीप के अलावा मोहम्मद सिराज, प्रसिद्ध कृष्णा, रवींद्र जडेजा और वॉशिंगटन सुंदर के खाते में एक-एक विकेट आया। विशाल टारगेट का पीछा करते हुए इंग्लैंड की शुरुआत चौथे दिन चाय के बाद के खेल में काफी खराब रही थी और उसने 50 रनों तक अपने तीन विकेट गंवा दिए थे। इनमें जैक क्राउली (0) को मोहम्मद सिराज ने आउट किया, वहीं बेन डकेट (25) और जो रूट (6) को आकाश दीप ने चलता किया। इसके बाद ओली पोप और हैरी ब्रूक ने नाबाद लौटे थे।

बारिश के खलल के बाद आकाश दीप छाये

पांचवें दिन जब बारिश के खलल के बाद मुकाबला शुरू हुआ तो आकाश दीप ने भारत को जल्द ही सफलता दिला दी। उन्होंने ने सेट बल्लेबाज ओली पोप (24) को बोल्ड कर दिया। इसके बाद आकाश दीप ने ही हैरी ब्रुक (23) को आउट करके भारत को पांचवीं सफलता दिला दी। इस विकेट के गिरने के बाद बेन स्टोक्स और जेमी स्मिथ ने छठे विकेट के लिए 70 रनों की साझेदारी करके इंग्लैंड को संभालने की कोशिश की। लेकिन वॉशिंगटन सुंदर ने लंच से ठीक पहले बेन स्टोक्स (33 रन) को आउट करके इस पार्टनरशिप को तोड़ा। स्टोक्स ने इस पर डीआरएस का इस्तेमाल किया लेकिन तीसरे अम्पायर का फैसला भी उनके खिलाफ ही आया।

आकाश दीप ने मैच में कुल 10 विकेट झटके

लंच के बाद प्रसिद्ध कृष्णा ने क्रिस वोक्स (7) को आउट किया। वहीं आकाश दीप ने जेमी स्मिथ को आउट करके पारी में पांच विकेट हॉल पूरे किए। आकाश ने पहली बारी टेस्ट पारी में 5 विकेट झटके हैं। स्मिथ ने 99 गेंदों पर 88 रन बनाए, जिसमें 9 चौके और चार छक्के शामिल रहे। जोश टंग (2) नौवें विकेट के रूप में आउट हुए और उन्हें रवींद्र जडेजा ने चलता किया। वहीं ब्रायडन कार्स (38) को आउट करके आकाश ने भारत को जीत दिला दी। आकाश ने मैच में कुल 10 विकेट झटके।

बर्मिंघम में खत्म हुआ हार का सिलसिला

बर्मिंघम के मैदान पर पहली बार भारतीय टीम ने टेस्ट मैच जीता है। इससे पहले भारत ने यहां पर 8 टेस्ट मुकाबले खेले थे, जिसमें से 7 में हारे थे। अब गिल की कप्तानी में टीम इंडिया ने असंभव को संभव करके दिखाया है। वह पहले ऐसे कप्तान बने हैं, जिन्होंने भारत को बर्मिंघम में पहली टेस्ट जीत दिलाई है। देखा जाए तो भारत ने पहली बार बर्मिंघम के एजबेस्टन मैदान पर टेस्ट जीत हासिल की है। इससे पहले जो उसने इस मैदान पर 8 टेस्ट मैच खेले थे, उसमें से सात में भारतीय टीम को हार का सामना करना पड़ा था, जबकि एक मुकाबला ड्रॉ पर छूटा।

विदेश में रनों के लिहाज से सबसे बड़ी जीत, 58 साल का सूखा खत्म

भारतीय टीम ने इस मैदान पर पहला टेस्ट जुलाई 1967 में खेला था, जिसमें उसे 132 रनों से पराजय का मुंह देखना पड़ा था। अब भारत ने 58 साल का सूखा खत्म किया है। भारत की विदेशी जमीन पर ये रनों के लिहाज से सबसे बड़ी टेस्ट जीत भी रही। इससे पहले 2019 में एंटीगा टेस्ट में भारत ने वेस्टइंडीज को 318 रनों से हराया। बता दें कि भारतीय टीम ने अपनी दूसरी पारी 427/6 के स्कोर पर घोषित की थी। मुकाबले में भारतीय टीम ने अपनी पहली पारी में 587 और इंग्लैंड ने अपनी पहली इनिंग्स में 407 रन बनाए। पहली पारी के आधार पर भारत को 180 रनों की बड़ी लीड मिली थी।

 

 

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here