– सेमीफाइनल में स्पोर्ट्स हॉस्टल लखनऊ ने स्पोर्ट्स हॉस्टल वाराणसी को 9-0 और स्पोर्ट्स हॉस्टल झांसी ने स्पोर्ट्स कॉलेज लखनऊ को 3-1 से हराया
लखनऊ के पद्मश्री मोहम्मद शाहिद हॉकी स्टेडियम में चल रही जूनियर पुरुष राज्य हॉकी प्रतियोगिता का फाइनल लखनऊ स्पोर्ट्स हॉस्टल और झांसी स्पोर्ट्स हॉस्टल की टीमों के बीच खेला जाएगा। दोनों टीमों ने मंगलवार को खेले गए सेमीफाइनल मुकाबले जीतकर फाइनल में प्रवेश किया। पहले सेमीफाइनल में लखनऊ को जीत के लिए संघर्ष नहीं करना पड़ा और उसने आसानी के साथ वाराणसी स्पोर्ट्स हॉस्टल की टीम को एकतरफा मुकाबले में 9-0 से रगड़ दिया। दूसरे सेमीफाइनल में स्पोर्ट्स हॉस्टल झांसी और स्पोर्ट्स कॉलेज लखनऊ के बीच पहले हाफ में झांसी छाया रहा, जबकि दूसरे हाफ में दोनों टीमों के बीच संघर्ष देखने को,मिला लेकिन अंतत: झांसी ने इस मुकाबले को 3-1 से जीत लिया।
लखनऊ के लिए शाहरुख ने किए 4 गोल
स्पोर्ट्स हॉस्टल लखनऊ ने पूरे मैच के दौरान वाराणसी टीम को रक्षात्मक ही रखा। वाराणसी ने कुछ मूव बनाए भी लेकिन वे फिनिशिंग नहीं दे सके। दूसरी ओर लखनऊ ने खेल को पूरी तरह से अपने नियंत्रण में रखते हुए नियमित अंतराल में गोल दागे। लखनऊ की ओर से शाहरुख ने सर्वाधिक 4 गोल किए, जबकि 2-2 गोल अभिषेक और आतिफ ने किए, जबकि एक गोल राघवेन्द्र ने किया। लखनऊ हॉस्टल की ओर से 6 मैदानी गोल हुए, जबकि 3 पेनाल्टी कॉर्नर गोल में बदले गए। इनमें 2 पेनाल्टी कॉर्नर पर आतिफ और 1 पर शाहरुख ने गोल दागा।
दूसरा सेमीफाइनल झांसी ने जीता
दूसरे सेमीफाइनल में झांसी ने स्पोर्ट्स कॉलेज लखनऊ को 3-1 से शिकस्त दी। इस मुकाबले में दोनों टीमों के बीच दूसरे हॉफ में ही संघर्ष हुआ। मैच के पहले क्वार्टर में झांसी के लिए अक्षत वर्मा ने क्रमश: 5वें और 6वें मिनट में मिले पेनाल्टी कॉर्नर को गोल में तब्दील करके 2-0 की बढ़त बना ली। इसके बाद 30वें मिनट पर संजय यादव ने मैदानी गोल की जरिए स्कोर 3-0 कर दिया।
दूसरे हाफ में दिखा मुकाबले में संघर्ष
दूसरे हाफ में दोनों टीमों के बीच कड़ा संघर्ष देखने को मिला। स्पोर्ट्स कॉलेज लखनऊ ने कई अच्छे मूव बनाए और अंतत: 49वें मिनट में कप्तान धीरत पाल ने पेनाल्टी कॉर्नर को गोल में बदलकर बढ़त का अंतर कुछ कम किया। लेकिन इसके बाद झांसी की मजबूत रक्षापंक्ति ने स्पोर्ट्स कॉलेज लखनऊ को कोई और मौका नहीं दिया। लम्बी सीटी बजने पर मुकाबला 3-1 से झांसी के पक्ष में खत्म हुआ। फाइनल में स्पोर्ट्स हॉस्टल लखनऊ का सामना स्पोर्ट्स हॉस्टल झांसी से होगा।










