लखनऊ : आईपीएल 2026 में इकाना क्रिकेट स्टेडियम में मैच देखने आने वाले दर्शकों को इस बार एक नई सुविधा मिलने जा रही है। लखनऊ सुपर जायंट्स (एलएसजी) प्रबंधन ने पहली बार सभी मैचों के लिए एम-टिकट (मोबाइल टिकट) व्यवस्था शुरू की है, जिससे क्रिकेट प्रेमियों को अब फिजिकल टिकट लेने के लिए काउंटर पर जाने की जरूरत नहीं पड़ेगी।
नई व्यवस्था के तहत दर्शक जैसे ही बुक माई शो पर ऑनलाइन टिकट बुक करेंगे, उनके मोबाइल नंबर पर एम-टिकट भेज दिया जाएगा। स्टेडियम के प्रवेश द्वार पर इस टिकट को मोबाइल से स्कैन कराकर दर्शक सीधे अंदर प्रवेश कर सकेंगे। इससे प्रवेश प्रक्रिया तेज और सुविधाजनक हो जाएगी।
टीम प्रबंधन के अनुसार एम-टिकट पूरी तरह कागज रहित होंगे, जिससे टिकट खोने या सुरक्षित रखने की चिंता भी नहीं रहेगी। साथ ही यह व्यवस्था अधिक सुरक्षित है, क्योंकि इन टिकटों को किसी अन्य व्यक्ति को ट्रांसफर नहीं किया जा सकेगा। ऑनलाइन बुकिंग के कारण दर्शकों को टिकट काउंटर पर लंबी कतारों में भी नहीं लगना पड़ेगा।
पहले मैच के टिकट हुए लॉन्च
एलएसजी प्रबंधन ने बताया कि इकाना स्टेडियम में एक अप्रैल को लखनऊ सुपर जायंट्स और दिल्ली कैपिटल्स के बीच होने वाले मुकाबले के टिकट रविवार से लॉन्च कर दिए गए हैं। क्रिकेट प्रेमी बुक माई शो की वेबसाइट या ऐप के जरिए आसानी से टिकट बुक कर सकते हैं।
बुजुर्गों, महिलाओं और बच्चों के लिए अलग लाइन
मैच के दिन दर्शकों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए इस बार स्टेडियम के सभी गेट पर महिलाओं, बुजुर्गों और बच्चों के लिए अलग लाइन की व्यवस्था की जाएगी। इससे उन्हें प्रवेश के दौरान किसी तरह की परेशानी का सामना नहीं करना पड़ेगा।
एलएसजी ब्रिगेड से जुड़कर मिलेगा खास मौका
लखनऊ सुपर जायंट्स ने इस सीजन फैंस के लिए ‘एलएसजी ब्रिगेड’ नाम से विशेष मेम्बरशिप भी शुरू की है। 4999 रुपये की इस मेम्बरशिप के जरिए प्रशंसक इकाना स्टेडियम में होने वाले सभी मैच देख सकेंगे।
इसके साथ ही मेम्बरशिप लेने वालों को खिलाड़ियों से मिलने का मौका, एलएसजी की फैन जर्सी और मेम्बरशिप कार्ड भी दिया जाएगा। टीम प्रबंधन के अनुसार एलएसजी ब्रिगेड से जुड़ने के लिए शहर में अलग-अलग स्थानों पर कैंप लगाए जा रहे हैं, जिनकी जानकारी टीम के आधिकारिक सोशल मीडिया पेज पर साझा की जा रही है।










