तिलक वर्मा की मेहनत पर फिरा पानी, आस्ट्रेलिया ए ने दूसरा मैच 9 विकेट से जीत सीरीज में वापसी की

0
52

– भारत ए डकवर्थ लुईस नियम से हारा, अब रविवार को खेला जाने वाला तीसरा मैच हुआ महत्वपूर्ण
– दूसरे वन डे में तिलक वर्मा और रियान पराग को छोड़ भारतीय बल्लेबाजी में नहीं दिखा दम, गेंदबाजी में नहीं कमाल दिखा पाए दिग्गज

कानपुर। तिलक वर्मा (94) की धमाकेदार पारी के बावजूद भारत ए को दूसरे अनाधिकृत एक दिवसीय मैच में आस्ट्रेलिया के खिलाफ ग्रीनपार्क स्टेडियम में डकवर्थ लुइस नियम से करारी हार का सामना करना पड़ा। भारत ए ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए 45.5 ओवर में सभी विकेट गंवाकर 246 रन का स्कोर खड़ा किया। आस्ट्रेलिया ए की पारी के दौरान बारिश ने मैच में बाधा डाली। मैच जब दोबारा शुरू हुआ तो आस्ट्रेलिया ए ने 25 ओवर में मिले 160 रनों के संशोधित लक्ष्य को सिर्फ 16.4 ओवर में एक विकेट के नुकसान पर हासिल कर लिया।

आस्ट्रेलिया ए ने धमाकेदार अंदाज में लक्ष्य का पीछा करना शुरू किया। उसने अभी 48 रन ही बनाए थे कि तभी तेज बारिश के कारण मैच को रोकना पड़ा। मैच जब दोबारा शुरू हुआ तो डकवर्थ लुईस नियम के तहत ओवरों की संख्या 50 से घटाकर 25 कर दी गई, जबकि लक्ष्य भी 247 से घटाकर 160 कर दिया गया। मेहमान बल्लेबाजों ने अपनी आक्रामक बल्लेबाजी उसी अंदाज में फिर शुरू की जहां से बारिश की वजह से उन्हें रोकनी पड़ी थी, क्योंकि उन्हें मालूम था कि यदि दोबार बारिश की वजह से व्यवधान पड़ा तो यह मैच रद्द हो जाएगा।

आस्ट्रेलिया ए का स्कोर जब 6.5 ओवर में 57 रन पर था, सलामी बल्लेबाज फ्रैजर मैक्गर्क (36) रन बनाकर निशांत सिंधु का शिकार बन गए। लेकिन इसके बाद प्लेयर ऑफ द मैच मैकेंजी हार्वी (70 रन, 49 गेंद, 2 छक्के, 10 चौके) और कूपर कॉन्ली (50 रन, 31 गेंद, 3 छक्के, 5 चौके) ने दूसरे विकेट के लिए ताबड़तोड़ 103 रनों की अटूट साझेदारी करके भारत का खेल बिगाड़ दिया। आस्ट्रेलिया ए ने जब जीत हासिल की तब 50 गेंदों का खेल शेष था। अर्शदीप सिंह, हर्षित राणा, रवि विश्नोई और पहले मैच में मेहमानों को फंसाने वाले निशांत सिंधु के होने के बावजूद भारत ए की गेंदबाजी प्रभाव छोड़ने में असफल रही।

इससे पहले कप्तान श्रेयस अय्यर का टॉस जीत कर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला सही साबित नहीं हुआ। भारत 17 रनों पर ही अभिषेक शर्मा, प्रभसिमरन और श्रेयस अय्यर के विकेट खो चुका था। वो तो पाकिस्तान के खिलाफ एशिया कप फाइनल में 69 रनों की धमाकेदार पारी खेलने वाले तिलक वर्मा ने एक और बेहतरीन पारी खेलकर स्थिति को संभाल लिया। उन्होंने संभलकर खेलते हुए 122 गेंदों पर 4 छक्कों और 5 चौकों की मदद से शानदार 94 रन बनाकर भारत ए को सम्मानजनक स्कोर तक पहुंचाने में मदद की। हालांकि वे मात्र 6 रनों से अपने शतक से चूक गए। भारत की हार की वजह अधिकांश बल्लेबाजों का असफल होना रहा।

एशिया कप में अपने प्रदर्शन से सबको चौंकाने वाले अभिषेक शर्मा बिना खाता खोले आउट हो गए, जबकि प्रभ सिमरन सिंह (1) और पहले वन डे में शतक लगाने वाले कप्तान श्रेयस अय्यर (8) भी सस्ते में आउट हो गए। इसके बाद तीसरे नंबर पर बल्लेबाजी करने आए तिलक वर्मा ने एक छोर संभाले रखा। तिलक वर्मा और रियान पराग (58 रन, 54 गेंद, एक छक्का, 6 चौके) के बीच चौथे विकेट के लिए 101 रन की साझेदारी न हुई होती तो भारत का स्कोर काफी खराब हो सकता था। रियान पराग के अलावा हर्षित राणा (21) और रवि विश्नोई ने जरूर भारतीय स्कोर को संघर्ष करने योग्य बनाने में थोड़ी मदद की। रवि बिश्नोई ने 30 गेंदों पर 26 रन बनाए।

सीरीज का पहला मुकाबला भारतीय टीम ने जीता था। इस मैच में जीत हासिल कर उसके पास सीरीज में विजयी बढ़त लेने का मौका था लेकिन हारने से अब स्कोर 1-1 से बराबर हो गया है। तीसरा और अंतिम वन डे 5 अक्टूबर को खेला जाना है। सीरीज लेवल हो जाने से अब तीसरा मैच महत्वपूर्ण हो गया है। जो टीम यह मैच जीतेगी, सीरीज पर भी उसी का कब्जा होगा।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here