आईसीसी टी20 विश्व कप में न्यूजीलैंड ने मंगलवार को ऐसा प्रदर्शन किया, जिसने टूर्नामेंट की तस्वीर और अपनी दावेदारी—दोनों को और मज़बूत कर दिया।
संयुक्त अरब अमीरात द्वारा खड़ा किया गया अब तक का सर्वश्रेष्ठ विश्व कप स्कोर भी कीवी बल्लेबाज़ों के सामने बौना साबित हुआ और न्यूजीलैंड ने यूएई को 10 विकेट से करारी शिकस्त देकर लगातार दूसरी जीत दर्ज की।
174 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी न्यूजीलैंड की टीम ने एक भी विकेट गंवाए बिना महज 15.2 ओवर में मुकाबला समाप्त कर दिया। इस जीत की कहानी लिखी टिम सिफर्ट और फिन एलन ने, जिन्होंने पहले विकेट के लिए 175 रन की रिकॉर्ड साझेदारी कर टी20 विश्व कप इतिहास में नया अध्याय जोड़ दिया।
‘प्लेयर ऑफ द मैच’ बने टिम सिफर्ट ने 42 गेंदों में नाबाद 89 रन की तूफानी पारी खेली, जिसमें 12 चौके और तीन छक्के शामिल रहे।
वहीं फिन एलन ने 50 गेंदों में नाबाद 84 रन बनाए और इस दौरान अपने टी20 अंतरराष्ट्रीय करियर के 100 छक्के भी पूरे कर लिए। दोनों बल्लेबाज़ों ने शुरुआत से ही आक्रामक रुख अपनाया और यूएई के गेंदबाज़ों को मैच में लौटने का कोई मौका नहीं दिया।
पावरप्ले में ही न्यूजीलैंड बिना विकेट गंवाए 78 रन तक पहुंच चुका था। इसके बाद भी रनगति में कोई कमी नहीं आई। नौवें ओवर में टीम ने 100 रन पूरे कर लिए और अंततः 16वें ओवर में सिफर्ट के छक्के के साथ जीत पर मुहर लग गई।
इससे पहले यूएई ने कप्तान मोहम्मद वसीम (नाबाद 66) और अलीशाह शराफू (55) की शानदार पारियों के दम पर छह विकेट पर 173 रन बनाए थे, जो इस प्रारूप के विश्व कप में उनका सर्वोच्च स्कोर है।
दोनों ने दूसरे विकेट के लिए 107 रन जोड़कर टीम को मजबूत स्थिति में पहुंचाया। अंतिम ओवरों में मयंक कुमार ने 13 गेंदों में 21 रन बनाकर स्कोर को सम्मानजनक ऊंचाई तक पहुंचाया।
न्यूजीलैंड की ओर से मैट हेनरी ने अंतिम ओवर में दो विकेट झटके, जबकि डफी, फर्ग्यूसन, सैंटनर और ग्लेन फिलिप्स को एक-एक सफलता मिली।
हालांकि यूएई की बल्लेबाज़ी सराहनीय रही, लेकिन जवाब में सिफर्ट और एलन की नाबाद जोड़ी के सामने वह प्रदर्शन भी फीका पड़ गया। इस जीत के साथ न्यूजीलैंड ने न सिर्फ अंक तालिका में अपनी स्थिति मज़बूत की, बल्कि टूर्नामेंट में अपने इरादे भी साफ़ कर दिए।










