यूपी ने खोला जीत का पंजा, जम्मू-कश्मीर को 58 रन से हराया

0
48

यूपी ने विजय हजारे ट्रॉफी के ग्रुप बी में दमदार प्रदर्शन जारी रखते हुए जम्मू-कश्मीर को 58 रनों की हराकर लगातार पांचवीं जीत दर्ज की। सुखद यह कि लम्बे समय से बड़ी पारी का इंतजार करने वाले समीर रिज़वी ने भी फाॅर्म पकड़ ली है, जबकि प्रियम गर्ग ने लगातार दूसरे मैच में अर्द्धशतक लगा अपनी फाॅर्म में वापसी का जश्न मनाया।

फाॅर्म में लौटे प्रियम गर्ग और समीर रिजवी, ध्रुव जुरेल ने भी ठोकी फिफ्टी

राजकोट के निरंजन शाह स्टेडियम में खेले गए इस मैच में यूपी ने टाॅस हारने के बाद पहले बल्लेबाजी करते हुए प्लेयर ऑफ द मैच समीर रिजवी (नाबाद 80), ध्रुव जुरेल (55), प्रियम गर्ग (54), रिंकू सिंह (41) और प्रशांतवीर (नाबाद 37) की मदद से खराब मौसम के चलते 48 ओवर्स का कर दिए गए मुकाबले में 5 विकेट खोकर 322 रन बनाए।

इस टूर्नामेंट में 2 शतक और एक 80 रन की पारी खेल चुके आर्यन जुयाल (22) एक और बड़ी पारी नहीं खेल सके।
यूपी की ओर से मिले 323 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी जम्मू-कश्मीर की टीम निर्धारित ओवरों में 8 विकेट पर 264 रनों तक ही पहुंच सकी।

जीशान अंसारी और कुलदीप यादव की शानदार गेंदबाजी

यावर हसन की नाबाद 85 और शुभम खजूरिया की 60 रनों की पारियां टीम को जीत नहीं दिला सकीं। इन दोनों बल्लेबाजों के अलावा कामरान इकबाल ने 32 और आकिब नबी ने भी 30 रनों का योगदान किया। यूपी के लिए जीशान अंसारी ने 3 और कुलदीप यादव ने 2 विकेट लिए।

पहले बल्लेबाजी करने वाली यूपी की टीम एक समय अपनी सलामी जोड़ी आर्यन जुयाल और अभिषेक गोस्वामी (15) के विकेट 43 रनों पर खो देने से लड़खड़ाते हुए नजर आ रही थी लेकिन ध्रुव जुरेल और प्रियम गर्ग के बीच तीसरे विकेट के लिए 114 रनों की साझेदारी ने उसे संभाल लिया।

नाॅक आउट में पहुंच चुकी यूपी ग्रुप बी में 20 अंक लेकर शीर्ष पर

इस जीत से यूपी के 5 मैचों में 20 अंक हो गए हैं। हर ग्रुप से टाॅप पर रहने वाली 2-2 टीमों को नाॅक आउट दौर में प्रवेश मिलना था। यूपी की टीम इस टूर्नामेंट में पहले ही शीर्ष पर रहते हुए क्वार्टर फाइनल में पहुंच चुकी है, जबकि 5 मैचों से 16 अंक लेकर विदर्भ की टीम इस ग्रुप से क्वार्टर फाइनल में पहुंचने वाली दूसरी टीम बनी है।

जुरेल और गर्ग के विकेट 9 रनों के भीतर गिर जाने से यूपी की पारी एक बार फिर डगमगाने लगी थी। लेकिन इस बार कप्तान रिंकू सिंह और समीर रिज़वी ने मोर्चा संभालते हुए पांचवें विकेट के लिए 80 रनों की शानदार साझेदारी कर जम्मू-कश्मीर के गेंदबाजों को हावी होने का मौका नहीं दिया। समीर रिज़वी ने आक्रामकता दिखाते हुए अपनी नाबाद अर्द्धशतकीय पारी के दौरान 45 गेंदों में ही 5 छक्के और 6 चौके जड़े।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here