लखनऊ। काशी रुद्रास ने यूपी टी-20 लीग 2025 के फाइनल मुकाबले में शानदार टीमवर्क और रणनीति का प्रदर्शन करते हुए मेरठ मावरिक्स को 8 विकेट से पराजित कर दूसरी बार खिताबी जीत अपने नाम की।
इकाना स्टेडियम में फाइनल में पहले बल्लेबाजी करने उतरी मेरठ मावरिक्स की शुरुआत बेहद कमजोर रही। टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी टीम ने शुरुआती 10 ओवर में 4 विकेट गंवा दिए और 48 रन पर सिमट गई।
अक्षय दुबे ने 15 गेंदों में 17 रन बनाकर कार्तिक यादव के हाथों कैच आउट हुए, जबकि सात्विक चिकारा बिना खाता खोले ही सुनील कुमार की गेंद पर पवेलियन लौट गए। कप्तान माधव कौशिक महज 6 रन बनाकर शिवम मावी की गेंद पर आउट हुए, वहीं ऋतुराज शर्मा को सक्षम राय ने 12 रन पर पवेलियन भेज दिया।
प्रशांत चौधरी ने 29 गेंदों में 37 रन बनाकर टीम को संभालने की कोशिश की, जबकि रितिक वत्स ने तेज़ अंदाज में 18 रन जोड़े। इसके बावजूद, यशोवर्धन सिंह ने उन्हें कैच कराकर पवेलियन भेजा। यश गर्ग रन आउट हुए, जबकि जीशान सिद्दिकी को सुनील कुमार ने बोल्ड किया।
दिव्यांश राजपूत ने 18 गेंदों में 18 रन बनाकर टीम को थोड़ी राहत दी। अंत में कार्तिक त्यागी ने नाबाद 6 रन बनाकर टीम का स्कोर 144 रन पर सीमित किया।
काशी रुद्रास के कार्तिक यादव और शिवम मावी ने 2-2 विकेट चटकाए, जबकि सुनील कुमार को भी 2 विकेट मिले। बेहतरीन गेंदबाजी के चलते मेरठ मावरिक्स को बड़ा स्कोर बनाने से रोक दिया गया।
लक्ष्य का पीछा करने उतरी काशी रुद्रास की शुरुआत आक्रामक रही। कप्तान करण शर्मा ने मात्र 31 गेंदों में 65 रन की विस्फोटक पारी खेली, जिसमें 10 चौके और 2 छक्के शामिल थे।
उनकी आक्रमक बल्लेबाजी ने टीम को शानदार गति से बढ़त दिलाई। अभिषेक गोस्वामी ने भी अपनी जिम्मेदार नाबाद 57 रन की पारी से टीम को मजबूती प्रदान की। इस सलामी साझेदारी ने काशी रुद्रास को सिर्फ 15.4 ओवर में 2 विकेट खोकर 148 रन बनाकर लक्ष्य हासिल करने में मदद की।
इस शानदार प्रदर्शन से काशी रुद्रास ने यूपी टी-20 लीग का खिताब दूसरी बार अपने नाम किया। गौरतलब है कि यूपी टी-20 लीग के पहले सीजन में भी काशी रुद्रास ने चैंपियन बनने का गौरव हासिल किया था, जबकि दूसरे सीजन में मेरठ मावरिक्स ने पहला खिताब जीता था।










