लखनऊ। ग्रुप स्टेज की धड़कनें बढ़ाने वाली भिड़ंतों के बाद उत्तर प्रदेश टी-20 लीग 2025 अब अपने निर्णायक दौर—प्लेऑफ—में प्रवेश कर चुकी है। अब हर मैच का गणित आसान है: जीतो और आगे बढ़ो, हारो और बाहर हो जाओ।
छह टीमों के साथ शुरू हुई यह लीग अब चार टीमों की खिताबी जंग तक पहुंच गई है। नोएडा किंग्स और कानपुर सुपरस्टार्स पहले ही बाहर हो चुकी हैं। अब मैदान में बाकी हैं चार नाम—काशी रुद्रास, मेरठ मावरिक्स, लखनऊ फाल्कन्स और गौर गोरखपुर लायंस।
3 सितंबर को होने वाले पहले क्वालिफायर में अंकतालिका की शीर्ष टीम काशी रुद्रास भिड़ेगी मेरठ मावरिक्स से। काशी रुद्रास की बात करे तों कप्तान करण शर्मा इस सीजन में रनों की मशीन साबित हुए हैं।
उनके बल्ले से अब तक 411 रन निकले हैं, जिसमें एक शतक और तीन अर्धशतक शामिल हैं। गेंदबाजी में शिवम मावी (18 विकेट, 8 मैच) और अटल बिहारी राय (18 विकेट, 10 मैच) टीम की सबसे बड़ी ताकत हैं।
वहीं मेरठ मावरिक्स के पास रिंकू सिंह जैसा धाकड़ बल्लेबाज है, जो टी-20 का असली गेम चेंजर साबित हो सकते हैं। उन्होंने अब तक 332 रन बनाए हैं, जिसमें एक विस्फोटक शतक भी शामिल है। उनके साथ स्वास्थिक चिकारा भी लगातार भरोसेमंद रहे हैं और 329 रन ठोक चुके हैं।
यह मुकाबला महज़ टीमों का नहीं, बल्कि करण शर्मा की स्थिरता बनाम रिंकू सिंह की आक्रामकता की जंग भी होगा। विजेता टीम सीधे 6 सितंबर के फाइनल में जाएगी, जबकि हारने वाली को क्वालिफायर-2 में दोबारा संघर्ष करना पड़ेगा।
दूसरी ओर उसी दिन खेले जाने वाले एलिमिनेटर में लखनऊ फाल्कन्स और गौर गोरखपुर लायंस आमने-सामने होंगे। इस मैच का समीकरण बेहद सख्त है—हारने वाली टीम का टूर्नामेंट खत्म, जबकि जीतने वाली टीम को क्वालिफायर-2 में खेलने का टिकट मिलेगा। यहां टीमों की असली मानसिक मजबूती और दबाव झेलने की क्षमता की परीक्षा होगी।
खिताबी दौड़ का शेड्यूल
- 3 सितंबर: क्वालिफायर-1 और एलिमिनेटर
- 4 सितंबर: क्वालिफायर-2
- 6 सितंबर: ग्रैंड फिनाले










