यूपी टी-20 लीग फाइनल : काशी रुद्रास – मेरठ मावरिक्स के बीच जोरदार भिड़ंत की उम्मीद

0
39

लखनऊ: उत्तर प्रदेश टी-20 लीग अपने सबसे बड़े मुकाम पर पहुँच चुकी है। शनिवार शाम 7:30 बजे भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी इकाना स्टेडियम में मौजूदा चैंपियन मेरठ मावरिक्स और इस सीजन की सबसे सशक्त टीम काशी रुद्रास आमने-सामने होंगी।

यह भिड़ंत न सिर्फ खिताब के लिए होगी, बल्कि यूपी क्रिकेट की नई पहचान गढ़ने का भी मंच बनेगी। लीग स्टेज में लगातार शानदार प्रदर्शन कर काशी रुद्रास ने सीधे फाइनल का टिकट काटा।

कप्तान करण शर्मा बल्ले से लाजवाब रहे हैं, 11 मैचों में 454 रन बनाकर। वहीं गेंदबाजों में शिवम मावी (20 विकेट) और अटल बिहारी राय (19 विकेट) विपक्षी बल्लेबाजों पर कहर बनकर टूटे। फाइनल से पहले करण शर्मा ने कहा – “हमारी टीम का आत्मविश्वास ऊँचाई पर है, इकाना में हम पूरी ताक़त के साथ उतरेंगे।”

वहीं पिछली बार की विजेता मेरठ मावरिक्स इस बार भी फाइनल में पहुँची है। टीम के लिए सबसे बड़ी चुनौती कप्तान रिंकू सिंह की गैरमौजूदगी है, लेकिन उनकी जगह माधव कौशिक कप्तानी की जिम्मेदारी उठा रहे हैं।

बल्लेबाजी में स्वास्तिक चिकारा (370 रन) और ऋतुराज शर्मा (354 रन) टीम की धुरी होंगे। गेंदबाजी विभाग में कार्तिक त्यागी (17 विकेट) और जीशान अंसारी (15 विकेट) फिर से अहम भूमिका निभा सकते हैं। माधव कौशिक ने प्रेस वार्ता में कहा – “हम पूरी तैयारी के साथ मैदान में उतरेंगे और खिताब बचाने के लिए दमदार खेल दिखाएंगे।”

यूपी टी20 लीग के चेयरमैन डी.एस. चौहान ने टूर्नामेंट की सफलता पर कहा – “यह फाइनल इस बात का प्रमाण है कि यूपी का घरेलू क्रिकेट अब नए मुकाम पर है। खिलाड़ियों का प्रदर्शन और दर्शकों का जोश लीग को खास बना रहा है।”

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here