लखनऊ। इकाना स्टेडियम में रविवार को खेले गए मुकाबले में मेरठ मावरिक्स ने साबित कर दिया कि क्यों क्रिकेट को “अनिश्चितताओं का खेल” कहा जाता है। शुरुआती झटकों से जूझने के बाद टीम ने दिव्यांश राजपूत की धुआंधार पारी और जीशान अंसारी की घातक गेंदबाज़ी के दम पर नोएडा किंग्स को 41 रनों से मात देकर अंकतालिका में अपने 6 अंक पूरे किए।
दिव्यांश-जीशान की जोड़ी ने नोएडा किंग्स के खिलाफ दिलाई 41 रनों की शानदार जीत
टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी मावरिक्स की शुरुआत बेहद आक्रामक रही। स्वास्तिक चिखारा ने पहले ही ओवर में 21 रन जड़कर नोएडा पर दबाव बनाया। लेकिन नमन तिवारी और प्रशांत वीर की कसी गेंदबाज़ी ने मावरिक्स को 45/2 पर झटका दिया।
रितुराज शर्मा (34 रन) और माधव कौशिक ने संभलकर खेलते हुए रनगति बढ़ाई, लेकिन दोनों के आउट होते ही कप्तान रिंकू सिंह (10) भी ज्यादा देर नहीं टिक पाए। 14वें ओवर तक 110/5 का स्कोर बोर्ड पर था और मावरिक्स की स्थिति नाजुक दिख रही थी।
यही वह पल था जब दिव्यांश राजपूत ने पारी की बागडोर संभाली। सीजन का पहला मैच खेल रहे इस बल्लेबाज़ ने धैर्य से शुरुआत की और फिर गियर बदलते हुए सिर्फ 25 गेंदों पर नाबाद 53 रन (3 चौके, 4 छक्के) ठोक डाले।
राजपूत ने ऋतिक वत्स (24) के साथ 60 रनों की साझेदारी कर मावरिक्स को संकट से उबारा। यश गर्ग ने आखिरी ओवर में लगातार तीन चौके जड़ते हुए 5 गेंदों पर 13 रन बनाए और स्कोर 20 ओवर में 184/7 तक पहुंचा दिया।
विशाल का शुरुआती वार, जीशान का घातक स्पेल
नोएडा किंग्स के लिए 185 रन का पीछा करना आसान नहीं था और उनकी शुरुआत भी विनाशकारी रही। बाएं हाथ के स्पिनर विशाल चौधरी ने पहले ही ओवर में कप्तान शिवम चौधरी और प्रियांशु पांडे को लगातार गेंदों पर आउट कर मैच का रुख मावरिक्स की ओर मोड़ दिया।
हालांकि प्रशांत वीर (39) और करण शर्मा (37) ने मिलकर 75 रनों की साझेदारी की और कुछ देर तक उम्मीदें जगाईं, लेकिन बढ़ता रन रेट उनके लिए चुनौती बन गया। कार्तिक त्यागी ने 19वें ओवर में करण को आउट कर मैच से नोएडा को बाहर कर दिया।
इसके बाद आखिरी ओवर में जीशान अंसारी ने कहर बरपाया। उन्होंने 6 गेंदों में तीन विकेट चटकाते हुए 4/17 के शानदार आंकड़े दर्ज किए। विशाल (2/16) और कार्तिक (2/28) ने भी अपने स्पेल से दबाव बनाए रखा। नतीजा यह रहा कि नोएडा किंग्स 20 ओवर में सिर्फ 143/9 तक ही पहुंच पाए।










