यूपी टी20 लीग : भुवनेश्वर कुमार के एक ओवर में ऋतुराज शर्मा ने लगाई चौक्कों-छक्कों की झड़ी

0
118

लखनऊ। टीम इंडिया में वापसी का रास्ता खोज रहे स्टार गेंदबाज भुवनेश्वर कुमार की लखनऊ के इकाना स्टेडियम में बुधवार को जमकर धुनाई हुई। लखनऊ फाल्कन्स के कप्तान भुवी के एक ओवर में मेरठ मावेरिक्स के बल्लेबाज ऋतुराज शर्मा ने चौक्कों-छक्कों की झड़ी लगाते हुए 29 रन अपनी टीम के लिए जोड़े। भुवी का इस मैच में गेंदबाजी विश्लेषण रहा 4 ओवर में 49 रन। मेरठ मावेरिक्स ने दमदार प्रदर्शन करते हुए लखनऊ फाल्कन्स को 93 रनों से हराकर शानदार जीत दर्ज की।

यूपी टी20 लीग के इस 20वें मैच में लखनऊ फाल्कन्स के कप्तान भुवनेश्वर कुमार पहले 3 ओवर में 20 रन देने के बाद जब 19वें ओवर में अपने कोटे का आखिरी ओवर डाल रहे थे। इस ओवर में ऋतुराज ने पहली ही गेंद से उनकी गेंदों पर हमला बोल दिया। ऋतुराज ने छक्के से भुवी के इस ओवर का स्वागत किया। ओवर की दूसरी गेंद वाइड थी। इसके बाद मेरठ मावेरिक्स के बल्लेबाज ने अगली 5 गेंदों पर चौक्कों-छक्कों की झड़ी लगा दी।

स्टार तेज गेंदबाज भुवनेश्वर कुमार लंबे समय से टीम इंडिया से बाहर हैं। यूपी टी 20 लीग में भुवी का प्रदर्शन अब तक कुछ खास नहीं रहा था। अब अपनी टीम के 7वें मैच में खराब प्रदर्शन की वजह से वह चर्चा में आ गए हैं।

भुवी के बाद विपराज निगम आखिरी ओवर करने आए और उन्होंने भी अपने कप्तान के शर्मनाक प्रदर्शन को दोहरा दिया। उन्होंने भी अपने इस ओवर में 29 रन लुटा दिए। इस ओवर में भी 2 चौके और 3 छक्के आए। मेरठ मावेरिक्स की टीम 20 ओवर में 4 विकेट खोकर 233 रनों का विशाल स्कोर खड़ा करने में सफल रही।

ऋतुराज शर्मा 37 गेंदों पर 74 रन बनाकर नाबाद लौटे। रिंकू सिंह ने 27 गेंदों पर 57 रन बनाए। भुवनेश्वर कुमार ने 4 ओवर में 49 रन देकर 1 विकेट अपने नाम किया। विपराज निगम ने 4 ओवर में 48 रन देकर एक शिकार किया। अभिनंदन सिंह और अक्षत पांडेय को भी एक-एक सफलता मिली।

लक्ष्य का पीछा करने उतरी लखनऊ फाल्कन्स की शुरुआत बेहद खराब रही। टीम ने 48 रन तक ही चार विकेट खो दिए और दबाव से उबर नहीं पाई। अंत में पूरी टीम 18.2 ओवर में 140 रन पर सिमट गई। मोहम्मद सैफ ने 18 गेंदों पर 28 और समीर चौधरी ने 25 गेंदों पर 46 रन बनाकर संघर्ष जरूर किया लेकिन जीत से काफी दूर रह गए। मेरठ के गेंदबाजों ने शानदार प्रदर्शन किया। यश गर्ग और जीशान अंसारी ने 3-3 विकेट चटकाए, जबकि विजय कुमार और कार्तिक त्यागी को 2-2 सफलता मिली।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here