लखनऊ। क्रिकेट और मनोरंजन का संगम रविवार की शाम इकाना स्टेडियम में देखने को मिला, जब यूपी टी-20 लीग 2025 की ओपनिंग सेरेमनी ने खेल प्रेमियों को एक अलग ही रंग में रंग दिया। मैदान पर जहां भविष्य के क्रिकेट सितारों के लिए मंच तैयार हुआ, वहीं स्टेज पर बॉलीवुड और म्यूज़िक के सितारों ने धमाकेदार परफॉर्मेंस से महफ़िल लूट ली।
सुनिधि चौहान की सुरीली आवाज़, दिशा पाटनी और तमन्ना भाटिया के डांस मूव्स और फिल्म परम सुंदरी की स्टार कास्ट सिद्धार्थ मल्होत्रा और जान्हवी कपूर की जोड़ी ने कार्यक्रम को किसी फिल्मी अवॉर्ड नाइट जैसा बना दिया। आतिशबाजी और लाइट शो ने स्टेडियम की रौनक और बढ़ा दी।
सितारों का जलवा

ओपनिंग सेरेमनी में सुनिधि चौहान ने डिस्को दीवाने, झूम बराबर झूम, देसी गर्ल और मतलबी जैसे हिट गानों से दर्शकों को झूमने पर मजबूर कर दिया। वहीं दिशा पाटनी ने अपने ग्लैमरस डांस मूव्स से स्टेडियम में मौजूद हजारों फैंस का दिल जीत लिया।
तमन्ना भाटिया ने यूपी बिहार लूटने और स्त्री 2 के गानों पर जबरदस्त डांस कर दर्शकों को खड़े होकर तालियां बजाने पर मजबूर कर दिया। शो की हाइलाइट रही जान्हवी कपूर और सिद्धार्थ मल्होत्रा की जोड़ी, जिन्होंने परम सुंदरी पर परफॉर्म कर दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया।
आतिशबाजी और भव्य माहौल
सांस्कृतिक प्रस्तुतियों और सितारों की परफॉर्मेंस के बीच जब रंग-बिरंगी आतिशबाजी और लाइट शो शुरू हुआ, तो पूरा स्टेडियम रोशनी और संगीत की धुनों से गूंज उठा। यह नज़ारा किसी क्रिकेट टूर्नामेंट से अधिक, एक ग्रैंड फेस्टिवल जैसा लगा।
क्रिकेट का जश्न और खिलाड़ियों का परिचय
कार्यक्रम के बाद बीसीसीआई उपाध्यक्ष राजीव शुक्ला और यूपी टी-20 लीग के चेयरमैन डीएस चौहान सभी टीमों के कप्तानों के साथ मंच पर आए।
इस मौके पर राजीव शुक्ला ने कहा, “यूपी टी-20 लीग न सिर्फ क्रिकेट प्रेमियों के लिए त्योहार है, बल्कि यह राज्य की युवा प्रतिभाओं को बड़ा मंच देने का प्रयास है। आने वाले समय में यहां से कई खिलाड़ी भारतीय क्रिकेट को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाएंगे।”
दर्शकों का उत्साह और ट्रैफिक जाम

कार्यक्रम को देखने के लिए बड़ी संख्या में फैंस स्टेडियम पहुंचे। दर्शकों की भारी भीड़ के कारण शहीद पथ पर दो किलोमीटर लंबा जाम लग गया, जिससे लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा।
आगे का सफर
इस लीग में कुल 30 मैच खेले जाएंगे, जिसमें प्रदेश के युवा खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा दिखाने और राष्ट्रीय स्तर तक पहुंचने का मौका मिलेगा।










