कानपुर। यूपीसीए (उत्तर प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन) की वार्षिक आम सभा (एजीएम) जो 30 अक्टूबर को कानपुर में होने जा रही है, इस बार काफी बदलाव भरी होगी। सब कुछ पहले से तय है बस एजीएम में सहमति की मुहर भर लगनी है। संघ को इस बार सचिव, उपाध्यक्ष, संयुक्त उपाध्यक्ष, कोषाष्धक्ष और यूपी टी-20 लीग गवर्निंग काउंसिल का नया चेयरमैन भी मिलेगा। सभी पदों पर सबकी सहमति पहले ही मिल चुकी है, क्योंकि इन पदों के लिए जितने नामांकन थे, उतने ही आवेदन आए हैं। निवर्तमान अध्यक्ष निधिपति सिंघानिया अपने पद पर बने रहेंगे, जबकि बाकी प्रमुख पदों पर नए चेहरे दिखाई देंगे।
बीसीसीआई उपाध्यक्ष और यूपीसीए के पूर्व सचिव राजीव शुक्ला के बेहद खास माने जाने वाले प्रेम मनोहर गुप्ता को संघ का नया सचिव बनाया जा रहा है। फिलहाल अब तक तो प्रेम मनोहर की छवि साफ सुथरी और विवादहीन है। शायद इसी वजह से उनको संघ के सबसे महत्वपूर्ण पद के लायक समझा गया हो। प्रेम मनोहर गुप्ता वर्तमान कोषाध्यक्ष हैं, लेकिन वह अब सचिव की जिम्मेदारी संभालेंगे, इसलिए उनकी जगह सचिन आनंद शुक्ला को मिलेगी। राकेश मिश्रा उपाध्यक्ष पद के लिए चयनित हुए हैं।
इस बार खराब मौसम के बावजूद आस्ट्रेलिया ए के खिलाफ तीन एक दिवसीय मुकाबलों को बतौर टूर्नामेंट डायरेक्टर शानदार ढंग से आयोजित करवाने वाले संजय कपूर को बतौर इनाम यूपी टी-20 लीग गवर्निंग काउंसिल का चेयरमैन बनाया जा रहा है। बताया जा रहा है कि इस एजीएम में दो सदस्यों को शामिल होने से रोका गया है। दरअसल इन दोनों सदस्यों के खिलाफ कुछ शिकायत लंबित होने के चलते इस बार की एजीएम में शामिल होने से रोका गया है। अंतिम वोटर्स लिस्ट के मुताबिक कुल 91 नाम शामिल किए गए हैं।
अन्य मुद्दों जैसे चयन प्रक्रिया, लीग आयोजन और प्रशासनिक नीतियों पर भी चर्चा हो सकती है। बायोमेट्रिक रजिस्ट्रेशन, खिलाड़ियों के प्रशिक्षण कार्यक्रम, नई शाखाओं या क्लबों की सदस्यता, वित्तीय रिपोर्ट की प्रस्तुति और पिछले वर्ष की गतिविधियों का लेखा-जोखा जैसे सामान्य मुद्दे हमेशा की तरह इस बार भी एजीएम में रखे जाएंगे। बीसीसीआई की एजीएम के लिए यूपीसीए प्रतिनिधि की नियुक्ति भी एजेंडा में हो सकती है। यूपीसीए एजीएम में इस बार नेतृत्व और प्रशासनिक बदलावों के साथ-साथ क्रिकेट संचालन, लीग और क्लब प्रशासन से जुड़े कई अहम मुद्दों पर भी चर्चा के बाद निर्णय लिए जा सकते हैं।
यूपीसीए एजीएम 2025 में प्रमुख पदों के लिए निम्नलिखित उम्मीदवारों के नाम तय हुए हैं:
निधिपति सिंघानिया अध्यक्ष पद पर बने रहेंगे
सचिव : प्रेम मनोहर गुप्ता
उपाध्यक्ष : राकेश मिश्रा
कोषाध्यक्ष : सचिन आनंद शुक्ला
यूपी टी-20 लीग चेयरमैन : संजय कपूर










