कौशिक व जुयाल की साझेदारी टूटते ही यूपी की बल्लेबाजी बिखरी, रिंकू सिंह और विप्रज निगम ने संभाला

0
74

– माधव कौशिक और आर्यन जुयाल के बाद रिंकू सिंह की शानदार बल्लेबाजी, कप्तान करन शर्मा, प्रियम गर्ग और आराध्य यादव फेल

– आन्ध्र प्रदेश के 470 रनों के जवाब में यूपी की पहली पारी में 6 विकेट 294 रन, बढ़त से अभी भी 177 रन दूर

कानपुर। आन्ध्र प्रदेश के गेंदबाजों ने यूपी को उसी के विकेट पर आइना दिखाते हुए रणजी एलीट ग्रुप ए के मुकाबले में अपने लिए पहले मैच से जरूरी अंक जुटाने की संभावना जगा ली है। ग्रीनपार्क स्टेडियम में यूपी का मध्य क्रम लगभग फेल हो गया। आन्ध्र प्रदेश की पहली पारी के 470 रनों के जवाब में मेजबान टीम ने तीसरे दिन 6 विकेट पर 294 बना लिए थे। फिलहाल रिंकू सिंह संकट मोचक बनकर यूपी की पारी के खेवैय्या बने हुए हैं। ऑलराउंडर विप्रज निगम भी अभी तक 80 गेंदों का सामना करके दूसरा छोर मजबूती से संभाले हैं।

स्टंप्स के समय रिंकू सिंह (82) और विप्रज निगम (28) सातवें विकेट के लिए 74 रनों की अटूट साझेदारी कर चुके थे। इस जोड़ी पर यूपी टीम का सारा दारोमदार टिका हुआ है लेकिन उसके लिए फिलहाल पहली पारी की लीड के बारे में सोचना अभी दूर की बात है, क्योंकि आन्ध्र प्रदेश के पास अभी भी 176 रनों की बढ़त है और यूपी के पास चार ही विकेट बचे हैं। रिंकू सिंह अभी तक अपनी अर्द्धशतकीय पारी के दौरान 129 गेंदों का सामना करके 2 छक्के और 8 चौके जड़ चुके हैं।

पहले सत्र में सब कुछ ठीक चल रहा था। माधव कौशिक और आर्यन जुयाल 119 रनों की साझेदारी कर यूपी को खतरे से बाहर निकाल ले गए थे। लेकिन इसके बाद कहानी में जबर्दस्त ट्विस्ट आया और मेजबान टीम के 5 बल्लेबाज सिर्फ 76 रनों के भीतर पवेलियन लौट गए। एक समय 144 रन पर सिर्फ एक विकेट गंवाने वाली मेजबान टीम का स्कोर जल्दी ही 6/220 रन हो गया। माधव कौशिक (54) और आर्यन जुयाल (66) ने किसी तरह स्थिति सुधारी थी लेकिन कप्तान करन शर्मा (2), प्रियम गर्ग (18) और आराध्य यादव (17) के विकेट जल्दी निकल जाने से यूपी टीम बैक फुट पर चली गई।

स्टार बल्लेबाज रिंकू सिंह और विप्रज निगम ने यदि पारी को न संभाला होता तो शायद यूपी को फॉलोऑन का सामना कर दोबारा बल्लेबाजी के लिए उतरना पड़ सकता था। दरअसल माधव कौशिक और आर्यन जुयाल की शतकीय साझेदारी के टूटते हुए यूपी की बल्लेबाजी बिखर गई। कौशिक ने अपनी पारी के दौरान 189 गेंदों पर 7 चौके और जुयाल ने 162 गेंदों पर 1 छक्का व 7 चौके जड़े।

करन शर्मा और प्रियम गर्ग विकेट पर खड़े रहने का जज्बा नहीं दिखा सके, जबकि आराध्य यादव 54 गेंदें खेलने के बाद अपना विकेट देकर लौट आए। रिंकू सिह और विप्रज निगम ने सातवें विकेट के लिए कुछ रन जरूर जोड़े लेकिन इस मुकाबले में आन्ध्र प्रदेश की टीम पलड़ा अब भारी हो चुका है।

आध्र प्रदेश के गेंदबाजों ने आज शानदार प्रदर्शन किया और मेजबान बल्लेबाजों को खुलकर रन बनाने की आजादी नहीं लेने दी। यूपी ने तीसरी सुबह एक विकेट पर 73 रनों से आगे खेलना शुरू किया था। आज सिर्फ उसके बल्लेबाजों ने पूरे दिन में सिर्फ 221 रन ही और जोड़े। आज गिरे 5 में से तीन विकेट स्पिनरों जिसमें दो रिकी भुई और एक सौरभ कुमार को, जबकि दो विकेट पृथ्वीराज को मिले।

करन शर्मा की असफलता ने उनका पीछा नहीं छोड़ा है। उन्होंने पिछले सीजन में बिहार के खिलाफ एक शतक जरूर जड़ा था लेकिन इस शतक के अलावा उनका दूसरा उच्चतम स्कोर आन्ध्र प्रदेश के खिलाफ नॉक आउट मुकाबले में 48 रन ही था। अन्य मैचों में वह बल्ले के साथ बुरी तरह फेल रहे थे। मध्य प्रदेश के खिलाफ 18, चंडीगढ़ के खिलाफ 01, छत्तीसगढ़ के खिलाफ 00, तमिलनाडु के खिलाफ 08, मिजोरम के खिलाफ नाबाद 6 और दिल्ली के खिलाफ 01 रन की पारियां ही उनके नाम पर दर्ज हुई थीं। यह यूपी के चयनकर्ताओं का अजीब निर्णय ही था कि इसके बावजूद उन्हें 700 से ज्यादा रन बनाने वाले आर्यन जुयाल की जगह यूपी टीम का कप्तान बना दिया गया।

आर्यन जुयाल ने पिछले सीजन 3 शतक जिसमें एक दोहरा शतक भी था, के अलावा दो नाबाद अर्द्धशतक भी लगाए थे। मिजोरम के खिलाफ वह 86 रनों पर नाबाद रहे थे। इसके बावजूद चयनकर्ताओं ने दिल्ली के करन शर्मा को कप्तानी सौंप सबको चौंका दिया। कप्तानी पाने के बावजूद करन शर्मा की फॉर्म का अभी तक कोई पता नहीं है।

 

 

 

 

 

 

 

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here