-अभिषेक गोस्वामी का शतक, प्रियम गर्ग, ध्रुव जुरेल और रिंकू सिंह ने फिर खेली अर्द्धशतकीय पारियां
-यूपी के गेंदबाजों ने भी किया शानदार प्रदर्शन, विदर्भ के लिए अमन मोखाडे का तूफानी शतक काम न आया
याद नहीं आ रहा कि विजय हजारे ट्रॉफी में किसी टीम ने लगातार 7 जीत दर्ज की हों लेकिन हेड कोच अरविन्द कपूर और कप्तान रिंकू सिंह की यूपी टीम यह कारनामा करने की दहलीज पर खड़ी है। मंगलवार को राजकोट के निरंजन शाह स्टेडियम में खेले गए एलीट ग्रुप बी के लीग मुकाबले में यूपी ने विदर्भ को 54 रन से हराकर लगातार छठी जीत दर्ज की। टॉस हारने के बाद पहले बल्लेबाजी करने वाली यूपी की टीम ने कुछ अच्छी साझेदारियों की मदद से 50 ओवर्स में 5 विकेट पर 339 रन बनाए। जवाब में विदर्भ की टीम 9 विकेट पर 285 रनों तक ही पहुंच सकी।
कुलदीप यादव रहे सबसे सफल गेंदबाज
विदर्भ के लिए अमन मोखाडे ने 117 गेंदों पर 2 छक्के और 17 चौकों की मदद से 147 रनों की तूफानी पारी खेली। इसके अलावा विकेट कीपर बल्लेबाज अक्षय वाडकर ने 51 रन बनाए। कुलदीप यादव, कुणाल त्यागी और विप्रज निगम की शानदार गेंदबाजी का भी यूपी की जीत में अहम योगदान रहा। कुलदीप यादव सबसे सफल गेंदबाज रहे, जिन्होंने 52 रन देकर 3 विकेट लिए, जबकि कुणाल त्यागी और विप्रज निगम ने 2-2 विकेट लिए। टूर्नामेंट के सबसे सफल गेंदबाज जीशान अंसारी को आज सिर्फ एक विकेट मिला।
इस मैच में भी यूपी के बल्लेबाजों का शानदार फॉर्म दिखा
यूपी की इस जीत में प्लेयर ऑफ द मैच अभिषेक गोस्वामी (103) के शतक के अलावा, ध्रुव जुरेल (56), प्रियम गर्ग (67) और कप्तान रिंकू सिंह (57 रिटायर हर्ट) के बल्ले से निकली अर्द्धशतकीय पारियों के अलावा आर्यन जुयाल (24), समीर रिजवी (नाबाद 17) के योगदान से यूपी इस मैच में 300 का आंकड़ा पार करने में सफल रहा। कप्तान रिंकू सिंह का शानदार फॉर्म इस मैच में भी जारी रहा। मौजूदा टूर्नामेंट में अब तक उन्होंने 6 मैचों में 371 रन बनाए हैं।
यूपी का अंतिम लीग मुकाबला बंगाल से
यूपी को अपना अंतिम लीग मैच बंगाल की टीम से खेलना है यदि उसमें भी कप्तान रिंकू सिंह की टीम को जीत मिलती है तो यह इस टूर्नामेंट का रिकॉर्ड हो सकता है। कर्नाटक ने 2024-25 में ग्रुप स्टेज में 6 जीत हासिल की थी, लेकिन एक में उसे हार का सामना भी करना पड़ा था। यूपी इस जीत के साथ 6 मैचों से 24 अंक लेकर प्वाइंट टेबल में टॉप पर बनी हुई है। क्वार्टर फाइनल में रिंकू सिंह की टीम पहले ही जगह बना चुकी है।










