-यूपी के 7 विकेट पर 369 के जवाब में बड़ौदा की पारी अंतिम गेंद में 315 रनों पर सिमटी
-रिंकू सिंह और अभिषेक गोस्वामी के अलावा जीशान अंसारी की शानदार गेंदबाजी का भी बड़ौदा पर 54 रनों की जीत में रहा सहयोग
– प्रियम गर्ग और समीर रिजवी टीम पर बने बोझ, 10 मैचों से दोनों के बल्ले से नहीं निकल रहे रन
राजकोट में टीम इंडिया के विकेट कीपर बल्लेबाज ध्रुव जुरेल के नाबाद तूफानी शतक (101 गेंदों पर 160 रन), रिंकू सिंह (67) व अभिषेक गोस्वामी (51) की शानदार बल्लेबाजी के अलावा जीशान अंसारी की बेहतरीन गेंदबाजी से यूपी ने विजय हजारे ट्रॉफी के एक मुकाबले में बड़ौदा को 54 रनों से हराकर टूर्नामेंट में अपनी जीत की हैट्रिक पूरी की। ग्रुप बी में यूपी को मिली लगातार तीसरी जीत में शानदार फॉर्म में चल रहे उसके दोनों अंतर्राष्ट्रीय बल्लेबाजों का एक बार फिर प्रमुख योगदान रहा।
ध्रुव जुरेल का लिस्ट ए क्रिकेट में पहला शतक
टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी यूपी की टीम ने निर्धारित 50 ओवर में 7 विकेट पर 369 रनों का स्कोर खड़ा किया था, जिसके जवाब में बड़ौदा की टीम की टीम पारी की अंतिम गेंद पर 315 रनों पर सिमट गई। लिस्ट ए क्रिकेट में ध्रुव जुरेल का यह पहला शतक है। वे तीसरे नंबर पर बल्लेबाजी के लिए आए और 160 रन बनाकर नाबाद लौटे। उन्होंने अपनी पारी के दौरान 8 छक्के और 15 चौके लगाए। जुरेल ने पहले दो मैचों में भी अर्द्धशतक लगाया था। उनको प्लेयर ऑफ द मैच घोषित किया गया। अगले महीने न्यूजीलैंड के खिलाफ होने वाले वन डे सीरीज से पहले उनका यह प्रदर्शन चयनकर्ताओं का ध्यान जरूर खींचेगा।
प्रियम गर्ग और समीर रिजवी का फ्लॉप शो जारी
सलामी बल्लेबाज अभिषेक गोस्वामी ने 100 के स्ट्राइक रेट के साथ 51 रन और रिंकू सिंह ने 67 गेंदों पर 63 रन बनाए। प्रशांतवीर ने 23 गेंदों पर तेज 35 रन बनाए। आर्यन जुयाल 26 रन बनाकर आउट हुए। यूपी की बल्लेबाजी पर नजर डाली जाए तो अभी तक आर्यन जुयाल और अभिषेक गोस्वामी को छोड़कर बल्लेबाजी का भार उसके अंतर्राष्ट्रीय बल्लेबाज रिंकू सिंह और ध्रुव जुरेल ने ही अपने कंधों पर उठा रखा है। यूपी को जीत भी इन्हीं के प्रदर्शन से मिल रही है। प्रियम गर्ग और समीर रिजवी के बल्ले से एक बार फिर रन नहीं निकले। व्हाइट बॉल क्रिकेट में पिछली 10 पारियों में उनके बल्ले से सिर्फ 160 रन ही निकले हैं। कुछ ऐसा ही प्रदर्शन समीर रिजवी का भी है। उन्होंने भी पिछली 10 पारियों में केवल 236 रन बनाए हैं। बड़ौदा के खिलाफ भी प्रियम गर्ग 3 और समीर रिजवी 11 रन बनाकर आउट हो गए।
कुनाल पांड्या ने खेली 77 गेंदों 82 रनों की पारी
बड़ौदा की ओर से कुनाल पांड्या (82) और सलामी बल्लेबाज शाश्वत रावत (60) ने अर्द्धशतकीय पारियां जरूर खेलीं, लेकिन जीत हासिल करने के लिए उनका यह प्रदर्शन नाकाफी साबित हुआ। कुनाल ने 77 गेंदों की अपनी पारी के दौरान 2 छक्के और 10 चौके लगाए। इन दोनों बल्लेबाजों के अलावा विष्णू सोलंकी (43), अतित सेठ (46) और शिवालिक शर्मा (30) ने भी अपनी टीम को जीत के संघर्ष में रखने का प्रयास किया।
जीशान अंसारी की लगातार तीसरे मैच में शानदार प्रदर्शन
यूपी के लिए एक बार फिर लेग स्पिनर जीशान अंसारी सबसे कामयाब गेंदबाज रहे, जिन्होंने तीन विकेट लिए। विप्रज निगल और समीर रिजवी ने 2-2, जबकि प्रशांतवीर, रिंकू सिंह और लिस्ट ए में डेब्यू करने वाले कुनाल त्यागी ने 1-1 सफलता हासिल की। जीशान इस सीजन विजय हजारे ट्रॉफी में अब तक खेले तीनों मैचों में शानदार प्रदर्शन करते हुए 11 विकेट ले चुके हैं। हैदराबाद और चंडीगढ़ के खिलाफ उन्होंने 4-4 विकेट लिए थे।
ग्रुप बी में यूपी 32 अंक लेकर प्वाइंट टेबल में टॉप पर
यूपी टीम अपने तीनों मैच जीतकर ग्रुप बी में 12 अंक लेकर शीर्ष पर चल रही है। उसने इस मैच से पहले हैदराबाद और चंडीगढ़ पर भी शानदार जीत दर्ज की थी। जम्मू-कश्मीर की टीम 2 जीत और 1 हार के साथ 8 अंक लेकर दूसरे स्थान पर है। विदर्भ के भी 2 जीत और 1 हार के बाद इतने ही अंक हैं लेकिन नेट रन रेट में वह जम्मू-कश्मीर से पीछे होने की वजह से तीसरे स्थान पर है, जबकि बड़ौदा (8 अंक) चौथे स्थान पर है।










