कोट्टायम (केरल)। कोथमंगलम (एर्नाकुलम) में आयोजित CISCE नेशनल तीरंदाजी चैम्पियनशिप में उत्तर प्रदेश की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 16 पदक जीते। इस चैंपियनशिप का रविवार को समापन हुआ। बता दें कि प्रतियोगिता में देशभर की 14 राज्यों एवं क्षेत्रों की टीमों ने भाग लिया।
प्रतियोगिता के समापन पर विजेता तीरंदाजों को पदक प्रदान कर सम्मानित किया गया। प्रतियोगिता निदेशक सैयद नदेम ने उन्हें मेडल प्रदान किए। उत्तर प्रदेश टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए कुल 16 पदक अपने नाम किए, जिनमें 7 स्वर्ण पदक, 4 रजत पदक, 5 कांस्य पदक शामिल हैं।
उत्तर प्रदेश के पदक विजेताओं में कानपुर के खिलाड़ियों ने सर्वाधिक 12 पदक, गाजीपुर ने 3 पदक तथा लखनऊ ने 1 पदक जीतकर प्रदेश का नाम रोशन किया।
उत्तर प्रदेश टीम के कोच एवं मैनेजर वैभव गौड़ ने बताया कि यह उपलब्धि खिलाड़ियों की मेहनत और समर्पण का परिणाम है। उन्होंने खिलाड़ियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए आगे भी ऐसे ही उत्कृष्ट प्रदर्शन करने की प्रेरणा दी।










